इमरान खान गिरफ्तार
Imran Khan Arrested: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को पाक रेंजर्स ने इस्लामाबाद हाई कोर्ट के कोर्ट रूम में गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद कई शहरों में पीटीआई कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और उन्होंने जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की, जिसके बाद पूरे देश में धारा 144 लागू कर दिया गया है. कराची, इस्लामाबाद और पेशावर समेत कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं हुई हैं. इस बीच जानकारी सामने आ रही है कि गिरफ्तारी के कुछ घंटे पहले ही एक आतंकवाद रोधी अदालत ने कई मामलों में इमरान खान की अंतरिम जमानत अर्जी मंजूर की थी.
इमरान खान के खिलाफ इस वक्त 121 मामले हैं, जिनमें राजद्रोह, आतंकवाद, ईशनिंदा और हिंसा भड़काने के आरोप शामिल हैं. डॉन अखबार की खबर के अनुसार, आतंकवाद रोधी अदालत के जज राजा जवाद अब्बास ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख की अर्जी पर सुनवाई की. इमरान खान ने यहां 18 मार्च को संघीय न्यायिक परिसर के बाहर हुई हिंसा से जुड़े मामलों में जमानत की अर्जी दी थी.अदालत ने सभी सात मामलों में 50,000 पाकिस्तानी रुपये के मुचलके पर खान (70) को जमानत दे दी.
पूर्व प्रधानमंत्री खान को मंगलवार को अर्धसैनिक बलों ने उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह भ्रष्टाचार के एक मामले में सुनवाई के लिये इस्लामाबाद हाई कोर्ट में मौजूद थे. पाकिस्तान के पूर्व पीएम ने एक दिन पहले, उनकी हत्या की कथित तौर पर साजिश रचने को लेकर सेना पर निशाना साधा था. एनएबी के एक अधिकारी ने यह पुष्टि की है,“खान को रियल एस्टेट कारोबारी मलिक रियाज को जमीन स्थानांतरित करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है और उन्हें एनएबी को सौंपा जा रहा है.”
इस्लामाबाद पुलिस ने आईजी अकबर नासिर खान के हवाले से एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया है कि खान को उस मामले में गिरफ्तार किया गया है जिसमें आरोप है कि उन्होंने और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने 50 अरब पाकिस्तानी रुपये को वैध बनाने के लिए एक रियल एस्टेट कंपनी से रिश्वत ली थी.
पूर्व प्रधानमंत्री खान, अपनी पत्नी बुशरा और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ एनएबी की जांच का सामना कर रहे हैं. यह मामला इमरान खान नीत (अपदस्थ) सरकार और एक रियल एस्टेट कारोबारी के बीच हुए एक समझौते से संबद्ध है, जिससे देश के राजकोष को 19 करोड़ पाउंड का नुकसान हुआ था.
इमरान ने पूर्व में कहा था कि पीएम पद से इस्तीफा देने के बाद से उनके खिलाफ देश भर में 140 से अधिक मामले दर्ज किये गये हैं. इमरान ने हाल में मामलों की एक लिस्ट इस्लामाबाद हाई कोर्ट को सौंपी थी. लिस्ट में कहा गया है कि उनके खिलाफ 31 मामले संघीय राजधानी में और 30 मामले लाहौर में दर्ज किये गये हैं तथा नोटिस जारी किये गये हैं. इस लिस्ट के मुताबिक इमरान के खिलाफ आतंकवाद के 12 मामले लाहौर में दर्ज किये गए हैं और फैसलाबाद में 14 मामले दर्ज किएगए हैं. उनके खिलाफ आतंकवाद के करीब 22 मामले देश के विभिन्न हिस्सों में दर्ज किए गए हैं.
इमरान ने मंगलवार को इस्लामाबाद हाई कोर्ट से उन्हें एक अन्य मामले में अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया था, जो आवश्यक अनुमति के बिना इस्लामाबाद में एक रैली कर धारा 144 का उल्लंघन को लेकर उनके खिलाफ दर्ज है. अनुमति के बिना शनिवार को इस्लामाबाद में एक रैली करने को लेकर पुलिस ने इमरान और उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ एक मामला दर्ज किया था. इस मामले में उनके वकील सलमान सफदर द्वारा दायर एक याचिका के अनुसार, पूर्व पीएम ने इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक, महाधिवक्ता और एक अतिरिक्त अटार्नी जनरल को पत्र लिख कर उन्हें जांच में शामिल करने का आग्रह किया लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला.
बता दें कि पिछले साल अप्रैल में संसद में अविश्वास प्रस्ताव के जरिये खान को प्रधानमंत्री पद से अपदस्थ किये जाने के बाद से उनके खिलाफ 120 से अधिक मामले दर्ज किये गये हैं. हालांकि, उन्होंने इन सभी मामलों को फर्जी और मनगढ़ंत करार देते हुए दावा किया है कि ये उन्हें राजनीतिक परिदृश्य से बाहर रखने के लिए दर्ज किये गये हैं.
200 करोड़ रुपये के सुकेश चंद्रशेखर ठगी मामले में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेत्री…
अमित शाह के लखनऊ दौरे और प्रदेश कार्यसमिति बैठक के बाद साफ है कि यूपी…
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने DHFL घोटाले के मुख्य आरोपी वधावन बंधुओं पर अतिरिक्त…
PM Modi Bharat Parv 2026 Ekta Nagar: पीएम मोदी ने एकता नगर में 'भारत पर्व…
Amit Shah UP BJP working committee meeting Lucknow 2027: लखनऊ में अमित शाह का चुनावी…
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वकीलों को जबरन अदालत में पेश होने से रोके जाने पर कड़ी…