(फाइल फोटो: IANS)
PM Narendra Modi Aircraft: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान में शुक्रवार को तकनीकी खराबी (Technical Snag) आ गई, जिसके कारण विमान को झारखंड (Jharkhand) के देवघर हवाई अड्डे (Deoghar Airport) पर ही रुकना पड़ा, जिससे उनकी दिल्ली वापसी में कुछ देरी हुई.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (15 नवंबर) को बिहार के जमुई जिले के खैरा प्रखंड के बल्लोपुर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के मौके पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए.
कार्यक्रम के बाद दिल्ली लौटने के दौरान उनके विमान को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इसके बाद एहतियाती उपाय के तौर पर विमान को जमीन पर उतार दिया गया, जबकि तकनीकी टीमें समस्या की पहचान करने और उसे हल करने का काम किया.
तकनीकी खराबी आने की वजह से प्रधानमंत्री तकरीबन 2 घंटे तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे. इसके बाद वह एक दूसरे विमान से राजधानी दिल्ली लौट आए हैं. अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी को बिहार के जमुई हुए कार्यक्रम के बाद भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली वापस लौटना था. जमुई देवघर से लगभग 80 किलोमीटर दूर है.
देवघर के डिप्टी कमिश्नर विशाल सागर ने बताया, ‘प्रधानमंत्री मोदी अपने वायुसेना के विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद दूसरे विशेष विमान से देवघर से दिल्ली के लिए रवाना हुए. विमान में समय पर खराबी को ठीक नहीं किया जा सका. प्रधानमंत्री को दो घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा.’
इधर, पीएम के दौरे को लेकर देवघर को नो फ्लाई जोन (No Fly Zone) घोषित किए जाने की वजह से शुक्रवार को चुनाव प्रचार के लिए झारखंड पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन (Kalpana Soren) के हेलीकॉप्टरों की भी उड़ानें रोकी गई हैं.
राहुल गांधी गोड्डा जिले के मेहरमा में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे. सभा के बाद जब वह वापसी के लिए हेलीकॉप्टर पर बैठे तो उसे उड़ान की स्वीकृति नहीं दी गई. काफी देर तक उनका हेलीकॉप्टर मेहरमा में ही खड़ा रहा. इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया.
महगामा की विधायक और कांग्रेस उम्मीदवार दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री देवघर में इसलिए हैं, ताकि राहुल गांधी को उस क्षेत्र से गुजरने की अनुमति न मिले. प्रोटोकॉल है, जिसे हम समझते हैं, लेकिन कांग्रेस ने 70 वर्षों तक देश पर शासन किया और ऐसी घटना कभी किसी विपक्षी नेता के साथ नहीं हुई. यह स्वीकार्य नहीं है.
ये भी पढ़ें: PM Modi ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर 6,640 करोड़ रुपये की योजनाओं का दिया तोहफा, Bihar में ली खास सेल्फी
ये भी पढ़ें: बिहार के जमुई में PM Modi ने कहा- NDA सरकार का जोर जनजातीय समाज की पढ़ाई, कमाई और दवाई पर
इसी तरह देवघर विधानसभा के लिए सोनवा डंगाल (रिखिया) में आयोजित इंडिया गठबंधन की जनसभा में गांडेय विधायक और JMM की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन समय पर नहीं पहुंच पाईं. बताया गया कि प्रधानमंत्री का विमान देवघर एयरपोर्ट पर रहने की वजह से नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है और इस वजह से हेलीकॉप्टरों को उड़ान की अनुमति नहीं दी गई.
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के जमुई में आदिवासी नेता बिरसा मुंडा को उनकी 150वीं जयंती के अवसर पर ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की. जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी नृत्य कलाकारों के साथ शामिल हुए और उन्होंने पारंपरिक ढोल पर भी हाथ आजमाया.
इस मौके पर उन्होंने 6,640 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर लोगों को तोहफा दिए. इन परियोजनाओं में सड़क, बिजली, जल आपूर्ति और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं. पीएम मोदी भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में विशेष स्मारक सिक्के और डाक टिकट का भी अनावरण भी किया. उन्होंने समारोह स्थल पर लगे जनजातीय हाट का भी जायजा लिया.
(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट के साथ)
Ramayana Box Office: अमेरिकी बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' को 'गॉडजिला माइनस जीरो' से कड़ी टक्कर…
Pakistan Diwali News: पाकिस्तान में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने हिंदू समुदाय को दिवाली की बधाई…
Jensen Huang China Spy: जेन्सन हुआंग के संपर्क में एलिस हुआंग नाम की एक महिला…
Japan Earthquake 2026: जापान में 5.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से धरती कांप उठी, जिसमें…
Gold-Silver Price Today: वैश्विक बाजार में सोना 24% सस्ता हुआ है, जबकि भारत में यह…
Middle East News: रियाद एयरपोर्ट पर हमले के बाद सऊदी अरब ने यमन में भीषण…