प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो- IANS)
अमेरिका की अपनी तीन दिवसीय ‘सफल’ यात्रा संपन्न करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा के चुनावी मैदान में उतर रहे हैं. पीएम मोदी बुधवार को राज्य में अपनी दूसरी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी सोनीपत जिले के गोहाना में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. भाजपा का लक्ष्य इस रैली को रिकॉर्ड भीड़ के साथ सफल बनाना है.
आयोजकों ने मंगलवार को बताया था कि रैली की तैयारियां जोरों पर हैं. रैली स्थल पर एक विशेष एल्युमीनियम ‘पंडाल’ बनाया गया है. रैली स्थल के पास तीन हेलीपैड तैयार किए गए हैं. बीते सोमवार को हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने और उतरने का अभ्यास किया गया था.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करेंगे. इस क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार भी रैली में शामिल होंगे, जिसमें हजारों की भीड़ आने की उम्मीद है. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने को कहा गया है. यह रैली महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि यह 22 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं को कवर करेगी.
रैली के मद्देनजर जिला प्रशासन ने लोगों को किसी भी तरह की असुविधा से बचाने के लिए कई यातायात मार्गों को डायवर्ट किया है. आसपास के इलाकों की इमारतों को खाली कराकर पुलिस की निगरानी में रखा गया है. भाजपा के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा ने कहा कि रैली ऐतिहासिक होगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर को कुरुक्षेत्र में अपनी पहली रैली की और भाजपा के अभियान की शुरुआत की, जिसका लक्ष्य लगातार तीसरी बार राज्य में सत्ता बरकरार रखना है.
उस रैली में पीएम मोदी ने 23 उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे थे जिनकी सीटें जीटी रोड बेल्ट के जिलों में आती हैं, जिनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत जिले और यमुनानगर, सोनीपत और कैथल के कुछ हिस्से शामिल हैं. हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी.
ये भी पढ़ें- झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने की चुनाव तैयारियों की समीक्षा
-भारत एक्सप्रेस
Liquor Shop Salesman Murder Case: फतेहपुर के दुर्गई गांव में 50 हजार रुपये के उधार…
Anant Singh Expelled From JDU: बिहार विधान परिषद चुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार…
Pakistan LPG Crisis: पाकिस्तान और ईरान के बीच प्रमुख सीमा क्रॉसिंग बंद होने के बाद…
MODI GOVT VB-G RAM JI SCHEME RURAL REVOLUTION: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047'…
मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड में नया मोड़ आया है. हिंदू महासभा की नेता मीरा…
Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में एक…