टेनिस के महान खिलाड़ी नोवाक जोकोविच, जिन्होंने मेंस सिंगल्स में सबसे ज्यादा 24 ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं, इन दिनों ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 में हिस्सा ले रहे हैं. लेकिन हाल ही में उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. जोकोविच ने दावा किया कि साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया में उन्हें ‘जहरीला’ खाना दिया गया था.
जोकोविच ने बताया कि जब उन्हें मेलबर्न के एक होटल में डिटेंशन सेंटर में रखा गया था, तब उनकी तबीयत खराब हो गई थी. इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “जब मैं सर्बिया लौटा, तो जांच में पता चला कि मेरे शरीर में हैवी मेटल्स, जैसे लेड और मरकरी की मात्रा बहुत ज्यादा थी.” यह जानकारी उन्होंने पहली बार सार्वजनिक की है.
साल 2022 में नोवाक जोकोविच कोविड प्रोटोकॉल्स की वजह से ऑस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा नहीं ले सके. टूर्नामेंट के आयोजकों ने भाग लेने के लिए कोविड टीकाकरण अनिवार्य किया था. लेकिन जोकोविच ने वैक्सीन नहीं लगवाई थी, क्योंकि उनका मानना था कि यह उनके करियर पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है. बिना टीकाकरण के ही जब वे ऑस्ट्रेलियन ओपन खेलने पहुंचे, तो उन्हें ऑस्ट्रेलियाई बॉर्डर फोर्स ने हिरासत में ले लिया और चार दिन तक डिटेंशन सेंटर में रखा.
जोकोविच के वकीलों ने कोर्ट में उनकी रिहाई के लिए अपील की, और कोर्ट ने उन्हें रिहा करने का आदेश दिया. हालांकि, बाद में खुलासा हुआ कि जोकोविच ने अपने फॉर्म में गलत ट्रैवल हिस्ट्री दर्ज की थी और कोरोना संक्रमित होने की बात छिपाई थी. यही नहीं, संक्रमित होने के बावजूद उन्होंने एक फ्रेंच अखबार को इंटरव्यू भी दिया था. इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण उनकी जमकर आलोचना हुई. इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई इमिग्रेशन विभाग ने उनका वीजा रद्द कर दिया, और उन्हें बिना टूर्नामेंट खेले ही वापस भेज दिया गया.
ये भी पढ़ें- Champions Trophy 2025: इंग्लैंड के बाद साउथ अफ्रीका से आई अफगानिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की अपील
नोवाक जोकोविच की उपलब्धियों की बात करें तो उन्होंने अब तक सबसे ज्यादा 24 मेंस सिंगल्स ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किए हैं. वह ATP वर्ल्ड रैंकिंग में सातवें स्थान पर हैं. उन्होंने पिछले साल पेरिस ओलंपिक्स में गोल्ड मेडल जीता था. इसके साथ ही उन्होंने करियर गोल्डन स्लैम पूरा कर लिया. यह उपलब्धि तब मानी जाती है जब कोई खिलाड़ी चारों ग्रैंडस्लैम और ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतता है. ऐसा करने वाले वे दुनिया के पांचवें खिलाड़ी बन गए. उनसे पहले स्टेफी ग्राफ, आंद्रे अगासी, सेरेना विलियम्स और रफाएल नडाल ने यह कारनामा किया था.
-भारत एक्सप्रेस
Tejashwi Yadav: बिहार में दो निर्दलीय विधान पार्षदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद…
LPG Cylinder Price Hike: तेल कंपनियों ने 1 नवंबर 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल…
रवि पुष्य नक्षत्र और अहोई अष्टमी के संयोग में 1 नवंबर 2026 का दिन ज्योतिषीय…
1 नवंबर 2026 को रवि पुष्य नक्षत्र, सर्वार्थ सिद्धि योग और त्रिपुष्कर योग समेत कई…
Noida Encounter: नोएडा के सेक्टर-126 में पुलिस और CRT की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार…
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी-नई दिल्ली…