झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र में डायन बताकर एक परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई और उनके शव जंगल में फेंक दिए गए. पुलिस ने शनिवार को तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मारे गए लोगों की पहचान 60 वर्षीय दुगुलू पूर्ति, उनकी पत्नी 50 वर्षीय सुकू होरो और 23 वर्षीय बेटी दसकिर पूर्ति के रूप में हुई है.
यह वारदात गुरुवार की रात को अंजाम दी गई थी, लेकिन देर से सूचना मिलने के कारण पुलिस शनिवार को यहां पहुंची. बताया गया कि टेबो थाना क्षेत्र की चंपवा पंचायत के सियांकेल गांव में रहने वाले इस परिवार के घर पर गांव के ही कई लोगों ने धावा बोला और धारदार हथियारों से उनकी हत्या कर दी. इसके पहले लगभग निर्वस्त्र कर उनकी लाठियों से पिटाई की गई. हत्या के बाद तीनों शवों के गले में रस्सी बांधकर लोग उन्हें घसीटते हुए चुरिंगकोचा जंगल ले गए.
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, गांव में कुछ दिन पहले पंचायत बैठी थी, जहां दुगुलू पूर्ति एवं उनकी पत्नी सुकू होरो पर डायन और जादू-टोना का आरोप लगाया गया था. पंचायत में उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.
कुछ ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम को पुलिस को जंगल में शव पड़े होने की सूचना दी, लेकिन नक्सल प्रभावित इलाका होने के कारण पुलिस टीम शनिवार को यहां पहुंची. मारे गए दंपति को दो बेटियां बाहर रहती हैं. एक दिल्ली में रहकर काम करती है, जबकि दूसरी बेटी बंदगांव प्रखंड स्थित बिरसा आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई करती है. इन्हें घटना की सूचना दी गई है, लेकिन खौफ ऐसा है कि वे गांव नहीं पहुंची हैं. टेबो थाने के एक पुलिस अफसर ने बताया कि मामले की जांच चल रही है. आरोपियों की पहचान की जा रही है. उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
झारखंड में डायन, जादू-टोना के अंधविश्वास में हर साल 30 से ज्यादा हत्याएं होती हैं. इस साल अब तक 15 से ज्यादा लोगों की हत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. राज्य बनने के बाद 24 सालों में अब तक 1150 से भी ज्यादा डायन हत्या की घटनाएं रिकॉर्ड की गई हैं.
-भारत एक्सप्रेस
CJP protest Delhi: दिल्ली में CJP प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके,…
गृह मंत्री अमित शाह ने भारत रत्न नानाजी देशमुख की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते…
Jharkhand News: कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को एक नाबालिग लड़की से यौन…
PM Modi on Nanaji Deshmukh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न नानाजी देशमुख की जयंती…
Amitabh Bachchan birthday: अमिताभ बच्चन ने 1984 में राजीव गांधी के समर्थन में इलाहाबाद से…
India Pakistan Relations: विश्व बैंक ने पाकिस्तान को 'दक्षिण एशिया' से निकालकर मध्य पूर्व और…