प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै में बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स तस्करी से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के खिलाफ पांच ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई ऐसे नेटवर्क के खिलाफ की जा रही है, जो समुद्री रास्ते से भारी मात्रा में मादक पदार्थ श्रीलंका भेजने में शामिल था. ईडी की जांच के मुताबिक, यह गिरोह करीब 99 किलो हशीश और 37.5 किलो मेथामफेटामाइन (ICE ड्रग्स) की तस्करी कर रहा था.
बरामद हशीश की अनुमानित बाजार कीमत करीब 108 करोड़ रुपये और मेथामफेटामाइन की कीमत करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है. यह मनी लॉन्ड्रिंग जांच राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) द्वारा जॉन ब्रिट्टो और उसके सहयोगियों के खिलाफ दर्ज दो आपराधिक मामलों के आधार पर शुरू की गई है. इन मामलों में एनडीपीएस एक्ट और कस्टम्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी.
जांच एजेंसियों के मुताबिक, 5 मार्च 2024 को भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) से मिली सूचना के आधार पर DRI ने गल्फ ऑफ मन्नार के गहरे समुद्री क्षेत्र में एक मछली पकड़ने वाली नाव से 99 किलो हशीश बरामद की थी. उस दौरान रामिश, जानसन और प्रताप नामक तीन लोग नाव के जरिए यह ड्रग्स श्रीलंका पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे. पूछताछ में सामने आया कि वे यह काम जॉन ब्रिट्टो के निर्देश पर कर रहे थे. इसके अलावा, 1 मार्च 2024 को DRI ने मदुरै रेलवे स्टेशन पर जॉन ब्रिट्टो के सहयोगी फिलोमेन प्रकाश को 37.645 किलो मेथामफेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया था. जांच एजेंसियों को शक है कि यह खेप भी श्रीलंका भेजी जानी थी.
ईडी की जांच में अब तक सामने आया है कि जॉन ब्रिट्टो इस पूरे ड्रग्स सिंडिकेट का मास्टरमाइंड है और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है. वह अपने नेटवर्क के जरिए मछुआरों और नाव मालिकों को शामिल कर भारतीय समुद्री सीमा से ड्रग्स को सुरक्षित तरीके से बाहर भेजता था और खुले समुद्र में अपने श्रीलंकाई संपर्कों तक पहुंचाता था.
फिलहाल ईडी इस नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन, ड्रग्स तस्करी से अर्जित संपत्तियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: खुद का वीडियो ही बना गले की फांस! नीट पेपर लीक में RCC कोचिंग के मालिक मोटेगांवकर की रिमांड बढ़ी
-भारत एक्सप्रेस
Supreme Court: सेंट्रल विस्टा प्लान में पर्याप्त जगह न मिलने के कारण 135 साल पुरानी…
Lucknow Ludo Dispute Murder: लखनऊ के अलीगंज में लूडो खेलने के दौरान हुए विवाद में…
IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान विराट कोहली…
Gold Rate Today: वैश्विक बाजार में इस हफ्ते सोना 3.4% तक गिरा है, लेकिन भारतीय…
CEC Gyanesh Kumar: केरल सरकार ने 2006 के मामले में विजिलेंस जांच के आदेश दिए…
Premanand Maharaj Ashram Controversy: वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़ी घटनाओं ने एक…