दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार की दोपहर अचानक मौसम ने ऐसा रुख बदला कि लोगों को कुछ देर के लिए हैरानी भी हुई और राहत भी मिली. पिछले कई दिनों से झुलसा देने वाली गर्मी का सामना कर रहे लोगों को तब राहत महसूस हुई जब तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि, मौसम विभाग ने इस बदलाव को लेकर गंभीर चेतावनी भी जारी की है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विभाग का कहना है कि खराब मौसम की स्थिति अगले कुछ घंटों तक बनी रह सकती है. कई इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना भी जताई गई है.
करीब ढाई बजे मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों के लिए तत्काल चेतावनी जारी की. चेतावनी के कुछ ही समय बाद राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं. देखते ही देखते धूल का घना गुबार सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में फैल गया. कई जगहों पर दृश्यता कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
आईएमडी के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. सामान्य तौर पर दिल्ली-एनसीआर में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है.
मौसम विभाग का कहना है कि धूल भरी आंधी के बाद कई इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है. वातावरण में मौजूद नमी और मौसम की अस्थिर परिस्थितियों के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है. बारिश होने पर हवा में फैली धूल कम होगी और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ और राहत मिलने की उम्मीद है.
रेड अलर्ट केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है. हरियाणा के सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में भी खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है. वहीं उत्तर प्रदेश के बागपत, खेकड़ा, पिलखुआ और सिकंदराबाद क्षेत्रों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है. राजस्थान के अलवर, भिवाड़ी, तिजारा और डीग में भी मौसम के असर की संभावना जताई गई है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है. हालांकि राहत की बात यह है कि शाम होते-होते मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना है और मौसम में स्थिरता देखने को मिल सकती है.
ये भी पढ़ें: CBSE Re-evaluation Result: 94% लाने वाली अवनी ने दोबारा कॉपी चेकिंग में गाड़े झंडे, बन गईं देश की टॉपर
भारत एक्सप्रेस
27 अक्टूबर के मौसम को लेकर दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार और कई अन्य राज्यों में…
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 26 अक्टूबर 2026 को गुजरात, दिल्ली, तेलंगाना और उत्तराखंड हाईकोर्ट के…
Microsoft Layoff Alert: माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिका, भारत, ब्रिटेन और कनाडा में करीब 60,000 पात्र कर्मचारियों…
27 अक्टूबर 2026 से उत्तर भारत की अमांत परंपरा के अनुसार कार्तिक मास की शुरुआत…
27 अक्टूबर 2026 के दैनिक राशिफल के अनुसार, मेष, मिथुन, सिंह और धनु समेत कई…
Fitness Health Tips: फिट रहने के लिए रोजाना 10,000 कदम चलना ही जरूरी नहीं है.…