चुनाव

Madhya Pradesh: मतदान कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस में लगी आग, कई EVM को नुकसान पहुंचा, सवारियों ने कूदकर बचाई जान

Lok Sabha Elections 2024: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मतदान अधिकारियों और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को ले जा रही एक बस में आग लग गई, जिससे कुछ ईवीएम को नुकसान पहुंचा है. कलेक्टर ने बताया कि बस में चिंगारी की वजह से आग लगी.

मंगलवार यानी 7 मई को तीसरे चरण का चुनाव था. मतदान के बाद ये बस बैतूल के छह पोलिंग बूथ से कर्मचारियों को लेकर जिला मुख्यालय लौट रही थी कि रास्ते में ही अचानक आग लग गई और बस धूं-धूं कर जलने लगी. बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने फोन पर समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि इस घटना में किसी भी मतदान कर्मचारी और बस के चालक को कोई चोट नहीं आई. उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे जिले के गोला गांव के पास हुई.

खबरों के मुताबिक, बताया जा रहा है कि आग लगते ही ड्राइवर के साथ ही अन्य लोग बस से कूद गए लेकिन ईवीएम और अन्य सामान बाहर नहीं निकाल सके, जिससे कई ईवीएम के जल जाने की सूचना है. इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया. इसके बाद अंदर रखी मतदान सामग्री बाहर निकाली गई और आग पर जल्द ही काबू पा लिया.

ये भी पढ़ें-Lok Sabha Elections 2024: ‘पाकिस्तान तो संभाल नहीं पा रहे हैं और अमेठी…’, पाक नेता के साथ ही राहुल गांधी को भी स्मृति ईरानी ने सुनाई खरी-खरी

चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजा जाएगा

कलेक्टर ने बताया कि आग से चार मतदान केंद्रों की ईवीएम क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनमें बूथ संख्या 275, 276, 277, 278, 279 और 280 शामिल हैं. घटना के समय बस में छह मतदान दल और इतनी ही ईवीएम थीं, जिनमें से चार ईवीएम क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि दो अन्य सुरक्षित हैं. उन्होंने कहा कि चार प्रभावित ईवीएम में से एक कंट्रोल यूनिट या एक बैलेट यूनिट को आग से नुकसान हुआ है.

यह पूछे जाने पर कि क्या यह घटना ईवीएम में दर्ज वोटों की गिनती को प्रभावित करेगी, कलेक्टर ने कहा कि वह इस मुद्दे पर चुनाव आयोग को अपनी रिपोर्ट भेजेंगे और चुनाव आयोग प्रभावित बूथों पर पुनर्मतदान के संबंध में निर्णय लेगा.

घटना के संबंध में पीठासीन अधिकारी मुन्नालाल ने मीडिया को बताया कि छह मतदान टीमों के साथ बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट बस में रखी गई थी. वीवीपैट, मत-पत्र, सील वगैरह भी जल गए हैं. उन्होंने कहा कि पोलिंग टीम की कुछ मशीनें जल गई हैं और कुछ बैग आदि अन्य सामान भी रखा हुआ था, जो कि जल गया है.

तीसरे चरण के तहत हुआ था मतदान

बता दें कि लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 7 मई को 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 93 लोकसभा सीटों पर लगभग 65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. तीसरे चरण में मध्य प्रदेश की मुरैना, भिंड (एससी), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (एसटी) सीट पर वोटिंग हुई थी.

-भारत एक्सप्रेस

Archana Sharma

Recent Posts

मेरठ में मिठाइयों के नाम पर बड़ा खेल! गुप्त तहखाने में चल रही थी नकली चांदी के वर्क की फैक्टरी

Meerut Fake Silver Foil Factory: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव में खाद्य…

3 hours ago

30 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी रामायण; दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी

Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दीपोत्सव के 10वें संस्करण को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी…

3 hours ago