पीएम मोदी ने तकनीक, डेटा, AI और डिजिटल भारत की ताकत पर बात की
PM Modi technology speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आज की दुनिया में असली ताकत सिर्फ तकनीक, डेटा, ज्ञान और नवाचार तक पहुंच रखने में नहीं, बल्कि इनके जरिए दूसरों की जिंदगी बेहतर बनाने में है. मंगलवार को ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम को संबोधित करते हुए उन्होंने ‘पावर टू एम्पावर’ यानी दूसरों को सशक्त बनाने की सोच पर जोर दिया. पीएम मोदी के मुताबिक, आने वाले समय में किसी भी देश की सफलता इस बात से तय होगी कि वह अपनी शक्ति का इस्तेमाल किस तरह करता है और उससे कितने लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में दुनिया तेजी से बदल रही है. तकनीक और डेटा अब शक्ति के नए केंद्र बन गए हैं. लेकिन सवाल यह है कि इनका फायदा सिर्फ कुछ लोगों तक सीमित रहेगा या करोड़ों लोगों के लिए नए अवसर भी पैदा करेगा.
उन्होंने कहा कि अब दुनिया को नियंत्रण और प्रतिस्पर्धा से आगे बढ़कर सहयोग और साझेदारी पर ध्यान देना होगा. खुद सफल होने के साथ दूसरों को सफलता की राह दिखाना भी जरूरी है. यही ‘पावर टू एम्पावर’ की असली भावना है.
भारत का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश की विविधता और खुली बहस की परंपरा लोकतंत्र को मजबूत बनाती है. भारत में 100 से अधिक भाषाएं हैं, करीब 80 हजार पंजीकृत समाचार पत्र और प्रकाशन हैं. इसके अलावा, देश में एक हजार से ज्यादा सैटेलाइट टीवी चैनल और यूट्यूब तथा इंस्टाग्राम के 50 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ता हैं.
प्रधानमंत्री ने बताया कि 2014 के बाद सरकार ने मोबाइल डेटा को सस्ता और आम लोगों की पहुंच में लाने पर ध्यान दिया. इसका असर गांवों तक दिखाई देता है. आज छोटे दुकानदार भी डिजिटल माध्यमों से ग्राहकों तक पहुंच सकते हैं. इंटरनेट ने लोगों को सिर्फ आपस में नहीं जोड़ा, बल्कि उनके लिए कमाई, कारोबार और आगे बढ़ने के नए रास्ते भी खोले हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने के तरीकों को बदल रही है. वहीं, बढ़ती उम्र से जुड़ी चुनौतियां और दुनिया में भरोसे की कमी भी गंभीर मुद्दे हैं. इन समस्याओं का समाधान सहयोग और साझा प्रयासों से तलाशना होगा.
उन्होंने इंटरनेशनल सोलर अलायंस, बिग कैट अलायंस, बायोफ्यूल अलायंस, मिशन लाइफ और आईएमईसी जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत दुनिया को जोड़ने और साझा विकास को बढ़ावा देने में विश्वास रखता है.
ये भी पढ़ें: ‘ताकत का इस्तेमाल दूसरों को सशक्त बनाने में हो’, ब्लूमबर्ग फोरम में पीएम मोदी का बड़ा संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का नजरिया ‘एक सूर्य, एक दुनिया और एक नेटवर्क’ तथा ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ की भावना से जुड़ा है. उन्होंने जीएसटी और दिवालियापन से जुड़े कानूनों में बदलावों का भी उल्लेख किया. पीएम मोदी के अनुसार, सरकार के लिए सुधार कोई मजबूरी नहीं, बल्कि दृढ़ विश्वास है. उनका कहना था कि शक्ति का सही इस्तेमाल तभी है, जब उससे लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिले और विकास का लाभ व्यापक स्तर पर पहुंचे.
-भारत एक्सप्रेस
Blood Sugar 278 What To Do: अगर ब्लड शुगर 278 mg/dL तक पहुंच जाए, तो…
Pakistan Toolkit: दिल्ली में ज्ञानेश कुमार और SIR को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच…
PM Modi: ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में पीएम मोदी ने डिजिटल व्यवस्था, नवीकरणीय ऊर्जा, GST,…
Purvanchal Election Equation: वाराणसी मंडल में 2027 की लड़ाई केवल बीजेपी बनाम सपा नहीं होगी,…
Cricket Rules Change: क्रिकेट के बोल्ड नियम में बड़ा बदलाव किया गया है. MCC ने…
प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक कुली की ट्रेन की चपेट में आने से…