अयोध्या में 51 जगहों पर बनाई गई पार्किंग
Ayodhya Pran Pratistha: उत्तर प्रदेश सरकार ने 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले अतिथियों के वाहनों की पार्किंग के लिए 51 स्थानों पर व्यापक इंतजाम किये हैं. यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि इन पार्किंग में 22,825 वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा. पार्किंग के लिए किसी को भटकना न पड़े, इसके लिए पार्किंग स्थलों को गूगल मैप पर अपलोड कर दिया गया है. वहीं, पार्किंग स्थलों को वीवीआईपी, वीआईपी और अन्य मेहमानों के लिए भी आरक्षित किया गया है.
अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), यातायात बीडी पॉल्सन ने बताया कि अयोध्या धाम में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आने वाले मेहमानों की गाड़ियों को पार्क करने के लिए 51 स्थानों को चिह्नित किया गया है. इनमें एक समय में एक साथ करीब 22,825 वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि रामपथ पर पांच स्थानों, भक्ति पथ मार्ग पर एक स्थान, धर्म पथ मार्ग पर चार स्थानों, परिक्रमा मार्ग पर पांच स्थानों, बंधा मार्ग पर दो स्थानों, टेढ़ी बाजार रामपथ से महोबरा मार्ग पर एक और टेढ़ी बाजार रामपथ से उनवल मार्ग पर सात स्थानों को पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया.
इसके अलावा अयोध्या से गोंडा मार्ग पर दो, एनएच 27 पर 10 स्थानों, तीर्थ क्षेत्र पुरम में सात स्थानों और कारसेवक पुरम टेंट सिटी के आस-पास तीन स्थानों, रामकथा मंडपम टेंट सिटी पर चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इन पार्किंग को सरकारी, निजी और पर्यटन विभाग की भूमि पर बनाया गया है. इसके अलावा अयोध्या धाम में बनी मल्टीलेवल पार्किंग में भी गाड़ियों को खड़ा किया जाएगा.
अयोध्या के पुलिस क्षेत्राधिकारी (यातायात) राजेश तिवारी ने बताया कि रामपथ और भक्ति पथ स्थित छह पार्किंग स्थानों को अति विशिष्ट मेहमानों के वाहनों के लिए आरक्षित किया गया है. यहां पर वीवीआईपी मेहमानों की 1,225 गाड़ियों को खड़ा किया जाएगा. इसके अलावा धर्म पथ मार्ग और परिक्रमा मार्ग पर नौ पार्किंग स्थानों को वीआईपी के लिए आरक्षित किया गया है. यहां पर वीआईपी की 10 हजार से अधिक गाड़ियों को खड़ा किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि इसके अलावा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आने वाले मेहमानों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गयी है. वहीं, पुलिस बल के लिए एनएच-27 में आठ पार्किंग स्थानों को आरक्षित किया गया है. यहां पुलिस की दो हजार से अधिक गाड़ियों को खड़ा किया जाएगा. साथ ही यहां पर सुरक्षा के लिहाज से काफी पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. इन पार्किंग स्थल की निगरानी ड्रोन से की जाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
Swami Govind Dev Giri wishes Amit Shah birthday: गृह मंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर…
पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक व्यवस्था आज की चुनौतियों का समाधान नहीं कर…
Chandauli Double Murder: चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में दो युवकों के शव बोरे में…
Kashi Sanskriti Sansad Sunil Deodhar Swami Jitendranand: काशी में 3, 4 और 5 नवंबर को…
15th All India Police Archery Championship Ranchi Santosh Gangwar: रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में…
तिब्बत और चीन में 7.0 तीव्रता के भूकंप से कई इलाकों में झटके महसूस किए…