कानपुर टेस्ट में टीम इंडिया ने दर्ज की शानदार जीत (फोटो- IANS)
India vs Bangladesh: कानपुर टेस्ट में भारत ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर 2-0 से सीरिज अपने नाम कर लिया है. भारत ने घरेलू सरजमीं पर लगातार 18वीं सीरीज जीती है. मैच के पांचवे दिन बांग्लादेश ने टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 95 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने 3 विकेट खोकर हासिल र लिया. इससे पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने चेन्नई टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ 280 रनों से जीत दर्ज की थी.
भारत ने बांग्लादेश को पांचवें और आखिरी दिन दूसरी पारी में 146 रन पर समेटा और फिर 95 रन के लक्ष्य को तीन विकेट पर 98 रन बनाकर हासिल कर लिया. पहली पारी में अर्धशतक जमाने वाले युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की और 45 गेंदों में 8 चौकों तथा एक सिक्स की मदद से 51 रन बनाए.
विराट कोहली 28 रन बनाकर नाबाद लौटे. कप्तान रोहित शर्मा मात्र 8 रन और शुभमन गिल 6 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौटे. लेकिन जायसवाल और विराट ने तीसरे विकेट के लिए मैच विनिंग साझेदारी की. ऋषभ पंत ने विजयी चौका लगाया और भारत को घर पर लगातार 18वीं टेस्ट सीरीज जीत दिलाई.
बांग्लादेश ने बारिश से प्रभावित पहले दिन तीन विकेट पर 107 रन बनाए थे. लेकिन फिर अगले दो दिन खेल नहीं हो पाया. मैच के चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 233 रन पर समेट दिया. भारत ने इसके बाद बेहद तेज गति के साथ टी20 अंदाज में बल्लेबाजी की और 9 विकेट पर 285 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी. भारत को पहली पारी में 52 रन की बढ़त मिली.
दूसरी पारी में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने 3-3 विकेट झटककर बांग्लादेश को दूसरी पारी में मात्र 47 ओवर में 146 रन पर ढेर कर दिया जिससे भारत को जीत के लिए 62 ओवरों में 95 रन का लक्ष्य मिला.
आखिरी दिन पहले सत्र में ड्रिंक्स तक बांग्लादेश का सिर्फ एक विकेट गिरा था लेकिन दूसरे चरण में भारतीय गेंदबाजों ने सात विकेट चटका दिए. जडेजा और बुमराह की जोड़ी के इतर आकाश दीप ने भी शादमान (50) का महत्वपूर्ण विकेट लिया क्योंकि वह अर्धशतक बना कर खेल रहे थे.
यह एक और रोमांचक सेशन था और भारत ने इसे आसानी से जीत लिया. अश्विन ने शुरुआत में ही स्ट्राइक किया और पहली पारी के शतकवीर मोमिनुल हक (2) को सस्ते में आउट कर दिया. शादमान इस्लाम और कप्तान नजमुल शांतो ने अच्छा प्रतिरोध दिखाया; सावधानी और आक्रामकता का मिश्रण करते हुए और कम समय में 50 प्लस की साझेदारी की. लेकिन जडेजा के खिलाफ बांग्लादेश के कप्तान द्वारा गलत तरीके से रिवर्स स्वीप करने से विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया.
जडेजा के तीन और आकाश दीप के शादमान को आउट करने के बाद वे 91/3 से 94/7 पर पहुंच गए. बुमराह ने वापसी करते हुए कुछ विकेट चटकाए और मेहमान टीम को दूसरी पारी में 146 रन पर समेट दिया.
बुमराह ने 10 ओवर में 17 रन पर तीन विकेट, अश्विन ने 15 ओवर में 50 रन पर तीन विकेट और जडेजा ने 10 ओवर में 34 रन पर तीन विकेट लेकर बांग्लादेश को समेटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. आकाश दीप को आठ ओवर में 20 रन पर एक विकेट मिला.
दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ में भारत सिर्फ़ पहले टेस्ट के पहले दो सत्र में ही थोड़ी परेशानी में दिखा लेकिन इसके बाद बांग्लादेश को भारत ने वापसी ही नहीं करने दी. यह ओवरों के लिहाज़ से भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है. भारत ने सिर्फ़ 52 ओवर खेलकर इस मैच को अपने नाम किया है.
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज.
बांग्लादेश: शादमान इस्लाम, जाकिर हसन, नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), मोमिनुल हक, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन, लिटन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, हसन महमूद, खालिद अहमद.
ये भी पढ़ें- विराट कोहली ने कानपुर टेस्ट में रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर का तोड़ा रिकॉर्ड
-भारत एक्सप्रेस
Anant Singh Bail: दुलारचंद यादव हत्याकांड में मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की जमानत…
Sugarcane Price: हरियाणा के गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी! मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अगले…
West Bengal Textbook Updates: पश्चिम बंगाल के सरकारी स्कूलों के पाठ्यक्रम में बड़े बदलावों की…
Imaan Mazari Jail Sentenced: पाकिस्तान की चर्चित वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ता ईमान मजारी और उनके…
Bhutan Flash Flood: भूटान के पुनाखा में मो छू नदी में आए फ्लैश फ्लड से…
ISRO Satellite Launch: ISRO आज रात 11 बजकर 51 मिनट पर श्रीहरिकोटा से GSLV-F18 रॉकेट…