मुजफ्फरपुर में एंबुलेंस से हथियार और मादक पदार्थ बरामद
Muzaffarpur 102 Ambulance Case: मुजफ्फरपुर/एमके: मुजफ्फरपुर में मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली 102 एंबुलेंस में हथियार और मादक पदार्थ मिलने से हड़कंप मच गया. अहियापुर थाना क्षेत्र के SKMCH परिसर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सरकारी एंबुलेंस से देसी कट्टा और करीब 200 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है.
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर SKMCH ओपी की टीम ने त्वरित कार्रवाई की. सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के पास खड़ी 102 एंबुलेंस की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान एंबुलेंस से एक देसी कट्टा और करीब 200 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ.
मामले में एंबुलेंस चालक सरबजीत कुमार, जो तुर्की थाना क्षेत्र का रहने वाला है, और ईएमटी मनोहर कुमार, जो औराई थाना क्षेत्र का रहने वाला है, को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. इस मामले में अहियापुर थाना में कांड संख्या 1308/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है.
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार और गांजा आरोपियों के पास कहां से आया और इसे कहां पहुंचाया जाना था. इसके लिए आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि उक्त एंबुलेंस पहले बोचहां से SKMCH (SKMCH Muzaffarpur) आई थी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एंबुलेंस के बोचहां से आने और बरामदगी के बीच कोई कनेक्शन है या नहीं.
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों आरोपी किसी सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने वाले कैरियर की भूमिका में हो सकते हैं. हालांकि, वे किस गिरोह से जुड़े हैं, किसने उन्हें हथियार और गांजा दिया था और इसे किसे सौंपना था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि मामले में किसी संगठित गिरोह की भूमिका है या नहीं.
ये भी पढ़ें: ‘पानी में जहर या बैक्टीरिया…?’ ऑडिट में फेल हुए 458 रेलवे स्टेशन, CAG की चौंकाने वाली रिपोर्ट
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है. अहियापुर थाना क्षेत्र में फिलहाल उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है. तुर्की, औराई समेत अन्य थानों और पूरे जिले में उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है.
इस घटना के बाद पुलिस ने सरकारी वाहनों की भी रैंडम जांच करने की बात कही है. सिटी एसपी के अनुसार, अब तक वाहन जांच के दौरान मुख्य रूप से निजी वाहनों पर ध्यान दिया जाता था, लेकिन सरकारी वाहनों के आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए उनकी भी रैंडम चेकिंग की जाएगी.
Bollywood Diwali Celebration 2026: दिवाली 2026 पर बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने अपने खास अंदाज में त्योहार…
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिक्किम के शेराथांग युद्ध स्मारक पर भारतीय सेना के जवानों…
पीएम मोदी ने दिवाली के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली के मौके पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनके परिवार…
पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश किया. इस…
दिवाली के मौके पर काशी में मुस्लिम महिलाओं ने भगवान राम और माता सीता की…