यति नरसिंहानन्द (फोटो: सोशल मीडिया)
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से कहा गया है कि उत्तर प्रदेश के विवादास्पद पुजारी यति नरसिंहानंद के हालिया बयान ने एक बार फिर समाज में भारी अशांति और नफरत का माहौल पैदा कर दिया है. इस बार उन्होंने धार्मिक भावना पर चोट करते हुए कहा, ‘अगर हर दशहरे पर पुतले जलाने हैं, तो मोहम्मद के पुतले जलाओ.’ संगठन ने कहा कि यह बयान केवल मुस्लिम समुदाय को आहत करने वाला नहीं, बल्कि भारतीय समाज की सांप्रदायिक सद्भावना के लिए भी एक गंभीर खतरा है.
मंच ने एक बैठक में नरसिंहानंद के बयान की कड़ी निंदा की है और इसे एक संगठित प्रयास बताया है, जिसका मकसद समाज में विभाजन और नफरत फैलाना है. मंच ने घोषणा की है कि देशभर में यति नरसिंहानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और इसके लिए एक राष्ट्रीय अभियान चलाया जाएगा ताकि ऐसे घृणास्पद बयान देने वालों को कानूनी रूप से रोका जा सके.
बैठक के बाद संगठन के राष्ट्रीय संयोजक एवं मीडिया प्रभारी शाहिद सईद ने कहा, ‘हमारे कार्यकर्ता देश के हर हिस्से में यति नरसिंहानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे. यह नफरत भरी बयानबाजी केवल मुसलमानों के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरे देश के खिलाफ है.’ उन्होंने नरसिंहानंद के बयान को ‘धार्मिक उकसावे’ का नाम दिया. उन्होंने कहा, ‘ऐसे बयान देश की संवैधानिक संरचना को चोट पहुंचाते हैं. मुस्लिम राष्ट्रीय मंच इसके खिलाफ कानूनी और सामाजिक दोनों स्तरों पर संघर्ष करेगा.’
यति नरसिंहानंद के खिलाफ पहले से कई एफआईआर दर्ज हैं, जो उनके भड़काऊ और नफरत भरे भाषणों से संबंधित हैं, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.
मंच के राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद आफजल ने इस पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा, ‘नरसिंहानंद के खिलाफ पहले से दर्ज एफआईआर पर कार्रवाई का न होना प्रशासन की विफलता को दर्शाता है. यह न केवल मुस्लिम समुदाय को बल्कि पूरे देश के कानून और व्यवस्था को कमजोर करता है.’
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने जल्द ही कार्रवाई नहीं की, तो इससे समाज में और अधिक अस्थिरता पैदा होगी और ऐसे घृणा फैलाने वाले लोग बेखौफ होकर अपने एजेंडे को आगे बढ़ाएंगे. बैठक में विराग पचपोर, शाहिद अख्तर, सैयद रजा हुसैन रिजवी, अबू बकर नकवी, गिरीश जुयाल, एसके मुद्दीन, शालिनी अली, रेशमा हुसैन, माजिद तालिकोटी, ताहिर हुसैन, इरफान अली पीरजादा, हाफिज मोहम्मद साबरीन आदि मौजूद रहे.
-भारत एक्सप्रेस
IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला T20 आज लखनऊ में खेला जाएगा.…
Gold Silver News: दिल्ली सर्राफा बाजार में सुस्त मांग के चलते सोना और चांदी स्थिर…
सऊदी अरब के साथ पाकिस्तान के रक्षा समझौते को लेकर उसकी सेना की संभावित तैनाती…
बिग बॉस के घर में कंटेस्टेंट स्काउट की हरकतों ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा…
Delhi News: MCD स्कूलों के 5.1 लाख छात्रों को इस सप्ताह यूनिफॉर्म और स्कूल बैग…
बल्लभगढ़ के सेक्टर-62-64 चौक के पास चाट की रेहड़ी लगाने को लेकर हुए विवाद ने…