लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रदेश के विकास से लेकर राजनीतिक हालात और परिवारों के बदलते स्वरूप तक कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सत्ता में जनता की सेवा के लिए नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक हित साधने के लिए आना चाहती हैं.
डॉ. शर्मा ने कहा कि लखनऊ के लोगों के लिए यह गौरव की बात है कि वे अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी विकास की विरासत वाले शहर में रहते हैं. उनके मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने लखनऊ में विकास की जो नींव मजबूत की थी, उसे अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आगे बढ़ा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि राजधानी में चल रहे विकास कार्यों के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. डॉ. शर्मा ने अपने सार्वजनिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी कोशिश रही है कि जनता के विकास के लिए खर्च होने वाले सरकारी धन का सही इस्तेमाल हो.
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है. बेहतर संपर्क व्यवस्था के कारण प्रदेश के अलग-अलग शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हुआ है. उन्होंने इसे केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों के विकास कार्यों का परिणाम बताया. साथ ही लोगों से अपील की कि वे अपने इलाके में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें.
ऐशबाग स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान परिसर में डॉ. शर्मा ने नवनिर्मित चहारदीवारी के साथ पंडित बेनीमाधव केदारनाथ पाद्या जी द्वार और कन्हैया दास प्राग दास द्वार का लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान केवल एक परिसर नहीं, बल्कि लखनऊ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है.
उनके मुताबिक, यहां किए गए विकास कार्यों से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. साथ ही शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को भी मजबूती मिलेगी.
आगामी चुनावों को लेकर भी डॉ. शर्मा ने विपक्ष पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ लोग अलग-अलग रूप और प्रतीकों के सहारे जनता के बीच पहुंचने लगे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यही लोग कभी राम मंदिर निर्माण का विरोध करते थे और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे.
डॉ. शर्मा ने कहा कि अब सनातन समाज की बढ़ती ताकत को देखते हुए ऐसे लोगों के रुख में बदलाव दिखाई दे रहा है. उन्होंने ब्राह्मण समाज को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों पर पहले इस समाज के अपमान और शोषण के आरोप लगते रहे, वे अब सम्मान की बात कर रहे हैं. उन्होंने लोगों से समाज को बांटने की कोशिशों से सतर्क रहने की अपील की.
कार्यक्रम के दौरान डॉ. शर्मा ने जीवन और व्यक्तिगत संतुष्टि पर भी बात की. उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन में कर्म की बड़ी भूमिका होती है. उनके अनुसार, अच्छे कर्म से ही सुख और संतोष का रास्ता बनता है.
उन्होंने कहा कि मानसिक शांति किसी दूसरे व्यक्ति या बाहरी परिस्थिति से नहीं, बल्कि व्यक्ति के अपने स्वभाव और सोच से आती है. जीवन में शिकायतें जितनी कम होंगी, संतुष्टि उतनी ही बढ़ेगी. उन्होंने यह भी कहा कि खुश रहने की जिम्मेदारी किसी दूसरे के ऊपर नहीं डाली जा सकती.
डॉ. शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पद स्थायी नहीं होते. पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन जो व्यक्ति वर्तमान में ईमानदारी से अच्छा काम करता है, उसकी कोशिश कभी बेकार नहीं जाती.
डॉ. शर्मा ने देश में घटती प्रजनन दर और परिवारों के छोटे होते आकार को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति लंबे समय तक जारी रही तो भविष्य में देश की आबादी में कमी देखने को मिल सकती है.
उन्होंने दावा किया कि देश की हिंदू आबादी में 8 प्रतिशत की कमी आई है और परिवारों के लगातार छोटे होने का असर सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन पर भी पड़ रहा है. उनके मुताबिक, पहले त्योहारों में जिस तरह का उत्साह और पारिवारिक भागीदारी देखने को मिलती थी, वह अब कई जगह कम होती जा रही है.
उन्होंने युवाओं के विदेश जाने के मुद्दे का भी जिक्र किया. कहा कि बेहतर कमाई और सुविधाओं की तलाश में बड़ी संख्या में बच्चे विदेश जा रहे हैं. उन्होंने इसे चिंता का विषय बताते हुए कहा कि जिस देश ने युवाओं को शिक्षा और काबिलियत दी, उसी देश से उनका बाहर जाना दुखद है.
कार्यक्रम के दूसरे चरण में जय भोले गेस्ट हाउस, त्रिवेणी नगर में सांसद निधि और आर्थिक विकास योजना के तहत करीब 7 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया.
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई गई. कार्यक्रम में विधायक नीरज बोरा, भाजपा अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सुधाकर त्रिपाठी समेत कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- महानगरों की आपाधापी के बीच लोक संस्कृति का संगम, CMD उपेंद्र राय ने बताया क्यों खास है ‘बदरिया’ उत्सव?
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
Delhi Metro Murder: दिल्ली मेट्रो के सुप्रीम कोर्ट स्टेशन पर सीट के विवाद में पूर्व…
यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में सऊदी गठबंधन…
Shivraj Singh Chouhan: केंद्र सरकार के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रात में कोसमी गांव…
Pakistan News: पाकिस्तान सरकार ने खैबर पख्तूनख्वा में संविधान के अनुच्छेद 232 और 234 के…
Railway Exam: RRB सेक्शन कंट्रोलर परीक्षा 12 और 13 अक्टूबर 2026 को होगी. 100 प्रश्नों…
PM Modi: पीएम की ओर से संस्कृत श्लोक, "देव्या यया ततमिदं जगदात्मशक्त्या निश्शेषदेवगणशक्तिसमूहमूर्त्या. तामम्बिकामखिलदेवमहर्षिपूज्यां भक्त्या…