इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने मुंबई टी 20 में आतिशी शतकीय पारी खेलने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की स्ट्राइकिंग क्षमता की तारीफ की है और कहा कि उन्होंने इतनी साफ-सुथरी स्ट्राइकिंग बहुत कम ही देखी है.
अभिषेक ने 54 गेंदों में 135 रनों की पारी खेली, जो टी20 में अब भारत की तरफ़ से सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर है. उनकी इस पारी में सात ख़ूबसूरत चौके और 13 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. इंग्लैंड की टीम इसके जवाब में 10.3 ओवरों में सिर्फ़ 97 रन पर सिमट गई और सीरीज़ में उन्हें 4-1 की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा.
इंग्लैंड की 150 रनों की यह हार इस फॉर्मेट में उनकी सबसे बड़ी हार है. बटलर ने कहा, “निश्चित रूप से हम निराश हैं और इसका श्रेय अभिषेक शर्मा को जाता है. मैंने इतनी इतनी साफ़-सुथरी स्ट्राइकिंग बहुत कम ही देखी है. उन्होंने एक बेहतरीन पारी खेली. हम हमेशा मैच और सीरीज के बाद बैठते हैं और विचार करते हैं कि क्या और अच्छा किया जा सकता था. हालांकि कुछ दिन आपको विपक्षी टीम को भी क्रेडिट देना होता है. मुझे लगता है कि उन्होंने बेहतरीन क्रिकेट खेली.”
अभिषेक की पारी के बारे में उन्होंने कहा, “मैं ऐसे कुछ मैचों का हिस्सा रहा हूं. ऐसे मौकों पर या तो आप बहुत जल्दी आउट हो जाते हैं या फिर रनों के ढेर खड़ा करते हैं. आज वैसा ही दिन था. जब कोई खिलाड़ी ऐसा खेलता है तो सामने वाली टीम की मुश्किलें बढ़ जाती हैं. लेकिन क्रेडिट हमें भी जाता है कि हम वापसी की कोशिश करते रहे और उन्हें 240 (247) के स्कोर पर रोक दिया.”
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने मोहम्मद शमी के पहले ओवर में 17 रन बनाकर धमाकेदार शुरूआत की थी. उन्होंने 21 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया था. लेकिन उनकी पारी अकेली साबित हुई, क्योंकि दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहें और पूरी टीम 100 रन के भीतर ही ऑलआउट हो गई.
बटलर ने कहा, “फिल सॉल्ट ने जिस तरह से प्रहार किया, निश्चित रूप से यह एक अच्छा विकेट था. उन्हें बस एक साथी की ज़रूरत थी, जिससे ऐसे लक्ष्यों के क़रीब पहुंचा जा सकता है. ऐसे मैचों में या तो आप उस स्कोर के बहुत करीब आ सकते हो या फिर मैच एकतरफा हो जाता है. निश्चित रूप से हम अपने खेलने का तरीका नहीं बदलने जा रहे हैं.”
इस सीरीज में लेग स्पिनर वरूण चक्रवर्ती ने 9.85 की औसत से 14 विकेट लिए और इंग्लिश बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ा खतरा बनकर सामने आए. लेकिन बटलर को लगता है कि उनके बल्लेबाजों के लिए यह अनुभव भविष्य में काम आएगा.
उन्होंने कहा, “अगर आप भारत के ख़िलाफ़ खेलते हो तो आपको पता है कि आप कुछ जबरदस्त स्पिन गेंदबाजी का सामना करने जा रहे हो. लेकिन मैं चिंतित नहीं हूं. हमारे पास स्पिन के कुछ अच्छे खिलाड़ी हैं, जबकि कुछ के लिए इन परिस्थितियों में यह पहला अनुभव था. आप हर दिन कुछ नया सीखते और सुधार करते हो. इन अनुभवों से इस सीखने-सुधारने की प्रक्रिया में मदद मिलती है. उम्मीद है कि समय के साथ ये खिलाड़ी स्पिन को और बेहतर ढंग से खेलेंगे.”
-भारत एक्सप्रेस
Pitru Paksha Panchang: 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को आश्विन मास की अमावस्या तिथि पर सर्वपितृ…
Nana Patekar Tirangaa and Krantiveer iconic roles: नाना पाटेकर की 'तिरंगा' और 'क्रांतिवीर' ने 90…
Anupriya Nagar Sunil Lodhi Namo Book Fest Kashi: काशी के नमो बुक फेस्ट में पहली…
Lieutenant Governor Swaraj Dweep visit: उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा के स्वराजद्वीप दौरे पर मिलीं कई…
Allahabad High Court Ayushman Bharat hospital cancellation: ब्लड कैंसर पीड़ित 2 माह के बच्चे के…
Vinoy Kumar Choubey Presidents Police Medal: पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस कमिश्नर IPS विनय कुमार चौबे को विशिष्ट…