चुनाव

Jharkhand Election : दूसरे चरण में मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित 10 दिग्गजों की साख दांव पर

झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज (20 नवंबर) वोटिंग हो रही है. जिन 38 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 10 कद्दावर राजनेताओं की हॉट सीट पर सबकी निगाहें टिकी हैं.

इन नेताओं की साख दांव पर

इनमें सीएम हेमंत सोरेन, राज्य के पहले सीएम और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, झामुमो की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन, आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो, राज्य सरकार के चार मंत्रियों इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, हफीजुल हसन और बेबी देवी, विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी की सीट शामिल हैं.

कौन किस सीट से मैदान में?

साहिबगंज जिले के बरहेट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बतौर झामुमो प्रत्याशी तीसरी बार मैदान में हैं. उनका मुकाबला आजसू छोड़कर भाजपा में आए प्रत्याशी गमालियल हेम्ब्रम से है. गमालियल को बतौर आजसू प्रत्याशी 2019 के विधानसभा चुनाव में केवल 2,573 वोट मिले थे. 2019 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने साइमन मालतो को उम्मीदवार बनाया था, जिन्हें 48 हजार से अधिक वोट मिले थे. इस बार भाजपा ने साइमन मालतो का टिकट काट दिया, तो वे नाराज होकर झामुमो में शामिल हो गए और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रचार अभियान की कमान संभाल रहे हैं.

गिरिडीह जिले की धनवार सीट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी मैदान में हैं. इस सीट पर इंडिया गठबंधन की एकता दरकी हैं और यहां से झामुमो-भाकपा माले गठबंधन के दोनों दलों ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं. भाकपा माले ने राजकुमार यादव और झामुमो ने निजामुद्दीन अंसारी को उम्मीदवार बनाया है. भाजपा के वोटों में सेंधमारी कर रहे निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन राय ने गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली और प्रचार अभियान के आखिरी दौर में वे बाबूलाल मरांडी के साथ घूम- घूमकर उनके लिए वोट मांगते दिखे.

तीसरी हॉट सीट है, गिरिडीह जिले की गांडेय, जहां से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और झामुमो की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन मुर्मू मैदान में हैं. भाजपा ने उनके खिलाफ गिरिडीह जिला परिषद् की अध्यक्ष मुनिया देवी को मैदान में उतारा है. मुस्लिम और आदिवासी बहुल मतदाताओं वाली इस सीट पर सिर्फ एक बार 2014 में भाजपा प्रत्याशी जयप्रकाश वर्मा को जीत हासिल हुई थी. जामताड़ा की गिनती भी राज्य की हॉट सीटों में हो रही है, जहां से हमेशा अपने बयानों की वजह से विवादों में रहने वाले कांग्रेस उम्मीदवार और हेमंत सरकार के मंत्री इरफान अंसारी हैट्रिक की उम्मीद के साथ मैदान में हैं. इन्हें सोरेन परिवार की बहू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन उन्‍हें कड़ी टक्कर दे रही हैं. कुछ दिनों पूर्व इरफान अंसारी द्वारा सीता सोरेन के ऊपर की गई एक व्यक्तिगत एवं आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद से इरफान अंसारी डिफेंसिव हैं और भाजपा हमलावर.

यह भी पढ़ें- Assembly Election Live Updates: महाराष्ट्र की 288 और झारखंड की 38 सीटों पर मतदान शुरू, PM Modi ने लोगों से वोट डालने की अपील की

आजसू प्रमुख सुदेश महतो की उम्मीदवारी के कारण रांची जिले के सिल्ली सीट की गिनती भी राज्य की हॉट सीटों में होती है. 2014 को छोड़कर 2000 से 2019 तक सुदेश महतो का इस सीट पर कब्ज़ा रहा है. 2014 में झामुमो उम्मीदवार के तौर पर अमित महतो ने उनसे यह सीट छीनी थी. झामुमो ने एक बार फिर अमित महतो को प्रत्याशी बनाया है. सुदेश और अमित के बीच आमने-सामने के इस मुकाबले को जेएलकेएम (झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा) के देवेंद्र महतो त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रहे हैं.

झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो नाला सीट से चुनावी मैदान में हैं, जहां भाजपा ने पिछले चुनाव में आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ चुके माधव चंद्र महतो को उम्मीदवार बनाया है. 2019 का चुनाव भाजपा और आजसू ने अलग-अलग लड़ा था. भाजपा उम्मीदवार को करीब 57 हजार और आजसू प्रत्याशी को 16 हज़ार से अधिक वोट मिले थे. इस बार भाजपा और आजसू साथ-साथ हैं. झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी चंदनकियारी सीट से भाग्य आजमा रहे हैं. उनका मुकाबला झामुमो के उमाकांत रजक से है, जो आजसू छोड़कर झामुमो में आए हैं. गोड्डा जिले की महागामा सीट पर हेमंत सोरेन सरकार में कांग्रेस कोटे की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का भाजपा के अशोक भगत से सीधा मुकाबला है.

देवघर जिले की मधुपुर सीट पर झामुमो कोटे के मंत्री हफीजुल हसन को भाजपा के गंगा नारायण सिंह से कड़ी चुनौती मिल रही है. हेमंत सरकार की एक अन्य मंत्री बेबी देवी डुमरी सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले में फंसी हैं. उन्हें आजसू पार्टी की यशोदा देवी और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के फायरब्रांड लीडर जयराम महतो चुनौती दे रहे हैं. इनके अलावा इस चरण के महत्वपूर्ण उम्मीदवारों में भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण बोकारो से, सचेतक अनंत ओझा राजमहल से, झाविमो छोड़ कांग्रेस में आए प्रदीप यादव पोडै़याहाट से, भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की पत्नी निशात आलम पाकुड़ से, झामुमो के बागी और भाजपा उम्मीदवार लोबिन हेम्ब्रम बोरियो से, भाकपा माले नेता विनोद सिंह बगोदर से, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी सुदिव्य सोनू गिरिडीह से, भाजपा छोड़ झामुमो का दामन थामने वाले केदार हाजरा जमुआ से चुनाव मैदान में हैं.

-भारत एक्सप्रेस

आईएएनएस

Recent Posts

अगले 12 घंटे, 13 राज्य…मूसलाधार बारिश से मचेगा तांडव! 65 की स्पीड से तूफान का खौफनाक अलर्ट

IMD Weather Alert Today: बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव और चक्रवाती परिसंचरण के चलते…

3 minutes ago

दिल्ली में आज फिर से बबाल! CJP के तिरंगा मार्च से थम जाएगी रफ्तार, ट्रैफिक पुलिस का अलर्ट देखा क्या?

दिल्ली के कनॉट प्लेस में 16 अक्टूबर को CJP के विरोध प्रदर्शन और तिरंगा मार्च…

16 minutes ago

नवरात्र के छठे दिन शोभन योग का अद्भुत संयोग! जानें मां कात्यायनी की पूजा विधि समेत आज का पूरा पंचांग

आज 16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि पर मां कात्यायनी की…

49 minutes ago

नवरात्र के छठे दिन 4 राशियों के ग्रहों में बड़ा बदलाव: वृषभ राशि को लाभ तो वृश्चिक-मकर रहें सावधान

16 अक्टूबर 2026 को शोभन योग और मां कात्यायनी की आराधना के बीच सभी 12…

1 hour ago