Ghaziabad Modinagar Murder: दिल्ली-NCR में अपना एक घर या जमीन होना आज किसी के समय में किसी बड़े सपने से कम नहीं है. बाहर से आने वाले लोग सालों-साल मेहनत करने के बाद भी यहां एक छोटा सा फ्लैट तक खरीदने के लिए तरस जाते हैं. लेकिन दूसरी तरफ इसी इलाके के कुछ मूल निवासियों के बीच पुश्तैनी जायदाद को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया. ये दिल दहला देने वाला मामला गाजियाबाद के मोदीनगर से सामने आया है जहां एक 32 साल के कलयुगी बेटे ने जायदाद के लालच में अपने ही 52 साल के पिता को मां और छोटे भाई के सामने गोलियों से भून डाला. इस वारदात में जान गंवाने वाले पिता की पहचान इलाके के किसान हरिओम चौधरी उर्फ हरिओम नेहरा के रूप में हुई है जबकि हत्या का आरोपी उनका बड़ा बेटा निखिल नेहरा है.
मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव के रहने वाले हरिओम चौधरी की गिनती इलाके के रईस किसानों में होती थी. जानकारी के मुताबिक पता चला है कि उनके पास करीब 75 बीघा खेती की जमीन थी इसके अलावा दिल्ली-मेरठ रोड पर स्थित जीवन अस्पताल के ठीक सामने उनकी एक बड़ी मार्केट भी है. परिवार में हरिओम की पत्नी अनिता और दो बेटे, आरोपी निखिल व नीशू थे.
शुरुआती जांच में पता चला है कि बड़ा बेटा निखिल बेहद खर्चीला और शराब पीने का आदी था. वह काफी समय से पिता पर पूरी संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बना रहा था. हरिओम ने उसकी जरूरतों को देखते हुए पहले ही उसे 25 बीघा जमीन और मार्केट की कुछ दुकानें दे दी थीं. लेकिन निखिल का लालच इससे शांत नहीं हुआ वह बाकी की संपत्ति भी अपने नाम कराना चाहता था. पिता अक्सर उसे टोकते थे कि अगर ये जमीन भी तेरे नाम कर दी तो तू इसे अपनी शराब और अय्याशी के शौक में बेचकर खा जाएगा. इसी बात को लेकर घर में अक्सर कलह होती थी.
वारदात वाली रात हरिओम ने अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ शांति से खाना खाया था. उस वक्त निखिल घर पर नहीं था. बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ कहीं शराब पार्टी कर रहा था. देर रात जब वह पूरी तरह नशे में धुत्त होकर घर लौटा तो संपत्ति की बात को लेकर एक बार फिर उसका पिता से विवाद शुरू हो गया. हरिओम ने जब उसे डांटा तो निखिल ने बिना कुछ सोचे समझे अपनी पिस्टल निकाल ली.
बहस और शोर-शराबा सुनकर दूसरे कमरे से मां अनिता और छोटा भाई नीशू भी वहां दौड़कर आए. उन्होंने निखिल को रोकने की कोशिश की उनके बीच हाथापाई भी हुई लेकिन गुस्से और नशे में निखिल ने पिता पर एक के बाद एक कई गोलियां दाग दीं. पहली गोली चेहरे पर लगते ही हरिओम फर्श पर गिर पड़े जिसके बाद निखिल ने उनके सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुलिस के मुताबिक हरिओम के शरीर पर 4 से 6 गोलियों के निशान मिले हैं.
पुलिस की तफ्तीश में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोपी निखिल का हिंसक रवैया नया नहीं है. साल 2018 में भी उसने घरेलू विवाद के चलते अपने छोटे भाई नीशू पर गोली चला दी थी जिसमें नीशू गंभीर रूप से घायल हो गया था. हरिओम के दोनों बेटों की अभी शादी नहीं हुई थी और घर में लगातार इस तरह के विवाद हो रहे थे.
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा और डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. हत्यारे बेटे निखिल को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की 4 टीमें लगातार अलग-अलग ठिकानों पर तलाश कर रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
पीएम मोदी के पुराने स्कूलमेट असगर अली वोरा ने 8 सितंबर को भायंदर की 2,810…
Ganesh Puja Thailand: थाईलैंड के बैंकॉक में गणेश जी की मूर्ति के सामने बोबा टी…
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि मक्का की ओर बढ़ रहे…
IMD ने 16 सितंबर को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत…
16 सितंबर 2026, बुधवार को भाद्रपद शुक्ल पंचमी के साथ स्कंद षष्ठी और बलराम जयंती…
16 सितंबर 2026 को चंद्रमा के वृश्चिक राशि में गोचर और ज्योतिषीय योगों के बीच…