सीएम योगी
Ayodhya Ram Mandir: भगवान राम के मंदिर निर्माण के साथ ही अयोध्या विकास के पंख लगाकर लगातार उड़ान भर रही है. इसी क्रम में अयोध्या धाम के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक और बड़ी सौगात दी है और राम भक्तों को एक और बड़ी सुविधा दी है. अब अयोध्या धाम आने वाले राम भक्तों और पयर्टकों को हेलीकॉप्टर से दर्शन कराने की प्लानिंग की जा रही है.
यूपी सरकार यूपी के 6 जिलों से हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने जा रही है. इस सेवा की शुरुआत सबसे पहले लखनऊ से की जाएगी. सरकार की ओर से प्रदेश के 6 जिलों से शुरू होने वाली हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाता आपरेटर का चयन किया गया है, जो आपरेशनल मॉडल पर हेली सर्विसेस की सेवायें प्रदान करेगा.
बता दें कि राम भक्तों और पर्यटकों को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के साथ ही गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा और आगरा से हेलीकॉप्टर सेवा मिलेगी. इसी के साथ ही जल्द ही प्रदेश के अन्य जिलो से भी ये सेवा शुरू की जाएगी. ताकि राम भक्तों को किसी भी तरह से समस्या का सामना न करना पड़े. यही नहीं योगी सरकार श्रद्धालुओं को अयोध्या नगरी और राम मंदिर के हवाई दर्शन भी कराने की योजना बना रही है, इसकी जिम्मेदारी पर्यटन विभाग को सौंपी गई है. इस सुविधा के लिए श्रद्धालुओं को पहले से बुकिंग करानी होगी.
प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम ने इस सम्बंध में मीडिया को जानकारी दी कि, सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम भक्तों को हेलिकॉप्टर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये थे. इसी के तहत प्रदेश के 6 जिलों से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जा रही है. यह सुविधा राम भक्तों और पर्यटकों को ऑपरेटर मॉडल पर उपलब्ध करायी जाएगी. उन्होंने आगे बताया कि, राम भक्तों को राम मंदिर ऐरियल दर्शन भी कराए जाएंगे. इसके लिए रामभक्त सरयू तट स्थित टूरिज्म गेस्ट हाउस के पास बने हैलीपेड से उड़ान भर सकेंगे.
अयोध्या धाम घूमने वालों को राम मंदिर के साथ ही हनुमानगढ़ी, सरयू घाट समेत प्रसिद्ध दर्शनीय स्थलों की हवाई सैर करायी जाएगी, जिसका अधिकतम समय 15 मिनट का होगा. उन्होंने इस सैर का किराया बताते हुए कहा कि, प्रति श्रद्धालु इसका किराया 3,539 रुपये तय किया गया है. इस सुविधा के जरिये एक हवाई सफर का लुत्फ 5 श्रद्धालु उठा सकेंगे. तो वहीं उन्होंने भार सीमा को लेकर कहा कि, इसकी भार सीमा 400 किग्रा है. साथ ही उन्होंने बताया कि एक श्रद्धालु अधिकतम 5 किग्रा सामान के साथ सफर कर सकेगा. तो वहीं मुकेश मेश्राम ने ये भी जानकारी दी कि, राम भक्त गोरखपुर से अयोध्या धाम के लिए भी हेलीकॉप्टर से उड़ान भर सकेंगे. यह दूरी 126 किलोमीटर है. इस दूरी को 40 मिनट में पूरा किया जाएगा. इसके लिए प्रति श्रद्धालु किराया 11,327 रुपये तय किया गया है.
प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम ने आगे जानकारी दी कि, आने वाले समय में मांग के अनुसार इस हेलीकॉप्टर सेवा का विस्तार किया जाएगा. वाराणसी के नमो घाट से भी राम भक्तों को हेलीकॉप्टर की सेवा मिल सकेगी. यह दूरी 160 किमी की होगी, जिसे 55 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. इसके लिए प्रति श्रद्धालु किराया 14,159 रुपये तय किया गया है. तो वहीं लखनऊ के रमाबाई से हेलीकॉप्टर की सेवा का लाभ पर्यटक उठा सकेंगे. अयोध्या से इसकी दूरी 132 किमी की होगी, जिसे 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. इसलिए प्रति श्रद्धालु इसके लिए किराया 14,159 रुपये तय किया गया है तो वहीं प्रयागराज में टूरिज्म गेस्ट हाउस के पास बने हैलीपैड से हेलीकॉप्टर की सेवा उपलब्ध रहेगी. अयोध्या से यह दूरी 157 किमी. की है, जिसे 50 मिनट में पूरा किया जाएगा.
इसको देखते हुए प्रति श्रद्धालु किराया 14,159 रुपये तय किया गया है. तो वहीं मथुरा के बरसाना स्थित गोवर्धन परिक्रमा के पास बने हैलीपेड और आगरा में आगरा एक्सप्रेस वे के पास बने हैलीपेड से सेवा का लाभ उठा पर्यटक व भक्त उठा सकेंगे. इसकी दूरी क्रमश: 456 किमी. और 440 किमी. है, जिसे 135 मिनट में पूरा किया जाएगा. इसको देखते हुए यहां का किराया 35,399 रुपये निर्धारित किया गया है. मालूम हो कि, यूपी में 6 जिलों से हेलीकॉप्टर सेवा का जो किराया तय किया गया है वह वन-वे है. मुकेश मेश्राम ने बताया कि, पर्यटकों और राम भक्तों को अयोध्या धाम आने के बाद फिर से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दोबारा निर्धारित किराया चुकाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि, भक्तों व पर्यटकों की संख्या को देखते हुए हेलीकॉप्टर अपने गंतव्य से अयोध्या धाम के लिए प्रतिदिन उडान भरेगा और लोगों को अयोध्या की सैर कराएगा.
-भारत एक्सप्रेस
Swami Govind Dev Giri wishes Amit Shah birthday: गृह मंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर…
पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक व्यवस्था आज की चुनौतियों का समाधान नहीं कर…
Chandauli Double Murder: चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में दो युवकों के शव बोरे में…
Kashi Sanskriti Sansad Sunil Deodhar Swami Jitendranand: काशी में 3, 4 और 5 नवंबर को…
15th All India Police Archery Championship Ranchi Santosh Gangwar: रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में…
तिब्बत और चीन में 7.0 तीव्रता के भूकंप से कई इलाकों में झटके महसूस किए…