खेल

IPL में विराट कोहली के फॉर्म को देखकर बोले सौरव गांगुली, T20 वर्ल्ड कप में उनसे करवाना चाहिए यह काम

Bengaluru: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि भारतीय टीम प्रबंधन को विराट कोहली की मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शानदार फॉर्म को देखते हुए अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप में उनसे पारी का आगाज करना चाहिए. इस आईपीएल में 12 मैच में 153.51 के शानदार स्ट्राइक रेट से 70.44 के औसत से 634 रन बनाकर कोहली ‘ओरेंज कैप’ पहने हैं और यह स्ट्राइक रेट उनके करियर के 134.31 के स्ट्राइक रेट से काफी अधिक है.

विराट कोहली को लेकर सौरव गांगुली ने कही ये बात

गांगुली ने यहां एक कार्यक्रम से इतर समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए कहा कि, ‘‘विराट बहुत ही शानदार खेल रहा है. बीती रात कोहली ने जो पारी खेली, जिसमें उसने तेजी से 90 रन बना दिये, उसे देखते हुए आपको उसे टी20 विश्व कप में बतौर सलामी बल्लेबाज इस्तेमाल करना चाहिए. उसकी पिछली कुछ आईपीएल पारियां देखें तो ये अद्भुत रही हैं, इसलिये उसे पारी का आगाज करना चाहिए.’’

वर्ल्ड कप में विराट से कराना चाहिए ओपनिंग- गांगुली

उन्होंने कहा कि भारत ने टी20 विश्व कप के लिए संतुलित टीम का चयन किया है, जिसमें 17 साल के अंतराल के बाद ट्राफी जीतने की काबिलियत है. भारत ने दक्षिण अफ्रीका में 2007 में शुरूआती टी20 विश्व कप का खिताब जीता था. गांगुली ने कहा, ‘‘यह बहुत अच्छी टीम है. मुझे लगता है कि उन्होंने सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी है. बल्लेबाजी में गहराई के अलावा गेंदबाजी भी बेहतरीन दिखती है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘बुमराह इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज हैं. हमारे पास कुलदीप, अक्षर और सिराज का अनुभव है. इस बार टीम संयोजन आदर्श है.’’

टी20 अब ताकत का खेल बन गया- सौरव गांगुली

आईपीएल के मौजूदा चरण में 250 रन का स्कोर आसानी से बन रहा है और 51 साल के इस पूर्व कप्तान ने कहा कि भविष्य में भी यही चलन जारी रहेगा. गांगुली ने कहा, ‘‘आने वाले वर्षों में भी यही चलन जारी रहेगा. टी20 अब ताकत का खेल बन गया है और ऐसा होना ही था. मैं संजू सैमसन की प्रतिक्रिया पढ़ रहा था, जिसमें उन्होंने कहा कि आधुनिक टी20 में सुस्ताने की कोई जगह नहीं है. आपको सिर्फ हिट करना होता है और यह ऐसा ही रहेगा.’’

इम्पैक्ट प्लेयर रूल ने जोड़ा नया आयाम

उन्होंने कहा, ‘‘अब हम आईपीएल में नियमित रूप से 240, 250 रन के स्कोर देख रहे हैं. इसका मुख्य कारण बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच भी है और भारत में मैदान भी इतने ज्यादा बड़े नहीं हैं. पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स ने मिलकर 40 ओवर के मैच में 26 छक्के जड़े थे.’’ गांगुली ने कहा, ‘‘खिलाड़ी अब टी20 को इसी तरह खेल रहे हैं. ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम ने भी इसमें एक और आयाम जोड़ दिया है जिसमें प्रत्येक टीम एक और बल्लेबाज को शामिल कर सकती है.’’

गेंदबादों को खुद के कौशल में इजाफा करने की जरूरत

उन्होंने कहा कि गेंदबाजों को टी20 में बल्लेबाजों की आक्रामकता को रोकने के लिए खुद के कौशल में इजाफा करने की जरूरत है और इसके लिए उन्होंने जसप्रीत बुमराह का उदाहरण दिया. बुमराह ने 12 मैच में 6.20 के इकोनोमी रेट से 18 विकेट झटके हैं. गांगुली ने कहा, ‘‘गेंदबाजों के पास अब और अधिक कौशल होना चाहिए, हमारे पास कौशल रखने वाले गेंदबाज हैं. आप बुमराह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव को देखिये. जो खेल के सभी प्रारूपों और आईपीएल में बेहतरीन गेंदबाजी करते हैं.’

ये भी पढ़ें- IPL 2024, PBKS Vs RCB Match Highlights: धर्मशाला में गरजा किंग कोहली का बल्ला, आरसीबी ने पंजाब किंग्स को दी करारी शिकस्त, प्लेऑफ की उम्मीदें अब भी बरकरार

-भारत एक्सप्रेस

Vikash Jha

Recent Posts

आजम खान पर ईडी का बड़ा शिकंजा: जौहर यूनिवर्सिटी की ₹426.46 करोड़ की संपत्ति कुर्क, मार्केट प्राइस ₹1,170 करोड़!

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सपा नेता आजम खान और मौलाना मोहम्मद…

1 hour ago

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 का रीडेवलपमेंट: 60 साल पुरानी इमारत की जगह होगा अत्याधुनिक ‘गेटवे’, सालाना 2 करोड़ यात्रियों की क्षमता

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (CSMIA) ने टर्मिनल 1 (T1) के पुनर्विकास की पहली कलात्मक…

2 hours ago

अंडमान-निकोबार से ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान का आगाज: PM मोदी के संकल्प को साकार करने के लिए LG डॉ. दिनेश शर्मा ने कर्मियों को दिलाई शपथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी उन्मूलन के संकल्प को साकार करने के लिए अंडमान-निकोबार के…

2 hours ago

ANDAMAN NICOBAR: LG डॉ. दिनेश शर्मा की श्री विजयपुरम में विभागीय समीक्षा बैठक, अफसरों को निर्देश- जनहित के कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं!

श्री विजयपुरम स्थित लोक निवास में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने सभी विभागों की उच्चस्तरीय…

3 hours ago

‘जाणता राजा’ के ऐतिहासिक महामंचन का 250 कलाकारों के शानदार अभिनय के साथ भव्य समापन, अंतिम दिन भी गाजियाबाद में उमड़ा जनसैलाब

गाजियाबाद के सनसिटी में दिव्य प्रेम सेवा मिशन द्वारा आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन…

3 hours ago