उत्तर प्रदेश

दीपावली-छठ पर योगी सरकार का तोहफा, 12 दिन तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें

UPSRTC Diwali Chhath Special Bus: योगी सरकार दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था करने जा रही है. त्योहारों पर घर जाने वाले लोगों को बसों की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा. 6 नवंबर से 17 नवंबर तक अधिक से अधिक बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं. खासतौर पर दिल्ली और दूसरे महानगरों से पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप सरकार का जोर त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने पर है. छठ पर्व के दौरान पूर्वांचल के बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, गाजियाबाद और अन्य महानगरों से अपने घर लौटते हैं. यात्रियों की इस बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है.

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए पर्याप्त संख्या में बसें चलाई जाएं. इसके अलावा लखनऊ और कानपुर के लिए भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए. पूर्वी उत्तर प्रदेश से गाजियाबाद, दिल्ली और पश्चिमी क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने पर वहां से भी अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी. इसके लिए 60 प्रतिशत से अधिक यात्री मिलने पर अतिरिक्त सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं.

दिल्ली से गोरखपुर, वाराणसी और अयोध्या के लिए बढ़ेंगी बसें

त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. इसके साथ ही गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा क्षेत्रों के लिए भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी. क्षेत्रीय प्रबंधक यात्रियों की मांग के अनुसार बसों की संख्या घटा या बढ़ा सकेंगे. भैयादूज पर स्थानीय और आस-पास के जिलों में यात्रियों की संख्या बढ़ने को देखते हुए क्षेत्रीय अधिकारियों को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. इससे त्योहार के दौरान स्थानीय स्तर पर भी लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी.

सभी बसें सड़क पर उतारने के निर्देश

परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि प्रोत्साहन अवधि में निगम की सभी बसों को शत-प्रतिशत सड़क पर उतारा जाए. इसके लिए बसों की मरम्मत, जरूरी कलपुर्जों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में अनफिट बसों का संचालन नहीं किया जाएगा. अनुबंधित बसों के मालिकों को भी पहले से सूचना देकर बसों की मरम्मत कराने और उन्हें संचालन के लिए उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं. इस अवधि में विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी स्वीकृत नहीं की जाएंगी. सभी की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी.

चालकों और परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि

त्योहारों के दौरान बेहतर बस संचालन के लिए परिवहन निगम चालक और परिचालकों को विशेष प्रोत्साहन राशि भी देगा. प्रबंध निदेशक परिवहन निगम प्रभु नारायण सिंह के मुताबिक संविदा और आउटसोर्सिंग सहित पात्र चालक-परिचालकों को निर्धारित मानक पूरे करने पर 400 रुपये प्रतिदिन की दर से प्रोत्साहन राशि मिलेगी. इसके लिए कम से कम 11 दिन ड्यूटी करना और प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस चलाना जरूरी होगा. 11 दिन निर्धारित मानक पूरा करने वाले कर्मचारियों को एकमुश्त 4,400 रुपये दिए जाएंगे. वहीं, पूरे 12 दिन ड्यूटी करने और निर्धारित किलोमीटर का लक्ष्य पूरा करने पर 4,800 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी.

संविदा और बाह्य स्रोत से जुड़े चालक-परिचालकों को निर्धारित किलोमीटर से अधिक बस चलाने पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त भुगतान भी किया जाएगा.

इलेक्ट्रिक बस चलाने पर भी मिलेगा अतिरिक्त लाभ

परिवहन निगम इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को भी प्रोत्साहित कर रहा है. प्रोत्साहन अवधि में नियमित और संविदा चालक यदि कम से कम 11 दिन इलेक्ट्रिक बस चलाते हैं और कुल 3,300 किलोमीटर का संचालन पूरा करते हैं तो उन्हें निर्धारित प्रोत्साहन राशि के अतिरिक्त करीब 1 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा.

कार्यशाला कर्मचारियों को भी मिलेगी प्रोत्साहन राशि

बसों को बेहतर स्थिति में सड़क पर उतारने में कार्यशाला कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. इसे देखते हुए परिवहन निगम ने डिपो कार्यशाला और क्षेत्रीय कार्यशाला में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी प्रोत्साहन राशि तय की है. प्रोत्साहन अवधि में लगातार 12 दिन ड्यूटी करने वाले पात्र कर्मचारियों को एकमुश्त 2,500 रुपये और 11 दिन ड्यूटी करने वालों को 2,100 रुपये दिए जाएंगे. इसमें निगम से सीधे जुड़े आउटसोर्स कर्मचारी भी शामिल होंगे. इसके अलावा क्षेत्रीय प्रबंधकों को 10 हजार रुपये और सेवा प्रबंधकों को पांच हजार रुपये दिए जाएंगे. इस राशि का वितरण क्षेत्रीय समिति की संस्तुति पर बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को किया जाएगा.

सुरक्षित सफर के लिए ब्रेथ एनालाइजर से जांच

परिवहन मंत्री ने प्रवर्तन दलों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं. सभी चालकों और परिचालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई जाएगी, ताकि नशे की स्थिति में कोई भी चालक बस का संचालन न करे. क्षेत्रीय स्तर पर प्रवर्तन दलों को लगातार जांच करने के लिए भी कहा गया है.

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने भरोसा दिलाया है कि परिवहन मंत्री के निर्देशों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा. इसके लिए सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं. बस अड्डों और बसों में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं.

यह भी पढ़ें:

-भारत एक्सप्रेस

Vaibhav Gupta

Recent Posts

हाथ में नहीं टिकता पैसा? नरक चतुर्दशी और दिवाली की रात करें ये सरल शास्त्रीय उपाय, बरसने लगेगी मां लक्ष्मी की कृपा

दीपावली महापर्व पर मां लक्ष्मी की असीम कृपा और स्थायी समृद्धि प्राप्त करने के लिए…

42 minutes ago

9 नवंबर को 1,024 करोड़ की सौगात, 1,200 परिवारों को मिलेंगे घर; कांकरिया में दौड़ेंगी नई टॉय ट्रेन

Amit Shah Ahmedabad Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 9 नवंबर को अहमदाबाद दौरे पर…

51 minutes ago

VRINDAVAN: श्रीबांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए नई व्यवस्था, दिवाली और कार्तिक मास में सुलभ दर्शन की तैयारी

Banke Bihari Temple: दिवाली और कार्तिक मास के पावन अवसर पर ब्रजभूमि के प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी…

57 minutes ago

दिवाली-छठ पर योगी सरकार अलर्ट, यूपी के सभी मेडिकल कॉलेजों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा; लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

दीपावली और छठ पूजा के दौरान हादसों और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए योगी…

1 hour ago

PM मोदी से मिले सूर्यकुमार यादव, पत्नी-बेटी के साथ पहुंचे प्रधानमंत्री आवास; नन्ही बच्ची के भजन पर मंत्रमुग्ध हुए PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनतेरस के मौके पर पूर्व भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव, उनकी…

2 hours ago