Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

“अब छठी पीढ़ी तक के प्रवासी भारतीयों को OCI कार्ड दिए जाएंगे”, पीएम मोदी ने पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए किया बड़ा ऐलान

त्रिनिदाद और टोबैगो की राजधानी पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और प्रवासी भारतीयों के बीच खून या उपनाम से ही नहीं, बल्कि गहरे भावनात्मक और सांस्कृतिक संबंधों से जुड़ाव है.

PM Modi

पीएम मोदी ने छठी पीढ़ी तक लोगों को OCI कार्ड दिए जाने की घोषणा की.

PM Modi in Trinidad and Tobago: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (स्थानीय समयानुसार) को त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल के नागरिकों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि अब छठी पीढ़ी तक के प्रवासी भारतीयों को ओवरसीज सिटिजनशिप ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड दिए जाएंगे. इस कार्ड के माध्यम से वे भारत में बिना किसी पाबंदी के रह सकेंगे और काम कर सकेंगे.

PM Modi ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित

त्रिनिदाद और टोबैगो की राजधानी पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और प्रवासी भारतीयों के बीच खून या उपनाम से ही नहीं, बल्कि गहरे भावनात्मक और सांस्कृतिक संबंधों से जुड़ाव है.

छठी पीढ़ी तक के लोगों को मिलेगा OCI कार्ड

उन्होंने कहा, “आज मैं यह घोषणा करते हुए अत्यंत प्रसन्न हूं कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल के छठी पीढ़ी तक के लोगों को भी OCI कार्ड दिए जाएंगे. हम सिर्फ खून या उपनाम से नहीं जुड़े हैं, आप हमारी आत्मा से जुड़े हैं. भारत आपका स्वागत करता है, भारत आपको गले लगाता है.”

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय मूल के लोगों से भारत आकर अपने पूर्वजों की भूमि को देखने और उससे जुड़ाव गहराने का आह्वान भी किया. उन्होंने कहा,”मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि भारत को सिर्फ सोशल मीडिया पर नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष आकर देखें. अपने पूर्वजों के गांवों में जाएं, उस मिट्टी पर चलें जिस पर वे चले थे. अपने बच्चों और पड़ोसियों को भी साथ लाएं. जिसे चाय और अच्छी कहानियों से प्रेम है, उसे भी लाएं. भारत आपको खुले दिल से, गर्मजोशी से और जलेबी के साथ स्वागत करेगा.”

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी जानकारी दी कि त्रिनिदाद और टोबैगो भारत की यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को अपनाने वाला इस क्षेत्र का पहला देश बन गया है. उन्होंने कहा, “मैं त्रिनिदाद और टोबैगो को बधाई देता हूं कि वह इस क्षेत्र का पहला देश है जिसने भारत की UPI प्रणाली को अपनाया है. अब पैसे भेजना उतना ही आसान हो जाएगा जितना कि एक गुड मॉर्निंग का मैसेज भेजना. मैं वादा करता हूं कि यह वेस्टइंडीज की गेंदबाज़ी से भी तेज़ होगा.”

यह भी पढ़ें- ढोल-नगाड़ों की धुन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पीएम मोदी का त्रिनिदाद और टोबैगो में हुआ भव्य स्वागत, भारतीय विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

प्रधानमंत्री ने भारत की तीव्र आर्थिक प्रगति का ज़िक्र करते हुए कहा कि देश आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है. उन्होंने कहा, “भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है. जल्द ही हम दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होंगे. भारत की प्रगति का लाभ समाज के सबसे ज़रूरतमंद तबकों तक पहुंच रहा है. विश्व बैंक ने कहा है कि भारत ने पिछले एक दशक में 25 करोड़ से अधिक लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला है. भारत की तरक्की हमारे नवाचारी और ऊर्जावान युवाओं के बल पर हो रही है.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital