Tausif Rasool- IHF Trophy 2026
बांग्लादेश में आयोजित अंडर-20 जूनियर अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल महासंघ (IHF) ट्रॉफी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान बांग्लादेश को 48-27 के बड़े अंतर से हराकर खिताब जीता. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई.
भारतीय टीम में बिहार के दो युवा खिलाड़ियों को जगह मिली थी. इनमें नवादा के तौसीफ रसूल और बेगूसराय के शिवा शामिल थे. दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया. खास तौर पर तौसीफ रसूल (Tausif Rasool) ने अपने खेल से सभी का ध्यान आकर्षित किया. बिहार का गौरव पहले ही वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़ाया है, और अब तौसीफ ने भी हैंडबॉल में ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है.
टूर्नामेंट के समापन पर तौसीफ रसूल को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘बेस्ट प्लेयर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया. यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि नवादा जिले और बिहार के लिए भी गर्व का विषय है. उनकी सफलता से राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी.
बिहार के नवादा के बड़ी दरगाह पार इलाके के रहने वाले तौसीफ ने बचपन से ही हैंडबॉल में रुचि दिखाई. उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत हरिश्चंद्र स्टेडियम, नवादा से की, जहां उन्हें शुरुआती प्रशिक्षण मिला. इसके बाद उन्होंने बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना की खेल अकादमी और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), गांधीनगर में प्रशिक्षण प्राप्त किया. लगातार मेहनत और विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों में भागीदारी ने उनके खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.
तौसीफ की इस सफलता पर खेल जगत और जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताई है. बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दीं. वहीं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्र शंकरन ने भी उनकी उपलब्धि की सराहना की. नवादा और बिहार के कई जनप्रतिनिधियों, कोचों तथा खिलाड़ियों ने तौसीफ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
तौसीफ रसूल की यह उपलब्धि दिखाती है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से छोटे शहरों के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं. उनकी जीत ने नवादा के साथ-साथ पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है.
-भारत एक्सप्रेस
IMD Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में हवा की सेहत अब भी 'गंभीर' बनी हुई है. हालांकि,…
Suryakumar Yadav Meet Amit Shah: सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि…
Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए अमेरिका ने कूटनीतिक प्रयास तेज कर…
Aaj Ka Rashifal: आज 10 नवंबर 2026 का दिन कर्क राशि के जातकों के लिए…
Aaj Ka Panchang: आज 10 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का त्योहार मनाया…
Bollywood Celebrities Diwali: बॉलीवुड सितारों की दिवाली में परिवार, परंपरा, पूजा और ग्लैमर का खूबसूरत…