वेस्टइंडीज टीम
ODI World Cup 2023: वेस्टइंडीज वनडे विश्व कप के इतिहास में पहली बार टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होगा, वह क्वालीफाइंग मुकाबले के सुपर सिक्स चरण में शनिवार को स्कॉटलैंड से सात विकेट की हार के साथ ही बाहर हो गई. टूर्नामेंट के 48 वर्षों के इतिहास में यह पहली बार है कि 1975 और 1979 की चैम्पियन वेस्टइंडीज सीमित ओवरों के क्रिकेट में शीर्ष 10 टीमों में शामिल नहीं होगी. दो बार की चैम्पियन वेस्टइंडीज इस नतीजे से अपने निचले स्तर पर पहुंच गयी है.
स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप रही और पूरी टीम 43.5 ओवर में 181 रन पर आउट हो गई. वहीं स्कॉटलैंड ने 6.3 ओवर बाकी रहते तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया. यह वेस्टइंडीज के खिलाफ चार मैचों में स्कॉटलैंड की पहली जीत है. वहीं ऐसा पहली बार होगा जब 1975 से शुरु हुए वनडे विश्व कप में वेस्टइंडीज टीम नहीं खेलेगी.
लक्ष्य का पीछा करते हुए मैट क्रास (107 गेंद में नाबाद 74) और ब्रेंडन मैकमुलेन (106 गेंद में 69 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रखी. अब दो और मैच ही बचे हैं और अगर वेस्टइंडीज जीत भी जाती है तब भी वह चार अंक तक ही पहुंच पायेगी जबकि श्रीलंका और जिम्बाब्वे के तीन मैचों में छह छह अंक हैं. स्कॉटलैंड के इस जीत से चार अंक हैं और वह उम्मीद करेगी कि कोई उलटफेर उन्हें टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करा दे.
बता दें कि क्लाइव लॉयड की वेस्टइंडीज टीम ने विश्व कप के पहले दो चरण में ट्राफी जीती थी और 1983 का फाइनल खेला था जिसमें भारत ने उसे शिकस्त दी थी. पिछले दो दशक से वेस्टइंडीज के क्रिकेट में गिरावट आ रही थी. उन्होंने 2012 और 2016 में दो टी20 विश्व कप जीते थे लेकिन टेस्ट और वनडे में उनका प्रदर्शन गिरता ही जा रहा था.
इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद कप्तान शाई होप ने अपने खिलाड़ियों के रवैये और उनकी तैयारी पर सवाल उठाए. होप ने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो मैं सिर्फ एक चीज पर ही ऊंगली नहीं उठा सकता. हमने निश्चित रूप से टूर्नामेंट में खुद को निराश किया.’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह वास्तव में रवैये की बात है. हमने हर बार अपना शत प्रतिशत नहीं दिया, हमने ऐसा सिर्फ टुकड़ों में किया. मुझे लगता है कि क्षेत्ररक्षण रवैये की बात है, कैच छूट जाते हैं, खराब क्षेत्ररक्षण होता है लेकिन यह खेल का हिस्सा होता है.’’ होप ने कहा, ‘‘यह नींव से शुरु होता है, हमारी अपनी सरजमीं पर तैयारियां बेहतर होनी चाहिए थीं. हम बिना तैयारी के यहां आकर अच्छी टीम की उम्मीद नहीं कर सकते. आप उम्मीद नहीं कर सकते कि सुबह उठकर यह टीम अचानक अच्छी हो जायेगी.’’
ये भी पढ़ें: AUS vs ENG: एशेज के बीच ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका, चोट के कारण लॉर्ड्स टेस्ट से बाहर हुए नाथन लियोन
विडंबना यह है कि वेस्टइंडीज को 2019 विश्व कप से पहले भी क्वालीफायर खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा था, लेकिन अंत में वह खुद को शर्मिंदगी से बचाने में सफल रहा और उसने अफगानिस्तान के साथ शीर्ष दो में रहकर क्वालीफाई किया था. वेस्टइंडीज को इससे पहले ग्रुप चरण में सुपर ओवर तक चले मुकाबले में नीदरलैंड ने हराया था. टीम को इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ भी शिकस्त मिली थी. जिम्बाब्वे और नीदरलैंड के सुपर सिक्स में क्वालीफाई करने के कारण वेस्टइंडीज की टीम इस चरण में बिना किसी अंक और खराब नेट रन रेट के साथ पहुंची थी.
जिस क्रिकेट टीम में निकोलस पूरन, काइल मायर्स, अल्जारी जोसफ, रोमारियो शेपर्ड, अकील हुसैन जैसे खिलाड़ी हों जो इंडियन प्रीमियर लीग के इस चरण में खेले थे तो यह निश्चित रूप से निचला स्तर है. विंडीज की टीम के विश्व कप के लिए क्वालिफाई न करने से फैंस निराश हैं. दूसरी तरफ दिग्गज क्रिकेट पंडित भी इस बात से हैरान हैं कि वेस्टइंडीज की टीम का साल दर साल प्रदर्शन खराब ही होता जा रहा है. बता दें कि वनडे विश्व कप पांच अक्टूबर से भारत में 10 स्थलों में खेला जायेगा.
-भारत एक्सप्रेस
Jio IPO Listing: जियो प्लेटफॉर्म्स का बहुचर्चित IPO 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट…
E20 पेट्रोल के विरोध पर नितिन गडकरी ने इसे 'पेड कैंपेन' बताया, वहीं पेट्रोलियम मंत्री…
Bihar MLC Election Results: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना जारी है. मतगणना…
भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की जमानत याचिका पर…
WhatsApp SIM Binding Rule को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं. क्या अकाउंट चलाने…
सुप्रीम कोर्ट ने यौन उत्पीड़न मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम बापू को…