कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से धार देने की कवायद के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिवों और संयुक्त सचिवों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद जारी इस सूची में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है. कुल 81 सचिवों को अलग-अलग राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संगठनात्मक विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि 25 नेताओं को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है. पार्टी ने कुछ पुराने चेहरों पर भरोसा कायम रखा है, तो कई नए नेताओं को संगठन में अहम भूमिका दी है.
इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के साथ काम करने वाले नवीन शर्मा को जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने की है. नवीन शर्मा लंबे समय से संगठन महासचिव की टीम का हिस्सा थे, लेकिन अब उन्हें नई सूची में जगह नहीं मिली है. गौरतलब है कि कुछ समय पहले उनके खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए थे.
वहीं, नवीन शर्मा के साथ काम करने वाली नेट्टा डिसूजा को कर्नाटक का सह-प्रभारी बनाया गया है. इस नियुक्ति के जरिए पार्टी ने उन्हें संगठन में नई भूमिका दी है. सूची में प्रियंका गांधी की टीम के करीबी माने जाने वाले कुछ नेताओं को भी जगह मिली है. इससे साफ है कि कांग्रेस ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों के बंटवारे में अलग-अलग नेताओं और टीमों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है.
कांग्रेस ने कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक विभागों में पुराने चेहरों पर भरोसा बनाए रखा है. संचार, प्रचार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारियों में डॉ. विनीत पुनिया और रुचिरा चतुर्वेदी की भूमिका बरकरार रखी गई है. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय में प्रणव झा और गौरव पांधी को फिर से जिम्मेदारी सौंपी गई है.
उत्तर प्रदेश में भी पार्टी ने अपने मौजूदा संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव से परहेज किया है. अभिषेक दत्त, वरुण चौधरी, कुणाल चौधरी, जगदीश चंदर जांगिड़, अब्दुल हन्नान और संजीव आर्य की जिम्मेदारियां बरकरार रखी गई हैं.
राजस्थान में विश्व विजय सिंह, पोरलाक खार्ते, डॉ. पलक वर्मा और मनोज बागड़ी को सचिव की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा असम, केरल, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, दिल्ली और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है.
इस संगठनात्मक फेरबदल का दूसरा बड़ा पहलू 25 नेताओं को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त करना है. इनमें अंबा प्रसाद, बी.एम. संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा और मंसूर अली खान जैसे नाम शामिल हैं.
इसके अलावा नवीन शर्मा, पी. गोपी, पी. विश्वनाथन, पृथ्वीराज साठे, पूनम पासवान, रोजी एम. जॉन, रुत्विक मकवाना, एस.ए. संपत कुमार, संजना जाटव, शहनवाज आलम, टी.एन. प्रतापन, उषा नायडू और विजय जांगिड़ को भी जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है.
दरअसल, कांग्रेस लगातार संगठन को मजबूत करने और राज्यों में पार्टी की राजनीतिक जमीन तैयार करने की कोशिश कर रही है. आने वाले विधानसभा चुनावों के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को देखते हुए पार्टी के लिए संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय और जवाबदेह टीम तैयार करना अहम है. ऐसे में AICC सचिवों की नई सूची को महज पदों में बदलाव के तौर पर नहीं, बल्कि संगठन की प्राथमिकताओं के रूप में देखा जा रहा है.
एक तरफ पार्टी ने कई पुराने नेताओं को बरकरार रखकर अनुभव और निरंतरता का संदेश दिया है, तो दूसरी तरफ 25 नेताओं को हटाकर नए चेहरों के लिए जगह बनाई है. नवीन शर्मा को बाहर करना, नेट्टा डिसूजा को नई जिम्मेदारी देना और प्रियंका गांधी के करीबी नेताओं को संगठन में जगह मिलना इस सूची के सबसे अहम राजनीतिक संकेत हैं.
अब देखना होगा कि संगठन में किए गए इस फेरबदल का राज्यों में कांग्रेस की सक्रियता और चुनावी प्रदर्शन पर कितना असर पड़ता है. क्योंकि कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल नई टीम बनाने की नहीं, बल्कि इस टीम को जमीन पर सक्रिय कर पार्टी की राजनीतिक ताकत में बदलने की है.
यह भी पढ़ें: IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे होने पर बोले पीएम मोदी, ‘सीमाओं को तोड़कर ही राष्ट्र पहचानते हैं अपनी असली ताकत’
-भारत एक्सप्रेस
Ranchi News: लंबे समय से बकाया करीब 348 करोड़ रुपये के बिजली बिल पर JBVNL…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान आईआईटी खड़गपुर के…
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के तीसरे दिन 4 विकेट पर 486 रन…
Mystery of the Human Body: पंचतत्त्वों से बने मानव शरीर में सात चक्र, ऊर्जा और…
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की करीब 7 फीसदी आर्थिक विकास दर और कम…
Tips for Driving in Fog: सर्दियों के घने कोहरे में विजिबिलिटी कम होने पर हाई…