Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

28 नवंबर को दीपथुन पर जलाएं दीप, सुप्रीम कोर्ट का सख्त आदेश; नप गए अधिकारी

सुप्रीम कोर्ट ने मदुरै के तिरुपरमकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथुन पर 28 नवंबर को दीप जलाने का आदेश दिया है. कोर्ट ने मुख्य सचिव और डीजीपी समेत कई अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है.

supreme-court-orders-lighting-lamp-deepathoon-madurai-contempt-notice-officials

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरमकुंड्रम (Thiruparankundram) पहाड़ी पर मौजूद ‘दीपथुन’ पर दीप जलाने से जुड़े विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने बेहद सख्त रुख अपनाया है. जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने आदेश दिया है कि 28 नवंबर को दीपथुन पर दीप प्रज्वलित किया जाए और सभी भक्तों को दीपक जलाने की अनुमति दी जाए. अदालत ने स्पष्ट किया कि इसके लिए ‘उचि पिल्लैयार मंडपम’ में जलाई गई लौ का उपयोग किया जा सकता है.

दीप जलाने की शर्तें और सुरक्षा व्यवस्था

तमिल महीने ‘कार्तिगई’ के दौरान जलाए जाने वाले इस दीपक को पहाड़ी की चोटी पर स्थित सिकंदर दरगाह से चारों ओर कम से कम 50 मीटर की दूरी पर जलाया जाना चाहिए. संवेदनशीलता को देखते हुए शीर्ष अदालत ने मंदिर और दरगाह परिसर की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दिया है.

अदालत के पिछले आदेश की जानबूझकर अवहेलना किए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के ‘बोर्ड ऑफ ट्रस्टी’ को निलंबित कर दिया है. कोर्ट ने मेघालय हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व जज वी. पार्थिबन को मंदिर का रिसीवर नियुक्त किया है.

प्रशासनिक अराजकता पर तल्ख टिप्पणी

सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे प्रकरण पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि तमिलनाडु राज्य में, कम से कम मदुरै जिले में, प्रथम दृष्टया प्रशासनिक अराजकता की स्थिति नजर आती है. पीठ ने इस बात पर गंभीर चिंता व्यक्त की कि ऐसा प्रतीत होता है कि कार्यकारी अधिकारियों ने राजनीतिक नेतृत्व के इशारे पर काम किया है.

अदालत ने कहा कि इस मामले की तह तक जाना आवश्यक है, इसलिए राज्य के मुख्य सचिव घटनाओं के पूरे क्रम को स्पष्ट करते हुए एक विस्तृत हलफनामा दाखिल करें, जिसमें संबंधित आधिकारिक बातचीत और ईमेल का विवरण भी शामिल हो.

इन अधिकारियों को अवमानना नोटिस

कोर्ट ने आदेश की अवहेलना को लेकर मुख्य सचिव एम. साई कुमार, डीजीपी महेश अग्रवाल, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, जिले के एसपी डी. राजाराम, पुलिस अधीक्षक देवनाथन, HR&CE विभाग के आयुक्त टी.जी. विनय, संयुक्त आयुक्त आर. पोन स्वामीनाथन, अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर की कार्यकारी अधिकारी जी. सेल्वी और मंदिर ट्रस्टियों समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को अवमानना (Contempt) नोटिस जारी किया है. सभी को जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है और 15 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया गया है.

ये भी पढ़ें: सत्येंद्र जैन की बढ़ी मुश्किलें, जमानत रद्द करने की याचिका पर हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

क्या है अवमानना का पूरा मामला?

इससे पहले 20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने केवल इस वर्ष के लिए एक अस्थायी व्यवस्था के तहत 24 नवंबर को दीपथुन पर दीप जलाने की अनुमति दी थी. हालांकि, अदालत के स्पष्ट निर्देश के बावजूद 24 नवंबर को दीपथुन पर दीप नहीं जलाया गया और परंपरागत रूप से उचि पिल्लैयार मंदिर के पास ही दीप प्रज्वलित किया गया. आदेश का पालन न होने पर मूल याचिकाकर्ता रामा रविकुमार और ‘हिंदू धर्म परिषद’ की ओर से मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती (HR&CE) विभाग के अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिकाएं दाखिल की गई थीं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism