क्राइम

लखनऊ में खौफनाक वारदात: बॉयफ्रैंड ने गर्लफ्रैंड की मां और भाई पर कुल्हाड़ी से किया हमला, दोनों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन खून से सनी एक दर्दनाक वारदात सामने आई. यहां एक युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड की मां और छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. मां पर 14 वार किए गए. दोनों गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हुए, जहां बेटे की जान तो बच गई, लेकिन मां अभी भी निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है.

राखी से लौटते वक्त रास्ते में घात लगाकर हमला

यह घटना शनिवार को कठवारा गांव के कंदैला पुलिया के पास हुई. 42 वर्षीय अंजू गौतम पत्नी राम लखन, इटौंजा के बगहा गांव की रहने वाली हैं. रक्षाबंधन पर वह बेटे मोहित के साथ मायके कठवारा आई थीं. जहां भाई जितेंद्र को राखी बांधने के बाद वह लौट रही थीं. तभी उनकी बेटी के बॉयफ्रेंड विनीत उर्फ गोलू रावत और उसके साथी जितेंद्र ने रास्ता रोककर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया.

बेटी की आत्महत्या से उपजा था गुस्सा

पुलिस के मुताबिक, विनीत का अंजू की बेटी मोहिनी से प्रेम संबंध था. मोहिनी के परिजनों को इस रिश्ते पर ऐतराज था, जिसके चलते उन्होंने बेटी को डांट-फटकार लगाई थी. करीब डेढ़ महीने पहले मोहिनी ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी. मोहिनी की मौत के लिए विनीत परिवार को जिम्मेदार मानता था. इसी गुस्से में उसने यह हमला किया.

मां को बचाने में बेटा हुआ घायल

हमले के दौरान अंजू को बचाने के लिए बेटा मोहित बीच में आया तो उसे भी गंभीर चोटें आईं. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. दोनों को बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया. रविवार को मोहित को छुट्टी मिल गई, जबकि अंजू की हालत गंभीर होने पर परिवार ने उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया.

ये भी पढ़ें- जाम ने ली जान! 4 घंटे में 70 KM ही रेंग पाई एंबुलेंस, दर्द से तड़पकर महिला की मौत

शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई

अंजू के पति राम लखन के मुताबिक, आरोपी पहले भी बेटी को कॉलेज जाते वक्त परेशान करता था. अलीगंज और इटौंजा थाने में शिकायत दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद आरोपी ने फोन पर धमकी देना भी शुरू कर दिया था. परिवार का दावा है कि पुलिस की लापरवाही और कार्रवाई न होने के कारण ही उनकी बेटी की जान गई और अब यह हमला हुआ.

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

बीकेटी थाना पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है, वहीं मोहिनी की मौत और अब इस हमले ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है.

– भारत एक्सप्रेस

Govind Kumar Singh

गोविंद सिंह बिहार के कैमूर जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज से हासिल की और पटना कॉलेज, पटना से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और ईटीवी भारत, इनशॉर्ट्स और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन जैसे संस्थानों में काम करते हुए समाचार लेखन, कंटेंट एडिटिंग, रिसर्च और न्यूज प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया। फिलहाल वह भारत एक्सप्रेस में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्रकारिता का प्रमुख फोकस विदेश नीति, राष्ट्रीय राजनीति और बिहार से जुड़े मुद्दों पर है।

Recent Posts

30 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी रामायण; दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी

Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दीपोत्सव के 10वें संस्करण को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी…

33 minutes ago

दिवाली के बाद सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, भोपाल से दिल्ली ट्रायल ट्रांसफर की मांग; CBI के हलफनामे पर आरोपी पक्ष ने उठाए सवाल

Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा आत्महत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट दिवाली की छुट्टियों के बाद…

1 hour ago