उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी अपनी सियासी सक्रियता तेज कर दी है. पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर और मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने लंबे अंतराल के बाद यूपी की राजनीति में वापसी करते हुए चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी. हाथरस के सादाबाद में आयोजित विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में आकाश आनंद ने अपने पुराने आक्रामक अंदाज में बीजेपी और योगी सरकार पर हमला बोला है.
अपने भाषण में उन्होंने सरकार के कामकाज से लेकर बेरोजगारी, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और महंगाई तक कई मुद्दे उठाए. आकाश ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में सरकार ने जनता के टैक्स के पैसे का बड़ा हिस्सा अपनी उपलब्धियों के प्रचार पर खर्च किया, जबकि जमीनी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं.
आकाश आनंद ने कहा कि वह केवल बीजेपी की कमियां गिनाने के लिए मंच पर नहीं आए हैं, बल्कि आम लोगों की परेशानियों को सामने रखना चाहते हैं. उनका आरोप था कि बीजेपी सरकार ने अपने प्रचार पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन युवाओं को रोजगार देने और सरकारी भर्तियां पूरी करने के मामले में सरकार पीछे रही.
उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने विज्ञापनों पर खर्च होने वाले पैसे का इस्तेमाल प्रतियोगी परीक्षाओं को बेहतर बनाने और पेपर लीक रोकने में किया होता, तो कई युवाओं को नौकरी मिल सकती थी. आकाश ने दावा किया कि बड़ी संख्या में सरकारी पद खाली हैं और सरकार उन्हें भरने में नाकाम रही है.
उन्होंने झांसी के एक अस्पताल में बच्चों की मौत का मुद्दा भी उठाया और सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा किया.
आकाश आनंद ने अपने भाषण के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. दोनों नेताओं को ‘अंकल’ कहकर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह यह संबोधन सम्मान के साथ कर रहे हैं.
अखिलेश यादव के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी उम्र करीब 50 साल है और वह खुद 30 साल के हैं, ऐसे में उन्हें ‘अंकल’ कहना स्वाभाविक है.
आकाश का साफ संदेश था कि सिर्फ बीजेपी को हटाना ही काफी नहीं होगा. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को सत्ता में लाया गया तो हालात में बहुत बड़ा बदलाव जरूरी नहीं है, क्योंकि जिन मुद्दों पर बीजेपी सरकार घिरी हुई है, वैसे ही आरोप कांग्रेस शासित राज्यों में भी सामने आते रहे हैं.
बसपा नेता ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार को घेरा. उन्होंने अपराध, महिलाओं के खिलाफ होने वाले अत्याचार और अपहरण जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार के अपने आंकड़ों को भी गंभीरता से देखने की जरूरत है.
शिक्षा के मुद्दे पर आकाश आनंद ने सरकारी स्कूलों की स्थिति पर सवाल उठाया. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल बंद हुए हैं और इसका सबसे ज्यादा असर उन परिवारों पर पड़ता है जो अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए सरकारी व्यवस्था पर निर्भर हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीन पर युवाओं की नौकरी, बच्चों की शिक्षा और महिलाओं की सुरक्षा जैसे सवाल अब भी खड़े हैं.
आकाश आनंद ने पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी बीजेपी पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि एक समय जब पेट्रोल की कीमत करीब 60 रुपये थी, तब बीजेपी महंगाई को बड़ा मुद्दा बनाकर तत्कालीन सरकार पर हमला करती थी. अब जब कीमतें काफी ऊपर पहुंच चुकी हैं, तो बीजेपी इस मुद्दे पर जवाब देने से बचती नजर आती है.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विज्ञापनों के जरिए अपनी उपलब्धियां गिनाने में आगे है, लेकिन आम आदमी की जेब पर बढ़ते बोझ की चर्चा कम होती है.
अपने संबोधन के आखिर में आकाश आनंद ने बसपा कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव करीब हैं और राजनीतिक दल एक बार फिर जनता के सामने नए वादे लेकर पहुंचेंगे. ऐसे में मतदाताओं को केवल नए वादों पर भरोसा करने के बजाय पिछले वर्षों के काम का हिसाब मांगना चाहिए.
उन्होंने बसपा कार्यकर्ताओं से मायावती के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने और चुनाव में पूरी ताकत से जुटने की अपील की. आकाश ने कहा कि जनता को यह तय करना होगा कि पिछले वर्षों में सरकार ने उनके लिए क्या किया और आने वाले समय में वे किस विकल्प को चुनना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें- ‘क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा…’ एथेनॉल का विरोध करने वालों पर भड़क उठे बीजेपी MP; देखें VIDEO
-भारत एक्सप्रेस
प्रो. (डॉ.) शाहिद अख़्तर ने कहा— “शिक्षा से सशक्तिकरण, संवाद से एकता और समरसता से…
उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने संगठनात्मक मजबूती के लिए एससी मोर्चा के 95 जिला अध्यक्षों…
अंडमान-निकोबार की राजधानी श्री विजयपुरम के ITF मैदान में प्रथम डांडिया महोत्सव आयोजित हुआ. उपराज्यपाल…
अंडमान-निकोबार के श्री विजयपुरम में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने इंडियन ऑयल के नए बार्ज…
Amitabh Bachchan 84th Birthday: अमिताभ बच्चन 84 वर्ष के हुए. एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट की…
Riyadh Airport Attack: सऊदी अरब के रियाद स्थित किंग खालिद एयरपोर्ट पर भीषण हमला हुआ.…