चुनाव

एक Click में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें

Election 2024: लोकसभा चुनाव के कई चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा? कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 28 मई की 10 बड़ी खबरें –

पीएम मोदी ने दी चेतावनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को झारखंड के दुमका में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राज्य की जेएमएम-कांग्रेस-राजद सरकार पर लूट का राज कायम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 4 जून के बाद उनकी नई सरकार बनते ही लूटने वालों और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज होगी. प्रधानमंत्री ने दुमका से भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन, गोड्डा से निशिकांत दुबे और राजमहल से ताला मरांडी को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि इन्हें मिलने वाले हर एक वोट से उनकी दिल्ली की उस सरकार को मजबूती मिलेगी, जो दिन-रात गरीबों, आदिवासियों और पिछड़ों के लिए काम कर रही है.

“4 जून के बाद गुड बाय भाजपा”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को यूपी दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने वाराणसी में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार अजय राय के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि भाजपा से देश को मुक्ति मिलेगी, देश के सच्चे-अच्छे दिन आने वाले हैं. फटाफट-फटाफट. उन्होंने कहा कि 4 जून के बाद गुड बाय भाजपा, गुड बाय नरेंद्र मोदी, टाटा. हिंदुस्तान के सभी गरीब परिवारों की लिस्ट बनेगी, हर परिवार में से एक महिला का नाम चुना जाएगा, 5 जुलाई को आप अपना बैंक अकाउंट देखोगे तो इंडिया गठबंधन की सरकार ने खटाक से 8,500 रुपए डाले होंगे.

पटनायक सरकार पर बड़ा हमला

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवीन पटनायक सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ओडिशा के मौजूदा मुख्यमंत्री का मतगणना के दिन यानी 4 जून को पूर्व सीएम कहलाना तय है. ओडिशा के तूफानी दौरे पर आए अमित शाह ने एक रैली में कहा, “4 जून आएगा और नवीन बाबू अब सीएम नहीं रहेंगे, बल्कि ‘पूर्व सीएम’ बन जाएंगे.” अमित शाह ने राज्य में तीन बैक-टू-बैक रैलियों (भद्रक, जाजपुर और जगतसिंहपुर) को संबोधित किया और केंद्र की मुफ्त राशन योजना को अपनी योजना के रूप में पेश करने के लिए नवीन पटनायक सरकार की आलोचना की.

कन्याकुमारी जाएंगे पीएम

देश में लोकसभा चुनाव के लिए 6 चरणों का मतदान पूरा हो चुका है. सातवें और अंतिम चरण की वोटिंग 1 जून को होगी, लेकिन इससे पहले पीएम मोदी तमिलनाडु में कन्याकुमारी शहर का दौरा करेंगे. अपने चुनाव अभियान के समापन पर प्रधानमंत्री 30 मई से 1 जून तक कन्याकुमारी में रहेंगे. कन्याकुमारी में पीएम मोदी रॉक मेमोरियल का दौरा करेंगे और 30 मई की शाम से 1 जून की शाम तक ध्यान मंडपम में उसी स्थान पर दिन-रात ध्यान करेंगे जहां कभी स्वामी विवेकानंद ने ध्यान किया था.

यह भी पढ़ें- “कुशीनगर आते-आते धुआं फेंकने लगा डबल इंजन”, अखिलेश यादव ने बताया- 4 जून के बाद क्या-क्या बदलने वाला है

रामभक्त ही दिल्ली के सिंहासन पर राज करेगा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीपीगंज में गोरखपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रविकिशन शुक्ल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को रामद्रोही बताते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच है. रामभक्त ही दिल्ली के सिंहासन पर राज करेगा. उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राह पर चलने वाली कांग्रेस और सपा को देश की जनता वहां पहुंचा देगी, जहां उनका कोई नाम लेने वाला नहीं होगा. एक तरफ भगवान राम को नकारने वाले, रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले, राम मंदिर को बेकार बताने वाले हैं, दूसरी तरफ 500 वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त कराकर प्रभु रामलला को उनके भव्य मंदिर में विराजमान कराने वाले हैं.

“4 तारीख को खुशियों के दिन आएंगे”

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कुशीनगर और बांसगांव में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने कहा कि 4 तारीख को खुशियों के दिन आएंगे, प्रेस वालों के भी खुशियों के दिन आएंगे. मित्र मंडली तो बदलेगी ही बदलेगी, मंत्रिमंडल और मीडिया मंडल भी बदलेगा. जो सुनाते रहे मन की बात, अब होगी संविधान की बात. उन्होंने कहा कि कुशीनगर वो इलाका है, जहां डबल इंजन की सरकार को डबल काम करना चाहिए था. डबल इंजन कुशीनगर आते-आते धुआं फेंकने लगा. ना विकास हुआ, ना नौजवानों को नौकरी मिली. ना ही किसानों को मदद मिली.

विपक्ष पर बोला हमला

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बिहार के पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोकसभा प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद के पक्ष में वोट की अपील की. सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस जबरदस्ती देश पर धारा 370 लादे हुई थी. प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर से धारा 370 को हटाकर आतंकवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया है. लोकसभा प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद ने न्यायालय में यह लड़ाई लड़ी और हमेशा के लिए कश्मीर से धारा 370 को समाप्त कर आतंकवाद के ताबूत पर अंतिम कील ठोंकने का काम किया है.

सीएम योगी ने किया पलटवार

उत्तर प्रदेश की सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर आम आदमी पार्टी प्रमुख व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि भाजपा के अंदर कलह चल रही है और अगर केंद्र में इस बार फिर से भाजपा सरकार बनती है तो योगी को सीएम पद से हटा दिया जाएगा. अंतिम चरण के मतदान से पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहली बार इस बयान पर जवाब देते हुए कहा है कि “विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है. वह आपस में बांटने की राजनीति कर रहा है. वैसे भी उन्होंने हमेशा विभाजन किया है. पहले कांग्रेस ने देश को बांटा, फिर इन्होंने क्षेत्र के आधार पर, भाषा के आधार पर बांटा और इस चुनाव में जाति के आधार पर बांटकर अनेक प्रकार के प्रोपेगेंडा किए.”

सपा छोड़ बीजेपी में शामिल

लोकसभा चुनाव-2024 के अंतिम चरण के लिए 1 जून को वोटिंग होने जा रही है. पूर्वांचल की बलिया लोकसभा सीट पर भी इसी दिन मतदान होगा. अब चुनाव प्रचार के लिए भी गिनती के तीन दिन ही शेष हैं और अगर आज का दिन छोड़ दें तो केवल 3 दिन ही वोटिंग के लिए शेष रह गया है. इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी रहे पूर्व मंत्री नारद राय ने सपा छोड़कर भाजपा में जाने का ऐलान कर दिया है. यही नहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर कई बड़े आरोप भी लगाए हैं. इसी के बाद से यूपी की सियासत तेज हो गई है.

“झारखंड का हिस्सा मांगने पर जेल मिली”

झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से प्रचार की कमान संभाल रहीं कल्पना सोरेन ने मंगलवार को राजमहल संसदीय सीट के विभिन्न इलाकों में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन आज सिर्फ इस वजह से जेल में हैं, क्योंकि उन्होंने केंद्र सरकार से झारखंड का हक और हिस्सा मांगा था. उन्होंने आगे कहा कि उनका जुर्म यह था कि वह केंद्र के पास राज्य के बकाए 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपए के लिए आवाज उठा रहे थे. केंद्र की तानाशाह सरकार को यह नागवार गुजरा और उन्हें झूठे मामले में फंसा दिया गया.

-भारत एक्सप्रेस

Shailendra Verma

Recent Posts

‘वीजा पर आई थीं अमेरिका, अब संसद में बुलंद करेंगी आवाज’ म‍िडटर्म इलेक्‍शन में भारतीय मूल की प्रमिला जयपाल ने जीता चुनाव

Pramila Jayapal: प्रमिला जयपाल का जन्म भारत में हुआ था. उन्होंने अपना बचपन भारत, इंडोनेशिया…

33 minutes ago

अगले 11 घंटे…15 राज्यों में मौसम काटेगा भयंकर बवाल! 70 की स्पीड से आंधी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट

मौसम के बदलते मिजाज के बीच IMD के पूर्वानुमान में कई राज्यों में भारी बारिश,…

1 hour ago

ट्रंप की हार से तेल की कीमतों में हाहाकार…! 1 दिन में 9% टूटा क्रूड ऑयल, भारत को मिला दिवाली गिफ्ट

Crude Oil Price: अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने और ईरान युद्ध…

2 hours ago

Aaj Ka Panchang: आज है रमा एकादशी और मालव्य योग..! भूलकर भी न करें ये बड़ी गलती, जानें शुभ मुहूर्त

आज 5 नवंबर 2026 को कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की रमा एकादशी मनाई जा…

2 hours ago

रमा एकादशी पर बन रहा मालव्य योग..! मकर-धनु समेत इन 5 राशियों की बदल जाएगी किस्मत, मेष वाले सावधान

5 नवंबर 2026 को रमा एकादशी पर मालव्य, बुधादित्य और लक्ष्मीनारायण योग का संयोग बन…

2 hours ago