भारत की आर्थिक प्रगति में कई महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय योजनाओं की अहम भूमिका रही है. चाहे वो मनरेगा हो या स्किल इंडिया, इन पहलों ने ग्रामीण आजीविका को मजबूत किया और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला. लेकिन यदि समावेशी विकास की बात करें, तो सिर्फ ऊपर से नीचे तक बनी नीतियों से काम नहीं चलेगा. इसके साथ-साथ ज़मीनी स्तर पर नवाचार और स्थानीय समाधान भी जरूरी हैं.
सरकारी योजनाएं बड़े स्तर पर असर डालती हैं, लेकिन अक्सर वे क्षेत्रीय जरूरतों के हिसाब से लचीलापन नहीं दिखा पातीं. खासकर उन इलाकों में जहां की अर्थव्यवस्था किसी एक उद्योग पर निर्भर होती है, वहां छोटे बदलाव भी बड़ा असर डाल सकते हैं. ऐसे में गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) और परोपकारी संस्थाओं की भूमिका बहुत अहम हो जाती है. वे न केवल नई योजनाओं की प्रयोगशाला बनती हैं, बल्कि व्यापक बदलाव की दिशा भी दिखाती हैं.
ग्रामीण भारत की एक बड़ी समस्या है – एक ही उद्योग पर अत्यधिक निर्भरता. जब उस उद्योग में गिरावट आती है, तो पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था चरमरा जाती है. दीर्घकालिक समाधान है – आजीविका में विविधता.
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में ‘चाय बागान मज़दूरों के लिए वैकल्पिक आय’ कार्यक्रम इसी दिशा में एक सफल उदाहरण है. इस पहल के तहत, चाय उद्योग पर निर्भर रहने वाले मज़दूरों को वैकल्पिक खेती, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और छोटे कारोबारों के लिए प्रशिक्षित किया गया है.
अब यहां उच्च मूल्य वाली फसलें जैसे मशरूम और सुपारी उगाई जा रही हैं, जिनकी बाज़ार में अच्छी मांग है. मुर्गी पालन और फलों की प्रोसेसिंग से भी स्थिर आय मिल रही है. इसके अलावा पारंपरिक हुनर जैसे बुनाई, साबुन बनाना और कढ़ाई जैसे कार्य फिर से जीवित किए गए हैं. खास बात यह है कि महिलाएं अब इन कामों के जरिए डिजिटल और औपचारिक बाज़ारों से जुड़ रही हैं.
यह बदलाव केवल रोजगार तक सीमित नहीं है. यह एक नए तरह का स्थानीय आर्थिक तंत्र खड़ा कर रहा है – जो लचीला है, बाज़ार-आधारित है और समय के साथ खुद को ढाल सकता है.
भारत की ग्रामीण विकास नीति को सिर्फ कल्याणकारी सहायता तक सीमित नहीं रहना चाहिए. अब समय आ गया है कि समुदायों को स्वयं के आर्थिक इंजन खड़े करने की ताकत दी जाए.
सेल्फ हेल्प ग्रुप (SHG) आंदोलन की सफलता को हम नहीं भूल सकते, जिसने 10 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ा. अब यही मॉडल अन्य क्षेत्रों में भी अपनाया जा सकता है. लेकिन इसके लिए ज़रूरत है – संरचित हस्तक्षेपों की, जो कौशल, वित्तीय पहुंच और बाज़ार से जुड़ाव के बीच की खाई को पाट सकें.
दार्जिलिंग की योजना अब राज्य की आजीविका मिशन, नाबार्ड और इंडस्ट्री संगठनों के साथ मिलकर इस मॉडल को संस्थागत बनाने की दिशा में काम कर रही है. यह दिखाता है कि स्थानीय स्तर पर तैयार किया गया मॉडल राष्ट्रीय नीति का हिस्सा भी बन सकता है.
ये भी पढ़ें- रेल विकास को मिली रफ्तार: तिरुपति-पकाला-काटपाड़ी रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना को मिली मंजूरी
जरूरत इस बात की है कि हम बड़ी नीतियों का इंतजार न करें. समाधान ज़मीनी स्तर पर तैयार हों, साझेदारियों के ज़रिए उन्हें बेहतर बनाया जाए और फिर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर लागू किया जाए. तभी हम यह सुनिश्चित कर पाएंगे कि कोई भी क्षेत्र – उसकी भौगोलिक स्थिति या आर्थिक पृष्ठभूमि के बावजूद – विकास से वंचित न रह जाए.
भारत के ग्रामीण क्षेत्र को आगे ले जाने के लिए विकास को सिर्फ दया भाव से नहीं, बल्कि एक उद्यम निर्माण के रूप में देखा जाना चाहिए. इसमें सरकार की भूमिका तो अहम है ही, लेकिन NGOs, निजी क्षेत्र और स्थानीय नेतृत्व को भी साथ लेकर चलना होगा. जमीन से उठे ये विचार ही देश की आर्थिक तस्वीर को बदल सकते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग के श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा 102 छात्र-छात्राओं को 'भगवान श्रीकृष्ण मेधावी…
राजनीतिक बयानबाजी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता दामोदरदास मूलचंद मोदी चर्चा में…
1 नवंबर से अयोध्या के राम मंदिर में श्रीरामलला की पूजा, आरती और दर्शन का…
NCB ने मिजोरम पुलिस और ED के साथ मिलकर 'ऑपरेशन ट्राइडेंट' लॉन्च किया. असम, मिजोरम…
इलाहाबाद हाई कोर्ट की सख्ती के बाद मेडिको-लीगल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब सीधे CCTNS पोर्टल…
गाजियाबाद के सनसिटी में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित महानाट्य 'जाणता राजा' के…