देश

मोदी सरकार आने के बाद से भारतीय रेलवे में 5.56 लाख लोगों को मिली नौकरी, 2024-25 में 4.5 करोड़ अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

भारतीय रेलवे ने पिछले कुछ वर्षों में अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और खाली पदों को भरने के लिए लगातार भर्ती अभियान चलाया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में जानकारी देते हुए बताया कि साल 2014 से 30 जून 2026 तक रेलवे में कुल 5.56 लाख से ज्यादा लोगों की नियुक्ति की गई है. इनमें दक्षिण रेलवे के 50,485 पदों पर हुई भर्तियां भी शामिल हैं.

रेल मंत्री के मुताबिक, इससे पहले 2004-05 से 2013-14 के बीच भारतीय रेलवे में करीब 4.11 लाख लोगों को नौकरी मिली थी. आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक दशक में रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया को तेज करते हुए बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं.

रेलवे देश का सबसे बड़ा परिवहन नेटवर्क है, जहां लाखों कर्मचारी अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हैं. ऐसे में कर्मचारियों की जरूरत को देखते हुए समय-समय पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाती है. रेल मंत्रालय ने बताया कि रेलवे में रिक्त पदों को भरना एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है. नेटवर्क के विस्तार, नई तकनीक के इस्तेमाल, आधुनिकीकरण और बेहतर संचालन के लिए जरूरत के हिसाब से नियुक्तियां की जाती हैं.

भर्ती प्रक्रिया मुख्य रूप से रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) के जरिए पूरी की जाती है. मंत्रालय का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में परीक्षाएं आयोजित करना आसान काम नहीं होता, क्योंकि इसमें भारी संसाधनों और व्यापक स्तर पर कर्मचारियों की जरूरत होती है. इसके बावजूद रेलवे ने तय नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से पूरा किया है.

हर साल भर्ती का नया कैलेंडर

रेल मंत्रालय ने वर्ष 2024 से ग्रुप ‘सी’ के विभिन्न पदों के लिए वार्षिक भर्ती कैलेंडर की शुरुआत की है. इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को नियमित रूप से भर्ती के अवसर उपलब्ध कराना है. इस व्यवस्था से परीक्षा कार्यक्रम तय समय पर जारी करने, चयन प्रक्रिया में तेजी लाने और नियुक्तियों को जल्द पूरा करने में मदद मिल रही है.

वर्तमान में वर्ष 2024, 2025 और 2026 के भर्ती कैलेंडर के तहत रेलवे में 1,61,889 गैर-राजपत्रित पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है. इनमें दक्षिण रेलवे के 11,387 पद भी शामिल हैं.

2024 में 92 हजार से ज्यादा पदों पर शुरू हुई भर्ती

रेलवे ने साल 2024 में 10 केंद्रीय रोजगार अधिसूचनाएं जारी की थीं. इनके जरिए कुल 92,116 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई. इन पदों में सहायक लोको पायलट (एएलपी), तकनीशियन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल, जूनियर इंजीनियर, पैरामेडिकल स्टाफ, नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी), मिनिस्ट्रियल और लेवल-1 के पद शामिल थे.

इन पदों के लिए शुरुआती और एकल चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं. इसके अलावा एएलपी और एनटीपीसी ग्रेजुएट पदों के लिए एप्टीट्यूड टेस्ट तथा कुछ श्रेणियों के लिए स्किल टेस्ट भी आयोजित किए जा चुके हैं.

रेल मंत्री ने बताया कि 2026-27 के भर्ती चक्र में तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर, पैरामेडिकल, मिनिस्ट्रियल और सहायक लोको पायलट जैसे पदों के लिए 3,300 से अधिक उम्मीदवारों के चयन पैनल तैयार किए जा चुके हैं. इनमें बड़ी संख्या रेलवे की सुरक्षा से जुड़े पदों की है.

2025 और 2026 में भी जारी है भर्ती अभियान

वर्ष 2025 के भर्ती कैलेंडर के तहत रेलवे ने 9 केंद्रीय रोजगार अधिसूचनाएं जारी कीं, जिनके माध्यम से 51,970 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. इनमें दक्षिण रेलवे के 3,412 पद शामिल हैं. इनमें से करीब 29,775 पदों के लिए पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा पूरी हो चुकी है.

वहीं, जूनियर इंजीनियर, डीएमएस, सीएमए और एनटीपीसी ग्रेजुएट पदों के लिए दूसरे चरण की परीक्षा भी आयोजित की जा चुकी है. सेक्शन कंट्रोलर के 368 पदों के लिए कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट में 24 शहरों के 2,989 उम्मीदवार शामिल हुए.

साल 2026 के भर्ती कैलेंडर के तहत अब तक तीन केंद्रीय रोजगार अधिसूचनाएं जारी की गई हैं. इनके जरिए 17,803 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है. इनमें दक्षिण रेलवे के 1,048 पद भी शामिल हैं.

4.5 करोड़ युवाओं ने दी रेलवे की भर्ती परीक्षाएं

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 2024 और 2025 के भर्ती चक्र में आयोजित विभिन्न कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में करीब 4.5 करोड़ उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया. ये परीक्षाएं देश के 150 से अधिक शहरों में आयोजित की गईं और अभ्यर्थियों को 15 भारतीय भाषाओं में परीक्षा देने का विकल्प दिया गया.

रेलवे का कहना है कि स्थानीय भाषाओं में परीक्षा की सुविधा देने से देश के अलग-अलग हिस्सों के युवाओं को ज्यादा आसानी हुई है. मंत्रालय के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी, तेज और सभी के लिए सुलभ बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें- हरसिमरत ने गृह मंत्री अमित शाह से पंजाब में परीक्षा पेपर लीक की जांच के आदेश देने की मांग की

-भारत एक्सप्रेस

Bharat Express Desk

Recent Posts

बॉलीवुड सितारों की दिवाली 2026, कंगना रनौत से रकुलप्रीत और शरवरी तक ने शेयर की तस्वीरें

Bollywood Diwali Celebration 2026: दिवाली 2026 पर बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने अपने खास अंदाज में त्योहार…

5 hours ago

दिवाली पर जवानों के बीच पहुंचे राजनाथ सिंह, बोले- आपकी वजह से देश के घरों में जलते हैं दीये, शहीदों को किया नमन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिक्किम के शेराथांग युद्ध स्मारक पर भारतीय सेना के जवानों…

5 hours ago

दिवाली पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले पीएम मोदी, राष्ट्रपति भवन पहुंचकर दी शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने दिवाली के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं…

6 hours ago

दिवाली पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिले पीएम मोदी, परिवार को दी शुभकामनाएं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली के मौके पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनके परिवार…

6 hours ago

100वें साल में पहुंचे लालकृष्ण आडवाणी, पीएम मोदी ने घर जाकर दी जन्मदिन की बधाई, BJP मुख्यालय में हुआ हवन

पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश किया. इस…

6 hours ago