कांग्रेस सांसद राहुल गांधी.
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली से सटे हरियाणा के चरखी दादरी और महाराष्ट्र के धुले की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों पर लगातार हमले हो रहे हैं और सरकारी तंत्र मूकदर्शक बना देख रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले, नफरत के खिलाफ भारत जोड़ने की इस ऐतिहासिक लड़ाई को हम हर हाल में जीतेंगे.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”नफरत को राजनीतिक हथियार बनाकर सत्ता की सीढ़ी चढ़ने वाले देशभर में लगातार भय का राज स्थापित कर रहे हैं. भीड़ की शक्ल में छिपे हुए नफरती तत्व कानून के राज को चुनौती देते हुए खुलेआम हिंसा फैला रहे हैं. भाजपा सरकार से इन उपद्रवियों को खुली छूट मिली हुई है, इसीलिए उनमें ऐसा कर पाने का साहस पैदा हो गया है. अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों पर लगातार हमले जारी हैं और सरकारी तंत्र मूकदर्शक बना देख रहा है.”
उन्होंने कहा, ”ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर कानून का इकबाल क़ायम किया जाना चाहिए. भारत की सांप्रदायिक एकता और भारतवासियों के अधिकारों पर किसी भी तरह का हमला संविधान पर हमला है जो हम बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे. भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले, नफरत के खिलाफ भारत जोड़ने की इस ऐतिहासिक लड़ाई को हम हर हाल में जीतेंगे.”
बता दें कि हरियाणा के चरखी-दादरी में गौरक्षक समूह के लोगों ने बीफ खाने के शक में पश्चिम बंगाल के रहने वाले दो प्रवासी मजदूरों की पिटाई कर दी थी, जिसमें एक की मौत और दूसरा बुरी तरह से जख्मी हो गया. पुलिस ने इसमें गौरक्षक समूह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. वहीं, दो नाबालिग को हिरासत में लिया गया है.
यह भी पढ़ें- कंगना रनौत पर सत्यपाल मलिक का बड़ा हमला, बोले- अनावश्यक विवाद पैदा करती हैं, उन्हें पार्टी से निकाल देना चाहिए
वहीं, महाराष्ट्र के धुले एक्सप्रेस में एक बुजुर्ग की गौमांस ले जाने के शक में कुछ यात्रियों ने जमकर पिटाई कर दी थी. अशरफ अली सैयद ट्रेन से अपनी बेटी के घर मालेगांव जा रहे थे. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
-भारत एक्सप्रेस
Jio IPO Listing: जियो प्लेटफॉर्म्स का बहुचर्चित IPO 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट…
E20 पेट्रोल के विरोध पर नितिन गडकरी ने इसे 'पेड कैंपेन' बताया, वहीं पेट्रोलियम मंत्री…
Bihar MLC Election Results: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना जारी है. मतगणना…
भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की जमानत याचिका पर…
WhatsApp SIM Binding Rule को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं. क्या अकाउंट चलाने…
सुप्रीम कोर्ट ने यौन उत्पीड़न मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम बापू को…