खेल

Women’s Asia Cup : 19 जुलाई से हो रहा टूर्नामेंट का आगाज, इन भारतीय खिलाड़ियों पर होगा दारोमदार?

महिला एशिया कप 2024 का आगाज 19 जुलाई से होगा. भारत अपना पहला मैच इसी दिन पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा. टी20 फॉर्मेट में इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2012 से हुई थी और तब से लेकर अब तक तीन बार यह खिताब भारतीय टीम के नाम रहा है. 2022 में पिछली बार भारतीय टीम ने यह खिताब जीता था और भारत एक बार फिर से इस ट्रॉफी का प्रबल दावेदार है. ऐसे में हम उन भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं, जिन्होंने पिछले संस्करण में बेहतर प्रदर्शन किया था और पिछले संस्करण से लेकर अब तक टी20 प्रारूप में उनका प्रदर्शन कैसा रहा है.

जेमिमाह रॉड्रिग्स

एशिया कप 2022 में जेमिमाह रॉड्रिग्स सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज थीं. रॉड्रिग्स ने छह पारियों में 54.25 की औसत, 135.62 के स्ट्राइक रेट और दो अर्धशतक के साथ 217 रन बनाए थे. हालांकि रॉड्रिग्स ने एशिया कप के बाद से अब तक खेली कुल 61 पारियों में 23.39 की औसत और 118.14 के स्ट्राइक रेट से 1146 रन बनाए हैं और उनके बल्ले से चार अर्धशतक आए हैं. इस अवधि में टी20 प्रारूप में एशिया कप के लिए चयनित भारतीय दल में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह 5वें स्थान पर हैं. लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रॉड्रिग्स ने ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाकर लय में लौटने के संकेत दिए थे. ऐसे में भारतीय टीम को उनके बल्ले से वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी जैसा उन्होंने पिछले एशिया कप के दौरान किया था.

दीप्ति शर्मा

दीप्ति शर्मा पिछले एशिया कप में संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज थीं. उन्होंने आठ पारियों में 3.33 की इकॉनमी से 13 विकेट चटकाए थे. दीप्ति चयनित एशिया कप दल में इस अवधि के दौरान टी20 प्रारूप में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज भी हैं. उन्होंने 39 पारियों में 6.91 की इकॉनमी और 20.67 की औसत से 67 विकेट चटकाए थे. दीप्ति ने इस अवधि में बल्ले के साथ भी प्रभावी प्रदर्शन किया है. 39 पारियों में 116.54 के स्ट्राइक रेट और 32.48 की औसत से उन्होंने 747 रन बनाए हैं. श्रेयंका पाटिल ने दीप्ति के बाद इस अवधि में सर्वाधिक 59 विकेट लिए हैं जबकि एक अन्य स्पिनर राधा यादव ने 39 बार बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया है.

शेफाली वर्मा

शेफाली वर्मा ने पिछले एशिया कप में रॉड्रिग्स के बाद भारत की ओर से सबसे ज्यादा 167 रन बनाए थे. उन्होंने यह रन 27.66 की औसत और 122.05 के स्ट्राइक रेट से बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल था. पिछले एशिया कप से लेकर अब तक मौजूदा भारतीय दल में शेफाली ही सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज़ भी हैं. उन्होंने इस अवधि में खेली 64 टी 20 पारियों में 140.44 के स्ट्राइक रेट और 27.72 की औसत के साथ 1608 रन बनाए हैं, जिसमें सर्वाधिक 12 अर्धशतक भी शामिल हैं. एशिया कप में भारतीय टीम उनसे इसी लय को बरक़रार रखने की उम्मीद करेगी.

हरमनप्रीत कौर

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर पिछले एशिया कप में अपने बल्ले के साथ कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थीं. पांच मैचों की चार पारियों में उनके बल्ले से 92 रन ही निकल पाए थे, जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 36 रन था. हालांकि पिछले एशिया कप के बाद से अब तक हरमनप्रीत ने बल्ले के साथ टी20 प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया है. मौजूदा एशिया कप दल में उन्होंने किसी भी अन्य भारतीय खिलाड़ी की तुलना में सर्वाधिक टी20 मैच खेले हैं और वह शेफ़ाली के बाद सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज भी हैं. हरमनप्रीत ने 72 मैचों की 63 पारियों में 31.84 की औसत और 119.07 के स्ट्राइक रेट से 1592 रन बनाए हैं, जिसमें नौ अर्धशतक भी शामिल हैं.

स्मृति मंधाना

पिछले एशिया कप में स्मृति मंधाना के बल्ले से पांच पारियों में 130.09 के स्ट्राइक रेट और 33.50 की औसत से 134 रन निकले हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है. मंधाना ने घरेलू सरजमीं पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन किया और वह लय में भी हैं. वहीं टी20 प्रारूप में भी पिछले एशिया कप के बाद से उनके बल्ले से 10 अर्धशतक आए हैं और उन्होंने 28.04 की औसत और 122.37 के स्ट्राइक रेट से 1570 रन बनाए हैं.

रेणुका सिंह और पूजा वस्त्रकर

भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी 20 श्रृंखला के दौरान अरुंधति रेड्डी की सफल वापसी से मजबूती मिली है. इस आक्रमण की बागडोर रेणुका सिंह और पूजा वस्त्रकर के हाथों में होगी. रेणुका ने पिछले एशिया कप फाइनल में महज पांच रन देकर तीन विकेट लेते हुए भारत को ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. वहीं वस्त्रकर ने भी पांच पारियों में चार विकेट चटकाए थे. एशिया कप के बाद से लेकर अब तक टी20 प्रारूप में रेणुका ने 39 और वस्त्रकर ने 42 विकेट लिए हैं. ऐसे में आगामी एशिया कप में भी भारतीय टीम को इन दोनों से काफी उम्मीदें होंगी.

ये भी पढ़ें- 2024 में टी20 क्रिकेट में इन भारतीय कप्तानों ने बिखेड़े हैं जलवे, इनके नाम दर्ज है सर्वाधिक रन

-भारत एक्सप्रेस

Vikash Jha

Recent Posts

भोजपुरी संगीत के महाकुंभ का आगाज! पटना में पवन सिंह से लेकर मनोज तिवारी तक दिखाएंगे जलवा

पटना के बापू सभागार में 26 अक्टूबर को IVY भोजपुरी म्यूजिक अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन…

15 minutes ago

हंसते-खेलते बच्चों को कागजों में मार डाला, राशन कार्ड में गड़बड़ी देख उड़े परिवार के होश

मेरठ में एक पिता को उस वक्त हैरानी हुई जब राशन कार्ड में उनके दो…

16 minutes ago

नीम करौली बाबा का आशीर्वाद, ‘हनुमान अंश’ और भारत एक्सप्रेस का साथ, फिर रचा गया इतिहास

हनुमान अंश की सफलता के पीछे की अनकही कहानी. लंदन से आए सीएमडी उपेंद्र राय…

23 minutes ago

फ्रांस में ‘बिस्मिल्लाह’ वाले पोस्टरों पर क्यों मचा बवाल? छात्रों के प्रदर्शन के पीछे की निकली अलग कहानी

France Protest: फ्रांस में छात्र प्रदर्शन के दौरान 'बिस्मिल्लाह' लिखे पोस्टरों ने विवाद खड़ा कर…

43 minutes ago

दिल्ली में जुटेंगे BRICS देशों के संसदीय नेता, जन-केंद्रित विकास से AI तक के मुद्दों पर होगा मंथन

भारत 26 और 27 अक्टूबर को 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच की मेजबानी करेगा. नई दिल्ली…

54 minutes ago

महाराष्ट्र में अवैध अंडाणु तस्करी का पर्दाफाश; ED की ठाणे, बारामती और नासिक में छापेमारी

महाराष्ट्र में गरीब महिलाओं को लालच देकर अवैध अंडाणु दान कराने वाले रैकेट पर ED…

56 minutes ago