खेल

रमीज राजा ने बांग्लादेश से पाकिस्तान को मिली करारी हार का भारत से जोड़ा कनेक्शन

पाकिस्तान को रविवार 25 अगस्त को रावलपिंडी में दो मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट में बांग्लादेश के हाथों अपमानजनक हार का सामना करना पड़ा. एक समय पर मैच ड्रॉ की ओर अग्रसर होने के बावजूद, पाकिस्तान अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी में ताश के पत्तों की तरह ढह गया और मेहमान टीम को आसान जीत मिल गई.

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को मात्र 146 रन पर ढेर कर दिया और 10 विकेट शेष रहते 30 रन का मामूली लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत ने बांग्लादेश को पाकिस्तान पर अपनी पहली टेस्ट जीत दिलाई. यह पाकिस्तान की घरेलू मैदान पर 10 विकेट से पहली हार थी.

रमीज राजा ने की आलोचना

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के पूर्व अध्यक्ष रमीज राजा ने रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार के बाद शान मसूद की कप्तानी की आलोचना की है. रावलपिंडी की पिच पर प्लेइंग- 11 से स्पिनरों को बाहर रखने का बांग्लादेश टीम का फैसला हैरान करने वाला था. इस बात को लेकर रमीज राजा ने भी टीम और कप्तान की कड़ी आलोचना की.

पाकिस्तान चार तेज गेंदबाजों और बिना किसी मुख्य स्पिनर के साथ मैदान पर उतरा, जिसका खामियाजा उसे मैच के अंतिम दिन भुगतना पड़ा. बांग्लादेश के स्पिनर मेहदी हसन मिराज और शाकिब अल हसन ने मेजबान टीम को दूसरी पारी में 146 रन पर ढेर कर दिया, जिससे उसे पाकिस्तानी धरती पर इतिहास रचने के लिए मात्र 30 रन का लक्ष्य मिला. मेहमान टीम ने आसानी से इस छोटे लक्ष्य को हासिल किया और 10 विकेट से जीत दर्ज की.

भारतीय टीम से जोड़ा कनेक्शन

रमीज राजा ने कहा कि पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने अपनी चमक खो दी है और उनकी गति भी कम हो गई है, जिससे वो कम घातक हो गए हैं. रमीज राजा ने पाकिस्तान की हार का भारतीय टीम से कनेक्शन जोड़ा, अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा, “सबसे पहले, टीम के चयन में गलती हुई. आप स्पिनर के बिना थे. दूसरा, जिस प्रतिष्ठा के आधार पर हम अपने तेज गेंदबाजों पर निर्भर हैं, वह खत्म हो गई है. यह शर्मनाक है, जो एशिया कप के दौरान शुरू हुआ जब भारत ने सीमिंग परिस्थितियों में हमारे तेज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी थी. इस तरह यह रहस्य दुनिया के सामने आ गया कि इस लाइन-अप का मुकाबला करने का एकमात्र तरीका ‘आक्रमण’ करना है.”

श्रृंखला में हार की आशंका को देखते हुए राजा ने कहा कि मसूद को अपनी बल्लेबाजी में सुधार करने और मध्यक्रम में अपनी नेतृत्व क्षमता दिखाने की जरूरत है. श्रृंखला का दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 30 अगस्त को इसी स्थान पर खेला जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस

Prashant Rai

Recent Posts

मेरठ में मिठाइयों के नाम पर बड़ा खेल! गुप्त तहखाने में चल रही थी नकली चांदी के वर्क की फैक्टरी

Meerut Fake Silver Foil Factory: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव में खाद्य…

4 hours ago

30 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी रामायण; दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी

Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दीपोत्सव के 10वें संस्करण को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी…

4 hours ago