CBSE 12th Re-evaluation Result: मेहनत और खुद पर भरोसे की एक अनोखी मिसाल पेश करते हुए रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने सीबीएसई 12वीं के री-इवैल्यूएशन (Re-evaluation) परिणामों में इतिहास रच दिया है. शुरुआत में उम्मीद से कम अंक मिलने के बाद भी हार न मानने वाली अवनी ने दोबारा कॉपियां चेक होने के बाद 100 फीसदी अंक हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है (CBSE 12th Re-evaluation Result).
सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के मुख्य परिणाम में रांची के डीपीएस सेल टाउनशिप की कॉमर्स छात्रा अवनी केजरीवाल को 94% अंक मिले थे. अपनी मेहनत पर पूरा भरोसा होने के कारण उन्होंने री-इवैल्यूएशन के लिए अप्लाई किया. 21 जून को जारी हुए री-इवैल्यूएशन के नतीजों में उनके अंक बढ़कर 500 में से पूरे 500 हो गए, जिससे वे नेशनल टॉपर बन गईं. अवनी ने मुख्य पांच विषयों में शत-प्रतिशत अंक हासिल किए हैं और वे भविष्य में बिजनेस मैनेजमेंट के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं.
500 अंक हासिल कर रचा इतिहास
सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) परिणाम में रांची की अवनी केजरीवाल ने इतिहास रच दिया है. धुर्वा स्थित डीपीएस सेल टाउनशिप की कॉमर्स छात्रा अवनी ने दोबारा मूल्यांकन के बाद 500 में से पूरे 500 अंक हासिल कर देश में पहला स्थान पाया है.
री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया (Class 12 Re-evaluation Result 2026)
बीते 13 मई को जारी मुख्य परीक्षा परिणाम में अवनी को 94 प्रतिशत अंक मिले थे. इस रिजल्ट से असंतुष्ट अवनी को अपनी मेहनत पर पूरा भरोसा था, इसलिए उन्होंने री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया. 21 जून को आए नतीजों में उनका यह विश्वास सच साबित हुआ और वे नेशनल टॉपर बन गईं.
अवनी को अंग्रेजी कोर, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स और एप्लाइड मैथेमेटिक्स जैसे सभी मुख्य विषयों में शत-प्रतिशत (100/100) अंक मिले हैं, जबकि एडिशनल विषय ग्राफिक्स में उन्होंने 99 अंक प्राप्त किए हैं.
सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया
व्यवसायी मितेश केजरीवाल और गृहिणी पूनम केजरीवाल की सुपुत्री अवनी भविष्य में बिजनेस मैनेजमेंट के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं और इसके लिए वे सीयूईटी-यूजी (CUET-UG 2026) की परीक्षा भी दे चुकी हैं. अवनी ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मेंटर सचित सर को दिया है. उनकी यह उपलब्धि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है.
यह भी पढ़ें: मानसून की दस्तक: 22 राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, जानें आपके शहर का मौसम
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

