Bengal SIR Case: पश्चिम बंगाल में ‘सेटलर इंफॉर्मेशन रिकॉर्ड’ (SIR) प्रक्रिया को लेकर चल रहे विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है. कोर्ट ने टीएमसी की उस याचिका को खारिज कर दिया है जिसमें न्यायिक अधिकारियों को चुनाव आयोग द्वारा दी जा रही ट्रेनिंग पर सवाल उठाए गए थे.
अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यों में ट्रेनिंग की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की ही है.
सुनवाई के दौरान जब टीएमसी की ओर से न्यायिक अधिकारियों के प्रशिक्षण पर आपत्ति जताई गई, तो CJI ने दोटूक शब्दों में कहा, “अगर चुनाव आयोग प्रशिक्षण नहीं देगा, तो फिर कौन देगा?” अदालत ने टीएमसी की दलीलों को ‘व्यर्थ की आशंका’ करार देते हुए कहा कि जज केवल उन्हीं दस्तावेजों को स्वीकार करेंगे जो SIR अधिसूचना और कोर्ट के आदेश के तहत मान्य हैं. जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को अपना काम करने देना चाहिए और प्रक्रिया पर अकारण संदेह नहीं करना चाहिए.
सुप्रीम कोर्ट ने SIR प्रक्रिया के तहत दावों और आपत्तियों के निपटारे के लिए न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति का आदेश दिया है. कोर्ट ने कोलकाता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से विशेष अनुरोध किया है कि वे:
जिला न्यायाधीशों के पद पर कार्यरत अधिकारियों को इस कार्य के लिए आरक्षित रखें.
पूर्व न्यायिक अधिकारियों की सेवाएं भी SIR कर्तव्यों के लिए ली जाएं.
कोर्ट ने इसे एक ‘असाधारण परिस्थिति’ बताते हुए कहा कि उसे यह ‘असाधारण आदेश’ पारित करना पड़ रहा है ताकि प्रशासनिक गतिरोध को खत्म किया जा सके.
अदालत ने प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय करते हुए कहा कि जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुपालन के लिए स्वतः प्रतिनियुक्त माने जाएंगे. राज्य सरकार को निर्देश दिया गया है कि इन अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का तुरंत पालन सुनिश्चित किया जाए.
ये भी पढ़ें- प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार जेएनयू के सभी 14 छात्रों को पटियाला हाउस कोर्ट से मिली जमानत
राज्य सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट को बताया कि समय सीमा 21 फरवरी तक बढ़ाए जाने के बावजूद, 15 फरवरी से ही दस्तावेजों को अपलोड करना बंद कर दिया गया था.
वहीं, चुनाव आयोग की ओर से वरिष्ठ वकील डी.एस. नायडू ने सहयोग की कमी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि जब आयोग ने योग्य अधिकारियों की मांग की, तो राज्य की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली. इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए CJI ने राज्य सरकार से कहा, “क्या एआरओ (ARO) मुहैया कराना राज्य की जिम्मेदारी नहीं है? हमें निराश न करें, यह स्थिति बहुत अजीब है.”
मौजूदा गतिरोध को दूर करने के लिए अदालत ने कल एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाने का आदेश दिया है. कार्यवाही का पूरा तंत्र कोलकाता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के विवेक पर छोड़ दिया गया है. अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की अगली सुनवाई मार्च के पहले सप्ताह में होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
RSS के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने यूजीसी के समानता विनियम-2026 को असंतुलित बताया. संघ…
Prayagraj Film Festival 2026: इंटरनेशनल प्रयागराज फिल्म फेस्टिवल 2026 का भव्य समापन एमएनआईटी ऑडिटोरियम में…
चंडीगढ़ में अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए 1984 सिख…
चौरी-चौरा में 288 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री…
अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) के इनक्यूबेशन सेंटर AIIA-iCAINE ने अपने छठे स्थापना दिवस पर…
महात्मा ज्योतिबा फूले रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने कई बड़े फैसले लिए हैं. अब विश्वविद्यालय की डिग्री…