दुनिया

तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन का 73 साल की उम्र में निधन, परिवार ने की पुष्टि, सैन फ्रांसिस्को के एक अस्पताल में चल रहा था इलाज

तबला वादक जाकिर हुसैन ने 73 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली. उनके परिवार ने सोमवार को यह जानकारी दी. परिवार ने बताया कि इडियोपैथिक पल्मोनरी फाइब्रोसिस से उत्पन्न जटिलताओं के कारण सैन फ्रांसिस्को के एक अस्पताल में हुसैन का निधन हो गया. हुसैन को अपनी पीढ़ी का सबसे महान तबला वादक माना जाता है, उनकी पत्नी एंटोनिया मिनेकोला और बेटियां अनीसा कुरैशी और इसाबेला कुरैशी हैं. 9 मार्च 1951 को जन्मे हुसैन महान तबला वादक उस्ताद अल्ला रक्खा के पुत्र थे.

परिवार ने निधन की पुष्टि की

परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वह अपने पीछे एक असाधारण विरासत छोड़ गए हैं, जिसे दुनिया भर के अनगिनत संगीत प्रेमी संजोकर रखेंगे, जिसका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों तक रहेगा.

6 दशक का रहा लंबा करियर

अपने छह दशक के करियर में हुसैन ने कई प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय कलाकारों के साथ काम किया. 1973 में उन्होंने अंग्रेजी गिटारवादक जॉन मैकलॉघलिन, वायलिन वादक एल शंकर और तालवादक टीएच ‘विक्कू’ विनायकराम के साथ एक संगीत प्रोजेक्ट पर काम किया, जिसमें भारतीय शास्त्रीय और जैज को एक ऐसे फ्यूजन में लाया गया जो अब तक अज्ञात था.

शास्त्रीय संगीत को अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाया

उन्होंने अपने करियर में रविशंकर, अली अकबर खान और शिवकुमार शर्मा सहित भारत के लगभग सभी प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ काम किया. यो-यो मा, चार्ल्स लॉयड, बेला फ्लेक, एडगर मेयर, मिकी हार्ट और जॉर्ज हैरिसन जैसे पश्चिमी संगीतकारों के साथ उनके अभूतपूर्व काम ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाया.

कई पुरस्कार से हुए सम्मानित

अपने करियर में उन्होंने चार ग्रैमी पुरस्कार प्राप्त किए, जिनमें इस साल की शुरुआत में 66वें ग्रैमी पुरस्कार में तीन शामिल हैं. उन्हें 1988 में पद्मश्री, 2002 में पद्म भूषण और 2023 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया.

यह भी पढ़ें- मशहूर तबला वादक ज़ाकिर हुसैन की हालत गंभीर, US के अस्पताल में हैं भर्ती

अक्टूबर में हुसैन ने बताया था कि वह शरद ऋतु का मौसम अमेरिका में बिता रहे हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने अपने फॉलोअर्स को अमेरिका में बदलते मौसम की झलक दिखाई. उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, “बस एक अद्भुत पल साझा कर रहा हूं…” हुसैन के निधन की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेश आने लगे.

-भारत एक्सप्रेस

Shailendra Verma

Recent Posts

मुरासु चक्रवात बना बड़ा खतरा, 120 KMPH की रफ्तार से आंध्र तट की ओर बढ़ा तूफान, IMD अलर्ट

Cyclone Murasu Update: IMD ने बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात मुरासु को लेकर अलर्ट…

17 minutes ago

Crop Compensation: अन्नदाताओं के लिए बड़ी राहत, बारिश से खराब हुआ धान; झटपट ऐसे क्लेम करें सरकारी मुआवजा

Crop Compensation: बारिश से धान की फसल बर्बाद होने पर किसान सरकारी मुआवजे और फसल…

19 minutes ago

नशे में धुत पंजाब के सीएम भगवंत मान? जानिए वायरल वीडियो का सच

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का नशे की हालत में बताकर वायरल किया गया वीडियो…

22 minutes ago

तमिलनाडु दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को दी बधाई, देश की प्रगति में योगदान की जमकर की सराहना

तमिलनाडु दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता को बधाई दी…

54 minutes ago

पंजाब चुनाव से पहले खेला! ‘आप’ के 2 विधायकों ने खोला मोर्चा, शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस में खोलेंगे ‘झाड़ू’ की पोल

Punjab News: पंजाब में 'आप' को बड़ा झटका, विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह…

1 hour ago