Bharat Express DD Free Dish

वैभव के बाद अब इस लाल ने बढ़ाया बिहार का मान, अंडर-20 जूनियर IHF ट्रॉफी में भारत बना चैंपियन

बांग्लादेश में आयोजित अंडर-20 जूनियर अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल महासंघ (IHF) ट्रॉफी में भारत ने मेजबान बांग्लादेश को 48-27 से हराकर स्वर्ण पदक जीता. बिहार के लाल ने इस जीत को और आसान बना दिया.

Tausif Rasool- IHF Trophy 2026

बांग्लादेश में आयोजित अंडर-20 जूनियर अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल महासंघ (IHF) ट्रॉफी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान बांग्लादेश को 48-27 के बड़े अंतर से हराकर खिताब जीता. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई.

बिहार के खिलाड़ियों ने बढ़ाया राज्य का गौरव

भारतीय टीम में बिहार के दो युवा खिलाड़ियों को जगह मिली थी. इनमें नवादा के तौसीफ रसूल और बेगूसराय के शिवा शामिल थे. दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया. खास तौर पर तौसीफ रसूल (Tausif Rasool) ने अपने खेल से सभी का ध्यान आकर्षित किया. बिहार का गौरव पहले ही वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़ाया है, और अब तौसीफ ने भी हैंडबॉल में ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है.

तौसीफ रसूल को मिला बेस्ट प्लेयर का सम्मान

टूर्नामेंट के समापन पर तौसीफ रसूल को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘बेस्ट प्लेयर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया. यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि नवादा जिले और बिहार के लिए भी गर्व का विषय है. उनकी सफलता से राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी.

बिहार से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

बिहार के नवादा के बड़ी दरगाह पार इलाके के रहने वाले तौसीफ ने बचपन से ही हैंडबॉल में रुचि दिखाई. उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत हरिश्चंद्र स्टेडियम, नवादा से की, जहां उन्हें शुरुआती प्रशिक्षण मिला. इसके बाद उन्होंने बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना की खेल अकादमी और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), गांधीनगर में प्रशिक्षण प्राप्त किया. लगातार मेहनत और विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों में भागीदारी ने उनके खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.

उपलब्धि पर बधाइयों का तांता

तौसीफ की इस सफलता पर खेल जगत और जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताई है. बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दीं. वहीं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्र शंकरन ने भी उनकी उपलब्धि की सराहना की. नवादा और बिहार के कई जनप्रतिनिधियों, कोचों तथा खिलाड़ियों ने तौसीफ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.


ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी पर लग सकता है बैन, विराट कोहली जैसी मिलेगी सजा? श्रीलंकाई खिलाड़ियों से धक्का-मुक्की करने पर ICC का चलेगा हंटर


तौसीफ रसूल की यह उपलब्धि दिखाती है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से छोटे शहरों के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं. उनकी जीत ने नवादा के साथ-साथ पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read