एशिया कप में Pak से होगी इंडिया की भिड़ंत.
भारत और पकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच मुकाबले का सभी को इंतजार रहता है लेकिन अब दोनों देशों की महिला टीमें एशिया कप 2024 के बहुप्रतीक्षित मुकाबले में शुक्रवार को टूर्नामेंट के पहले दिन ही दांबुला में आमने-सामने होंगी. भारत ने पिछले एक वर्ष में 17 टी20 अंतर्राष्ट्रीय खेले हैं. जिसमें उसे 10 में जीत और पांच में हार मिली है जबकि दो मैच बेनतीजा रहे हैं. भारत ने इस दौरान श्रीलंका को फ़ाइनल में 19 रनों से हराते हुए एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल भी हासिल किया था. इसके बाद भारत को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ लगातार दो घरेलू श्रृंखलाओं में हार का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भारत ने बांग्लादेश को उसके घर में 5-0 से पटखनी दी. हाल ही में हुई दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ तीन टी20 मैचों की श्रृंखला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया.
इस अवधि में पाकिस्तान ने भारत से अधिक टी20 (19) खेले हैं. हालांकि इसमें उन्हें सिर्फ़ सात में ही जीत हासिल हुई है जबकि 12 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है. एशियन गेम्स से पहले पाकिस्तान ने घर पर दक्षिण अफ़्रीका को 3-0 से हराया था. एशियन गेम्स पाकिस्तान के लिए कुछ अधिक ख़ास नहीं रहा. पाकिस्तान सेमीफ़ाइनल तक तो पहुंचा लेकिन वहां उन्हें श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा और इसके बाद कांस्य पदक वाले मैच में उन्हें बांग्लादेश के हाथों हार झेलनी पड़ी. इसके बाद पाकिस्तान को बांग्लादेश में टी20 श्रृंखला हारनी पड़ी और वेस्टइंडीज़ में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा. न्यूज़ीलैंड में पिछले साल उन्होंने 2-1 से श्रृंखला ज़रूर अपने नाम की थी.
अब तक दोनों टीमों के बीच 14 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत को 11 में जीत मिली है. टी 20 वर्ल्ड कप 2016 में दिल्ली में खेले गए मैच में भारत को पाकिस्तान से दो रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था. यह उन तीन मैचों में से एक मैच था जब भारत को पाकिस्तान के हाथों हार झेलनी पड़ी थी. यह इकलौता ऐसा मैच भी था जो इन दोनों टीमों ने एक दूसरे के देश में अब तक खेला है.
स्मृति मंधाना और शेफ़ाली वर्मा के रूप में भारत के पास एक विध्वंसक सलामी जोड़ी है. मंधाना ने टी20 में 28.13 की औसत और 121.83 के स्ट्राइक रेट से 3320 रन बनाए हैं जबकि शेफ़ाली ने 129.48 के स्ट्राइक रेट और 24.27 की औसत से 1748 रन बनाए हैं. भारत पर अगर पाकिस्तान को दबाव बनाना है तो उसे इन दोनों को ही जल्दी पवेलियन भेजना होगा क्योंकि सिर्फ़ एक को सस्ते में आउट करने से विपक्षी टीम की मुश्किलें आसान नहीं होती हैं.
पाकिस्तान के लिए सबसे अहम खिलाड़ी ख़ुद उनकी कप्तान निदा डार साबित हो सकती हैं. हरफ़नमौला डार गेंदबाज़ी के दौरान अधिकांश समय विकेट निकाल पाने में सफल होती हैं और अपनी टीम के लिए प्रायः उपयोगी रन भी बनाती हैं. सिदरा अमीन इस समय क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में बेहतरीन लय में हैं. उन्होंने अपनी पिछली आठ टी 20 पारियों में 205 रन बनाए हैं.
इस टूर्नामेंट में अब तक भारतीय टीम का प्रभुत्व रहा है. उन्होंने आठ में से सात बार इस ट्रॉफ़ी को जीता है और इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम गत विजेता के तौर पर भी प्रवेश करेगी.
ये भी पढ़ें- Yashasvi Jaiswal: टेस्ट और टी20 रैंकिंग में भारत के एकमात्र टॉप-10 बल्लेबाज
2022 के पिछले संस्करण में भारत ने सातवीं बार इस ट्रॉफ़ी को अपने नाम किया था. श्रीलंका को सबसे पहले 41 रनों के अंतर से हराने के बाद भारत ने मलेशिया और यूएई पर आसानी से जीत दर्ज की थी. भारत को सिर्फ़ पाकिस्तान के हाथों ही हार झेलनी पड़ी थी लेकिन छह में से पांच मुक़ाबले जीत कर भारत ने सबसे बेहतर नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई थी. सेमीफ़ाइनल में भारत ने थाईलैंड को 74 रनों से हराया था जबकि फ़ाइनल में भारत ने श्रीलंका को आठ विकेट से पटखनी दी थी.
भारत और श्रीलंका में इस मैच का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा जबकि इसकी लाइव स्ट्रीमिंग डिज़्नी प्लस हॉटस्टार के ऐप और वेबसाइट पर होगी.
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), अरुंधति रेड्डी, सोभना आशा, ऋचा घोष, उमा छेत्री, जेमिमाह रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, रेणुका सिंह, पूजा वस्त्रकर, शेफ़ाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल, संजीवन सजना, दयालन हेमलता
पाकिस्तान : निदा डार (कप्तान), तस्मिया रूबाब, इरम जावेद, ओमाइमा सोहैल, गुल फ़िरोज़ा, डायना बेग, तुबा हसन, नश्रा संधू, नाजिहा अल्वी, फ़ातिमा सना, मुनीबा अली, आलिया रियाज़, सादिया इक़बाल, सिदरा अमीन, सैयदा अरूब शाह
-भारत एक्सप्रेस
200 करोड़ रुपये के सुकेश चंद्रशेखर ठगी मामले में राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेत्री…
अमित शाह के लखनऊ दौरे और प्रदेश कार्यसमिति बैठक के बाद साफ है कि यूपी…
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने DHFL घोटाले के मुख्य आरोपी वधावन बंधुओं पर अतिरिक्त…
PM Modi Bharat Parv 2026 Ekta Nagar: पीएम मोदी ने एकता नगर में 'भारत पर्व…
Amit Shah UP BJP working committee meeting Lucknow 2027: लखनऊ में अमित शाह का चुनावी…
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वकीलों को जबरन अदालत में पेश होने से रोके जाने पर कड़ी…