Ajab Gajab: दोस्ती में भरोसा सबसे बड़ी पूंजी माना जाता है लेकिन जब यही भरोसा धोखे में बदल जाए तो उसका दर्द लंबे समय तक रहता है. चीन के शंघाई से ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक व्यक्ति ने अपने पुराने दोस्तों का विश्वास जीतकर उनसे करीब 83 लाख रुपये की ठगी कर ली. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उसने जिस फ्लैट को अपने दोस्त को बेचा था वह उसका था ही नहीं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी का नाम सन है. वह पहले दो दुकानों का मालिक था लेकिन कारोबार ठप होने के बाद आर्थिक तंगी में आ गया. वह पहले भी धोखाधड़ी के एक मामले में जेल जा चुका था. वर्ष 2017 में जेल से बाहर आने के बाद उसके एक पुराने दोस्त और उसकी पत्नी ने मुश्किल समय में उसका पूरा साथ दिया. सीमित आय होने के बावजूद इस दंपति ने कई बार आर्थिक मदद की, खाना खिलाया और हर तरह से उसका सहयोग किया.
कुछ समय बाद इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए सन ने दंपति से कहा कि वह उन्हें बाजार से कम कीमत पर शंघाई में घर दिला सकता है. उसने दावा किया कि उसके सरकारी स्तर पर अच्छे संपर्क हैं और पुनर्वास योजना के तहत सस्ता फ्लैट दिलवा सकता है.
सन ने साल 2023 से अलग-अलग बहाने बनाकर दंपति से पैसे लेने शुरू किए. कभी उसने घर की बुकिंग का हवाला दिया तो कभी लोन प्रक्रिया का. इस तरह उसने करीब 7 लाख युआन (लगभग 83 लाख रुपये) उनसे ले लिए. दो साल बाद उसने कहा कि फ्लैट मिल गया है, लेकिन अंतिम प्रक्रिया पूरी करने के लिए 4 लाख युआन और देने होंगे. दंपति ने उस पर भरोसा करते हुए यह रकम भी देने की तैयारी कर ली.
असलियत यह थी कि जिस फ्लैट को सन अपना बता रहा था, वह किसी और व्यक्ति का था और कई महीनों से खाली पड़ा था. उसने एक ताला बनाने वाले को बुलाकर यह कहकर फ्लैट का लॉक बदलवा दिया कि उसकी चाबी खो गई है. इसके बाद वह अपने दोस्तों को फ्लैट दिखाने ले गया, नई चाबी सौंपी और फर्जी बिक्री समझौते पर हस्ताक्षर भी करवा दिए. दंपति को लगा कि अब वह घर उनका हो चुका है.
मई 2025 में जब फ्लैट का असली मालिक एक संभावित किरायेदार के साथ वहां पहुंचा तो उसकी चाबी दरवाजा नहीं खोल सकी. जांच करने पर पता चला कि ताला बदला जा चुका है. इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें पूरी साजिश सामने आ गई. पूछताछ के दौरान सन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि दंपति से ठगे गए अधिकांश पैसे वह पुराने कर्ज चुकाने और अपने रोजमर्रा के खर्चों में खर्च कर चुका है.
मामले की सुनवाई के बाद स्थानीय अदालत ने सन को धोखाधड़ी का दोषी करार देते हुए 10 साल 3 महीने की जेल और 1 लाख युआन (करीब 12 लाख रुपये) के जुर्माने की सजा सुनाई. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने संपत्ति खरीदते समय केवल भरोसे के बजाय कानूनी दस्तावेजों की पूरी जांच करने की सलाह दी है, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इटावा में महज 500 रुपये की रंगदारी न देने पर कार सवार दबंगों ने दो…
दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने मुंबई और…
PERM Program Suspension: अमेरिका ने PERM प्रोग्राम से इंफोसिस, TCS, विप्रो, HCL, कॉग्निजेंट, माइक्रोसॉफ्ट और…
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में बीजेपी और आरएसएस…
India Mobile Congress 2026: इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी…
रांची के हरमू स्थित जनरल ए.एस. वैद्य चौक का नाम बदलने को लेकर बीजेपी और…