टीम इंडिया और मुंबई इंडियंस के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की पत्नी संजना गणेशन ने सोशल मीडिया यूजर्स को जमकर फटकार लगाई है. रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा था. इस मैच में संजना अपने बेटे अंगद के साथ बुमराह और मुंबई इंडियन्स को चीयर करने पहुंची थीं. इसी दौरान कैमरे में अंगद की एक झलक कैद हो गई. मात्र कुछ सेकंड के इस वीडियो पर लोगों ने अंगद के हावभाव को लेकर भद्दी टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं. इस पर संजना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर अपनी नाराजगी व्यक्त की.
संजना ने अपनी पोस्ट में लिखा, “हमारा बेटा मनोरंजन का साधन नहीं है. जसप्रीत और मैं पूरी कोशिश करते हैं कि अंगद को सोशल मीडिया से दूर रखें, क्योंकि इंटरनेट एक भयानक और जहरीली जगह बन चुका है. हमें यह भी पता था कि क्रिकेट स्टेडियम में कैमरों के बीच बच्चे को लाना जोखिम भरा हो सकता है, लेकिन हम वहां केवल जसप्रीत को सपोर्ट करने के लिए आए थे, न कि अंगद को सुर्खियों में लाने के लिए.”
उन्होंने आगे लिखा, “हमें अपने बेटे को वायरल करने या किसी नेशनल न्यूज में आने में कोई दिलचस्पी नहीं है. तीन सेकंड के फुटेज से हमारे बच्चे के बारे में राय बनाना और उसके व्यक्तित्व पर टिप्पणी करना बेहद घटिया हरकत है.”
संजना ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि इतने छोटे बच्चे को लेकर लोग ‘डिप्रेशन’ और ‘ट्रॉमा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने लिखा, “यह बहुत दुखद है कि हम एक समाज के रूप में इस तरह के स्तर तक गिर गए हैं. आप हमारे बेटे या हमारे जीवन के बारे में कुछ नहीं जानते, इसलिए कृपया अपनी राय अपने तक रखें. थोड़ी ईमानदारी और थोड़ी दया आज की दुनिया में बहुत मायने रखती है.”
गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह ने इस साल जनवरी में सिडनी में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के अंतिम मैच में पीठ की चोट के कारण मैदान से बाहर होना पड़ा था. इसके बाद उन्होंने इलाज और रिहैबिलिटेशन कराया और इस महीने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले से आईपीएल में वापसी की थी.
ये भी पढ़ें- IPL 2025: कोहली और पांड्या की फिफ्टी से आरसीबी ने दिल्ली को 6 विकेट से हराया
-भारत एक्सप्रेस
Agra News: आगरा में 15 साल बाद जन्मे दो महीने के बच्चे की टीकाकरण के…
स्वाधीनता सेनानी, भारतीय सशस्त्र क्रांति के जनक वासुदेव बलवंत फड़के की जयंती के अवसर पर…
Aaj Ka Rashifal Tula Rashi: तुला राशि वालों के लिए 3 नवंबर का दिन करियर…
Aaj Ka Rashifal Kumbh Rashi: कुंभ राशि के जातकों को आज कारोबार में पूंजी की…
Aaj Ka Rashifal Meen Rashi: मीन राशि के जातकों को आज कारोबार में तकनीकी खराबी…
Aaj Ka Rashifal Mesh Rashi: मेष राशि के जातकों के लिए आज का दिन आर्थिक…