Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

लखनऊ में खौफनाक वारदात: बॉयफ्रैंड ने गर्लफ्रैंड की मां और भाई पर कुल्हाड़ी से किया हमला, दोनों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

Lucknow: 42 वर्षीय अंजू गौतम पत्नी राम लखन, इटौंजा के बगहा गांव की रहने वाली हैं. उनकी बेटी के बॉयफ्रेंड विनीत उर्फ गोलू रावत और उसके साथी जितेंद्र ने रास्ता रोककर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया.

Lucknow

लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन खून से सनी एक दर्दनाक वारदात सामने आई. यहां एक युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर गर्लफ्रेंड की मां और छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. मां पर 14 वार किए गए. दोनों गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हुए, जहां बेटे की जान तो बच गई, लेकिन मां अभी भी निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है.

राखी से लौटते वक्त रास्ते में घात लगाकर हमला

यह घटना शनिवार को कठवारा गांव के कंदैला पुलिया के पास हुई. 42 वर्षीय अंजू गौतम पत्नी राम लखन, इटौंजा के बगहा गांव की रहने वाली हैं. रक्षाबंधन पर वह बेटे मोहित के साथ मायके कठवारा आई थीं. जहां भाई जितेंद्र को राखी बांधने के बाद वह लौट रही थीं. तभी उनकी बेटी के बॉयफ्रेंड विनीत उर्फ गोलू रावत और उसके साथी जितेंद्र ने रास्ता रोककर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया.

बेटी की आत्महत्या से उपजा था गुस्सा

पुलिस के मुताबिक, विनीत का अंजू की बेटी मोहिनी से प्रेम संबंध था. मोहिनी के परिजनों को इस रिश्ते पर ऐतराज था, जिसके चलते उन्होंने बेटी को डांट-फटकार लगाई थी. करीब डेढ़ महीने पहले मोहिनी ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी. मोहिनी की मौत के लिए विनीत परिवार को जिम्मेदार मानता था. इसी गुस्से में उसने यह हमला किया.

मां को बचाने में बेटा हुआ घायल

हमले के दौरान अंजू को बचाने के लिए बेटा मोहित बीच में आया तो उसे भी गंभीर चोटें आईं. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. दोनों को बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया. रविवार को मोहित को छुट्टी मिल गई, जबकि अंजू की हालत गंभीर होने पर परिवार ने उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया.

ये भी पढ़ें- जाम ने ली जान! 4 घंटे में 70 KM ही रेंग पाई एंबुलेंस, दर्द से तड़पकर महिला की मौत

शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई

अंजू के पति राम लखन के मुताबिक, आरोपी पहले भी बेटी को कॉलेज जाते वक्त परेशान करता था. अलीगंज और इटौंजा थाने में शिकायत दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद आरोपी ने फोन पर धमकी देना भी शुरू कर दिया था. परिवार का दावा है कि पुलिस की लापरवाही और कार्रवाई न होने के कारण ही उनकी बेटी की जान गई और अब यह हमला हुआ.

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

बीकेटी थाना पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है, वहीं मोहिनी की मौत और अब इस हमले ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital