अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस
Who is George Soros: अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस ने भारत और पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर बयान दिया है जिस पर बवाल मचा हुआ है. सोरोस ने अडानी के मुद्दे पर पीएम मोदी पर निशाना साधा और कहा कि गौतम अडानी के व्यापारिक साम्राज्य में उथल-पुथल सरकार पर पीएम मोदी की पकड़ को कमजोर कर सकती है. वहीं भाजपा ने सोरोस के इस बयान को भारतीय लोकतंत्र पर हमले के तौर पर लेते हुए पलटवार किया है. साथ ही कांग्रेस ने भी इसका विरोध किया और कहा कि सोरोस जैसे लोग भारतीय चुनावों के नतीजे तय नहीं कर सकते हैं.
सोरोस ने म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में एक संबोधन के दौरान कहा कि मोदी को अडानी समूह के आरोपों पर विदेशी निवेशकों और संसद के सवालों का जवाब देना होगा. सोरोस ने कहा कि अडानी समूह में उथल-पुथल देश में एक लोकतांत्रिक पुनरुद्धार का द्वार खोल सकती है. अमेरिका की रिसर्च फर्म ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ की रिपोर्ट के बाद से अडानी समूह को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है. इस रिपोर्ट में लेखांकन धोखाधड़ी और शेयरों में धांधली का आरोप लगाया गया है, लेकिन अडानी समूह ने इसे दुर्भावनापूर्ण, आधारहीन और भारत पर सुनियोजित हमला बताते हुए इससे इनकार किया है.
उनके भाषण पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा कि सोरोस न केवल पीएम मोदी, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी निशाना बना रहे हैं. भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि यह युद्ध भारत के खिलाफ शुरू किया जा रहा है और युद्ध और भारत के हितों के बीच मोदी खड़े हैं. उन्होंने कहा, “सभी को एक स्वर में उनकी टिप्पणी की निंदा करनी चाहिए.’’
सोरोस ने दावा किया, “भारत एक दिलचस्प मामला है. यह लोकतांत्रिक देश है, लेकिन इसके नेता नरेंद्र मोदी लोकतांत्रिक नहीं हैं.” उन्होंने कहा कि मोदी खुले और बंद समाज दोनों के साथ घनिष्ठ संबंध रखते हैं. सोरोस ने कहा, “भारत क्वाड का सदस्य है, लेकिन यह भारी छूट पर बहुत सारा रूसी तेल खरीदता है और इस पर बहुत पैसा बचाता है.”
ईरानी ने आरोप लगाया कि सोरोस भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करना चाहते हैं और कुछ चुने हुए लोगों द्वारा यहां की सरकार चलवाना चाहते हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने भारत सहित विभिन्न देशों की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में हस्तक्षेप के लिए एक अरब डॉलर से अधिक का फंड बनाया है. स्मृति ईरानी ने कहा कि जॉर्ज सोरोस जैसे व्यक्ति चाहते हैं कि एक कमजोर देश हो, जिसमें एक कमजोर सरकार हो और जो उनके दिशा-निर्देश अनुसार चले…लेकिन ये एक नया हिंदुस्तान है.
हंगरी-अमेरिकी मूल के अरबपति जॉर्ज सोरोस ओपन सोसाइटी नेटवर्क के अध्यक्ष हैं. सोरोस ने पहले भी पीएम मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने कई मंचों से पीएम मोदी, पूर्व अमेरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को तानाशाही की ओर बढ़ने वाला नेता कह चुके हैं. राजनीतिक बयानबाजी के कारण सुर्खियों में रहने वाले सोरोस ने अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव में जॉर्ज बुश को दोबारा जीतने से रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान को चंदे के तौर पर एक बड़ी रकम दी थी. सोरोस नास्तिक होने का दावा करते हैं और फोर्ब्स के मुताबिक, वह 6.7 बिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं.
-भारत एक्सप्रेस
Tamil Nadu Jail Break news: तमिलनाडु के थेनी जिले में जेल से 17 कैदियों के…
निवेशकों के लिए बड़ी खुशखबरी! जियो प्लेटफॉर्म्स के मेगा आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल…
Gold Silver Rate Today 27 October: 27 अक्टूबर को सर्राफा बाजार में सोने की कीमत…
उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषद की 28 सीटों के चुनाव परिणामों…
Vijay Rashmika Fake Social Media Posts: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की ‘विरोश’ टीम ने…
'बिग बॉस 20' के घर में ड्रामा रुकने का नाम नहीं ले रहा है. वीकेंड…