पीएम मोदी ने छठी पीढ़ी तक लोगों को OCI कार्ड दिए जाने की घोषणा की.
PM Modi in Trinidad and Tobago: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (स्थानीय समयानुसार) को त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल के नागरिकों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि अब छठी पीढ़ी तक के प्रवासी भारतीयों को ओवरसीज सिटिजनशिप ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड दिए जाएंगे. इस कार्ड के माध्यम से वे भारत में बिना किसी पाबंदी के रह सकेंगे और काम कर सकेंगे.
त्रिनिदाद और टोबैगो की राजधानी पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और प्रवासी भारतीयों के बीच खून या उपनाम से ही नहीं, बल्कि गहरे भावनात्मक और सांस्कृतिक संबंधों से जुड़ाव है.
उन्होंने कहा, “आज मैं यह घोषणा करते हुए अत्यंत प्रसन्न हूं कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल के छठी पीढ़ी तक के लोगों को भी OCI कार्ड दिए जाएंगे. हम सिर्फ खून या उपनाम से नहीं जुड़े हैं, आप हमारी आत्मा से जुड़े हैं. भारत आपका स्वागत करता है, भारत आपको गले लगाता है.”
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय मूल के लोगों से भारत आकर अपने पूर्वजों की भूमि को देखने और उससे जुड़ाव गहराने का आह्वान भी किया. उन्होंने कहा,”मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि भारत को सिर्फ सोशल मीडिया पर नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष आकर देखें. अपने पूर्वजों के गांवों में जाएं, उस मिट्टी पर चलें जिस पर वे चले थे. अपने बच्चों और पड़ोसियों को भी साथ लाएं. जिसे चाय और अच्छी कहानियों से प्रेम है, उसे भी लाएं. भारत आपको खुले दिल से, गर्मजोशी से और जलेबी के साथ स्वागत करेगा.”
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी जानकारी दी कि त्रिनिदाद और टोबैगो भारत की यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को अपनाने वाला इस क्षेत्र का पहला देश बन गया है. उन्होंने कहा, “मैं त्रिनिदाद और टोबैगो को बधाई देता हूं कि वह इस क्षेत्र का पहला देश है जिसने भारत की UPI प्रणाली को अपनाया है. अब पैसे भेजना उतना ही आसान हो जाएगा जितना कि एक गुड मॉर्निंग का मैसेज भेजना. मैं वादा करता हूं कि यह वेस्टइंडीज की गेंदबाज़ी से भी तेज़ होगा.”
प्रधानमंत्री ने भारत की तीव्र आर्थिक प्रगति का ज़िक्र करते हुए कहा कि देश आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है. उन्होंने कहा, “भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है. जल्द ही हम दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होंगे. भारत की प्रगति का लाभ समाज के सबसे ज़रूरतमंद तबकों तक पहुंच रहा है. विश्व बैंक ने कहा है कि भारत ने पिछले एक दशक में 25 करोड़ से अधिक लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला है. भारत की तरक्की हमारे नवाचारी और ऊर्जावान युवाओं के बल पर हो रही है.”
-भारत एक्सप्रेस
प्रो. (डॉ.) शाहिद अख़्तर ने कहा— “शिक्षा से सशक्तिकरण, संवाद से एकता और समरसता से…
उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने संगठनात्मक मजबूती के लिए एससी मोर्चा के 95 जिला अध्यक्षों…
अंडमान-निकोबार की राजधानी श्री विजयपुरम के ITF मैदान में प्रथम डांडिया महोत्सव आयोजित हुआ. उपराज्यपाल…
अंडमान-निकोबार के श्री विजयपुरम में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने इंडियन ऑयल के नए बार्ज…
Amitabh Bachchan 84th Birthday: अमिताभ बच्चन 84 वर्ष के हुए. एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट की…
Riyadh Airport Attack: सऊदी अरब के रियाद स्थित किंग खालिद एयरपोर्ट पर भीषण हमला हुआ.…