एमएस धोनी.
IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को कोहनी में फ्रैक्चर हो गया है, जिसके चलते वह पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. इस बीच टीम की कमान एक बार फिर एमएस धोनी को सौंपी गई है.
चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने गुरुवार (10 अप्रैल) को इसकी पुष्टि की. यह एलान कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले घरेलू मुकाबले से ठीक पहले किया गया.
रुतुराज गायकवाड़ को यह चोट 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में लगी थी. वह तुषार देशपांडे की गेंद पर चोटिल हो गए थे. इसके बाद भी उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ दो मैच खेले, लेकिन बाद में स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई.
चेन्नई की टीम ने इस सीजन अब तक 5 में से 4 मैच गंवाए हैं और अंक तालिका में नौवें स्थान पर है. ऐसे में गायकवाड़ का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है. वह बीते चार सीजनों में से तीन बार CSK के टॉप स्कोरर रहे हैं.
अब टीम की जिम्मेदारी फिर से 43 वर्षीय एमएस धोनी के कंधों पर आ गई है. धोनी लंबे समय तक CSK के कप्तान रहे हैं और टीम की सबसे बड़ी पहचान भी वही हैं.
उन्होंने 2022 में कप्तानी रविंद्र जडेजा को सौंपी थी, लेकिन बीच सीजन में फिर से कमान संभालनी पड़ी. इसके बाद 2024 सीजन की शुरुआत में उन्होंने एक बार फिर कप्तानी छोड़ी थी, लेकिन अब मजबूरी में उन्हें दोबारा कमान संभालनी पड़ी है.
एमएस धोनी ने अब तक CSK के लिए 268 में से 235 मैचों में कप्तानी की है. उनकी अगुआई में टीम ने 5 बार आईपीएल खिताब (2010, 2011, 2018, 2021, 2023) और 2 बार चैंपियंस लीग टी20 का खिताब जीता है.
धोनी के नेतृत्व में CSK केवल दो बार ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई है – 2020 और 2022 में. टीम ने उनके नेतृत्व में 10 बार फाइनल खेला, जिनमें से 2010 से 2013 तक लगातार चार साल तक फाइनल में जगह बनाई थी.
ये भी पढ़ें- IPL 2025 में अंपायरिंग पर उठे सवाल, रियान पराग का विवादित विकेट बना चर्चा का केंद्र
-भारत एक्सप्रेस
Gopalganj Hotel Murder Case: बिहार के गोपालगंज स्थित होटल राजीव रीजेंसी में बर्थडे पार्टी के…
MP News: कम बारिश के कारण बढ़ते जल संकट के बीच मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने उज्जैनी…
SIP Investment Plans: ₹25,000 की मासिक SIP या ₹5 लाख का एकमुश्त निवेश? 20 साल…
UNGA की तीसरी समिति में अल्पसंख्यक मुद्दों पर चर्चा के दौरान भारत ने पाकिस्तान को…
Patna News: पटना के बख्तियारपुर में अहले सुबह पुलिस और 20 लाख के सुपारी किलर…
MP News: ग्वालियर के माधवगंज क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रहने वाली नर्सिंग छात्रा…