ब्लॉग

मोबाइल के शोर के बीच किताबों में सुकून तलाशता मन, पढ़िए.. सुधा और चंदर के बदलते रूप की दास्तां

आज की भागती-दौड़ती जिंदगी और स्मार्टफोन की चमक-धमक के बीच हम अक्सर खुद से मिलना भूल जाते हैं. तकनीक ने हमें पूरी दुनिया से तो जोड़ दिया, लेकिन शायद खुद से दूर कर दिया है. इसी शोर के बीच किताबें ही वो जरिया हैं, जो हमें ठहराव देती हैं. नोएडा जैसे व्यस्त शहर में रहने के दौरान किताबों से मेरा जुड़ाव गहरा हुआ और इसी यात्रा में दो ऐसी कृतियां सामने आईं, जिन्होंने प्रेम और समाज के बदलते स्वरूप को मेरे सामने परत-दर-परत खोलकर रख दिया.

‘गुनाहों का देवता’: खामोशियों में धड़कता प्रेम

मेरी इस पाठकीय यात्रा की शुरुआत हुई धर्मवीर भारती के कालजयी उपन्यास ‘गुनाहों का देवता’ के साथ. इसे पढ़ते समय ‘चंदर’ और ‘सुध’ केवल कागजी पात्र नहीं रहे, बल्कि एक जीवंत एहसास बन गए. इस उपन्यास का प्रेम शब्दों से ज्यादा खामोशियों में सांस लेता है. वह अधूरापन, वह त्याग और वह विरह की गरिमा—ये सब मिलकर दिल में एक ऐसा खालीपन छोड़ जाते हैं, जिसे भरना नामुमकिन सा लगता है.

इस उपन्यास की कुछ पंक्तियाँ ऐसी हैं जो रूह को छू जाती हैं. पढ़ते हुए कई बार आँखें नम हो गईं और शब्द धुंधले पड़ गए. यह एक ऐसा प्रेम है, जहाँ मिलन से ज्यादा बिछड़ने की गरिमा है और जहाँ अभिव्यक्ति से ज्यादा अनकहे जज्बातों की ताकत. आज के दौर में भी चंदर और सुधा की कहानी दिल को इस कदर झकझोरती है कि पाठक खुद को उसी कालखंड का हिस्सा मानने लगता है.

‘मुसाफिर कैफ़े’: आधुनिक रिश्तों का आईना

‘गुनाहों का देवता’ के भारीपन और गहराई को समेटे हुए जब मैंने दिव्य प्रकाश दुबे की ‘मुसाफिर कैफ़े’ उठाई, तो वहां भी सुधा, चंदर, पम्मी और विनीत जैसे नाम देखकर मन में एक सहज उत्सुकता जगी. मुझे लगा शायद वही पुरानी कहानी किसी नए कलेवर में मिलेगी, लेकिन यहाँ दुनिया बिल्कुल बदली हुई थी. यह दुनिया आज के समय की है, आज के युवाओं की है और आज के उलझे हुए रिश्तों की है.

मुंबई की तेज रफ्तार जिंदगी में रचे-बसे ये पात्र आधुनिकता का आईना हैं. यहाँ भी प्रेम है, लेकिन उसकी परिभाषा बदल चुकी है. यहाँ साथ तो है, मगर बिना किसी पारंपरिक बंधन के. लिव-इन रिलेशनशिप, करियर को सबसे ऊपर रखना और रिश्तों में एक तरह की ‘कैजुअल’ सहजता—यह इस पीढ़ी की कड़वी और सच्ची हकीकत है.

बदलता दौर और खोता ‘ठहराव’

इन दोनों किताबों की तुलना करते हुए एक बात स्पष्ट महसूस होती है कि प्रेम में अब वह ‘प्रतीक्षा’ और ‘त्याग’ कहीं खो गए हैं. ‘मुसाफिर कैफ़े’ आज की सफलता और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की चाहत को बड़ी ईमानदारी से दिखाती है, लेकिन वह ‘गुनाहों का देवता’ जैसी भावनात्मक गहराई तक नहीं पहुँच पाती. आज रिश्ते जितनी जल्दी बनते हैं, शायद उतनी ही जल्दी टूट भी जाते हैं. जीवन में आगे बढ़ने की होड़ में हमने उस ‘ठहराव’ को खो दिया है जो प्रेम को पूर्ण बनाता था.

‘मुसाफिर कैफ़े’ जहाँ इस युग की व्यवहारिक सच्चाई है, वहीं ‘गुनाहों का देवता’ वह शाश्वत अहसास है जो समय की सीमाओं से परे है.

किताबें: समय और समाज का दस्तावेज

अंततः, मेरा यह अनुभव यही कहता है कि किताबें सिर्फ कहानियाँ नहीं होतीं, वे समय, समाज और हमारी बदलती संवेदनाओं का दस्तावेज होती हैं. चंदर और सुधा की कहानी हर युग में प्रासंगिक रहेगी क्योंकि वह आत्मा के तार छेड़ती है. वहीं आधुनिक दौर की कहानियाँ हमें अपनी बदलती प्राथमिकताओं से रूबरू कराती हैं.

मेरी यह पढ़ने की यात्रा अभी जारी है. किताबों के पन्नों में खुद को तलाशने का यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा. जल्द ही किसी नए उपन्यास और नए अनुभवों के साथ फिर आपसे रूबरू होऊंगा.

Muchkund Rai

Recent Posts

नहीं रहे ‘क्रांतिवीर’ नाना पाटेकर, गोवा में आया अटैक, तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले स्टार का निधन

Nana Patekar Death: दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे. 75 साल…

9 minutes ago

शुक्ल योग से खुलेगा राशियों की बंद किस्मत का ताला…! 3 राशियों को होगा बंपर लाभ, धनु-कुंभ वाले रहें सतर्क

8 अक्टूबर 2026, गुरुवार को आश्विन प्रदोष व्रत पर पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र और शुक्ल योग का…

56 minutes ago

96 रन बनाकर भी पाकिस्तान को नहीं जिता सके हसन नवाज, बोले- ‘आज भी है उसका दर्द’

एशियन गेम्स फाइनल में भारत से मिली 19 रनों की हार पर पाकिस्तानी बल्लेबाज हसन…

9 hours ago

दिवाली पर सजेगा कार बाजार: Hyundai Bayon और Renault Duster Hybrid की धमाकेदार एंट्री, जानें फीचर्स

दिवाली से पहले भारतीय कार बाजार में हुंडई Bayon और रेनॉ Duster Hybrid की एंट्री…

10 hours ago