गृह मंत्री अमित शाह.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को धनबाद के झरिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि 23 नवंबर को राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही हम उन बांग्लादेशी घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकालेंगे, जिनका हेमंत सोरेन की सरकार ने रेड कारपेट बिछाकर स्वागत किया है.
उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद की सरकार को भ्रष्टाचारियों का गठबंधन करार दिया. अमित शाह ने लोगों से पूछा, ‘‘आपमें से किसी ने 350 करोड़ रुपये एक साथ देखे हैं? किसी ने 35 करोड़ एक साथ देखा है? किसी ने नहीं देखा. पर कांग्रेस के मंत्री आलमगीर आलम के घर से 35 करोड़ और दूसरे सांसद के घर से 350 करोड़ पकड़ा जाता है. इन नोटों को गिनने वाली मशीनें गर्म हो गई, पर नोट खत्म नहीं हुए.”
उन्होंने आगे कहा कि ये रुपये झरिया और धनबाद के युवाओं के हैं, जो इस गठबंधन के मंत्री-नेता लूट कर ले गए. यहां कमल फूल की सरकार बना दो, करोड़ों रुपये लूटने वालों को उल्टा लटका कर सीधा कर देंगे.
उन्होंने राज्य की गठबंधन सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि इन लोगों ने हजारों करोड़ का मनरेगा घोटाला, जमीन घोटाला, कोयला घोटाला और शराब घोटाला किया. ये घोटाला करने वाली सरकार है. केंद्र की सरकार ने राज्य को साढ़े लाख करोड़ से ज्यादा की राशि दी, लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार इस राशि का उपयोग करने के बजाय लूट-खसोट में व्यस्त रही. राज्य की जनता इस कुशासन से मुक्त होने का संकल्प ले चुकी है.
गृह मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बनेगी, तो हम क्या करेंगे, उसका संकल्प पत्र बनाया है. उन्होंने वादा किया कि हर माता-बहन को सालाना 25 हजार रुपये दिए जाएंगे. गैस सिलेंडर 500 रुपए में उपलब्ध होगा और दीपावली और रक्षाबंधन में दो मुफ्त सिलेंडर दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने वादा करने के बाद भी युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया, लेकिन हम हर युवा साथी को 2 हजार रुपए प्रतिमाह बेकारी भत्ता देंगे. हर साल एक लाख और पांच साल में पांच लाख रोजगार पैदा करने का हमारा वादा है. दो लाख 87 हजार पदों पर पारदर्शी तरीके से भर्ती सुनिश्चित की जाएगी. किसानों का धान 3100 रुपये क्विंटल खरीदा जायेगा. एक रुपये में 50 लाख तक की प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री योजना शुरू होगी. उन्होंने झारखंड में 10 नए मेडिकल कॉलेज खोलने का भी वादा किया.
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी खटाखट खटाखट घोषणाएं करते हैं, पर क्या वे पूरी होंगी? दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी की गारंटी पत्थर की लकीर होती है. उनकी हर गारंटी को हम पूरा करेंगे. हेमंत सरकार के कार्यकाल में यहां के युवाओं को दौड़ में मरना पड़ता है. हमारी सरकार बनी तो लोगों के घर में डाकिया अप्वाइंटमेंट लेटर पहुंचायेगा.
यह भी पढ़ें- कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर सीएम योगी का पलटवार, बोले- मैं योगी हूं, मेरे लिए देश पहले राजनीति बाद में आती है
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए था या नहीं? कांग्रेस ने 75 साल तक राम मंदिर को लटका कर रखा, पर मोदी जी ने पांच वर्षों में राम मंदिर बनवा दिया और उसकी प्राण प्रतिष्ठा भी की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की पार्टी धारा 370 को वापस लानी चाहती है. क्या इसे वापस लाने दोगे? राहुल गांधी तो क्या उनकी चौथी पीढ़ी भी कश्मीर में धारा 370 वापस नहीं ला सकती. कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, उसे भारत से कोई छीन नहीं सकता. आप सभी 20 तारीख को मतदान करेंगे, बटन तो धनबाद में दबाना है, पर इतना जोर से दबाएं कि उसका करंट इटली में लगे. उन्होंने कहा कि झरिया से भाजपा की रागिनी सिंह विधायक बनीं तो वह कोयला तस्करी खत्म कर देंगी.
-भारत एक्सप्रेस
Japan Earthquake 2026: जापान में 5.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से धरती कांप उठी, जिसमें…
Gold-Silver Price Today: वैश्विक बाजार में सोना 24% सस्ता हुआ है, जबकि भारत में यह…
Middle East News: रियाद एयरपोर्ट पर हमले के बाद सऊदी अरब ने यमन में भीषण…
PM Modi: पीएम मोदी छत्तीसगढ़ के बस्तर में वीर जवानों के साथ दिवाली मनाकर उनके…
Railway Jobs 2026: उत्तर रेलवे ने अप्रेंटिस के 4,651 पदों पर भर्ती निकाली है, जिसके…
Donald Trump: अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद ईरान के कट्टरपंथियों…