IND vs NZ 2nd Test: न्यूज़ीलैंड के हाथों बेंगलुरु में खेले गए पहले टेस्ट में करारी शिकस्त झेलने के बाद रोहित शर्मा की अगुआई में भारत की नज़र पुणे में गुरूवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में पलटवार करने और सीरीज में बराबरी हासिल करने पर हैं. बेंगलुरु में पहली पारी में 46 रन पर ऑलआउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाज़ों ने दूसरी पारी में शानदार जज़्बा दिखाते हुए वापसी की थी, लेकिन न्यूज़ीलैंड ने आसानी से मुक़ाबला आठ विकेट से अपने नाम कर लिया था.
बेंगलुरु में हुई ग़लतियों से सबक़ लेते हुए भारतीय टीम की नज़र तीन मैचों की सीरीज़ को 1-1 से बराबर करने पर है. विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्लूटीसी) फ़ाइनल में जगह बनाने के लिए भारत के लिए ये मुक़ाबला बेहद अहम है. साथ ही पुणे में मिली हार घर में भारत की लगातार 18 सीरीज़ जीत के सिलसिले को भी तोड़ देगी.
भारत के लिए अच्छी ख़बर ये है कि गर्दन में मोच की वजह से बेंगलुरु टेस्ट में नहीं खेलने वाले शुभमन गिल अब फ़िट हैं और पुणे में उनका खेलना तय लग रहा है. हालांकि टीम मैनेजमेंट के लिए ये माथापच्ची का विषय होगा कि गिल के लिए बाहर किसे जाना होगा, केएल राहुल या फिर सरफ़राज़ ख़ान.
गिल की अनुपस्तिथि में खेल रहे सरफ़राज़ ने पिछले टेस्ट में विपरित परिस्थितियों में शानदार शतक लगाया था लिहाज़ा उन्हें बाहर करना कठिन फ़ैसला होगा. राहुल ने बेंगलुरु टेस्ट की पहली पारी में शून्य जबकि दूसरी पारी में 12 रन ही बनाए थे, ऐसे में संभावना यही है कि गिल के लिए वह बाहर बैठ सकते हैं.
ऋषभ पंत, जिन्हें बेंगलुरु टेस्ट के दौरान चोट लग गई थी और फिर वह बतौर बल्लेबाज़ ही खेल रहे थे. दूसरी पारी में पंत ने बेशक़ीमती 99 रन बनाए थे, लेकिन अच्छी ख़बर ये है कि पंत की चोट अब ठीक है और वह पुणे के अहम मुक़ाबले में भी प्लेइंग-XI का हिस्सा रहेंगे.
जबकि न्यूज़ीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज़ केन विलियमसन जो जांघ में लगी चोट की वजह से बेंगलुरु टेस्ट का हिस्सा नहीं थे, इस टेस्ट में भी वह टीम के साथ नहीं जुड़ पाए हैं.
बेंगलुरु में मिली हार के बाद खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम मैनेजमेंट भी फूंक-फूंक कर क़दम रख रहा है. ईएसपीएन क्रिकइंफो को मिली जानकारी के मुताबिक़ पुणे की पिच काली मिट्टी से तैयार की गई है, जो कम उछाल वाली और स्पिनर्स के लिए मददगार साबित हो सकती है.
यही वजह है कि चयनकर्ताओं ने वॉशिंगटन सुंदर को भी टीम में शामिल कर लिया है. हालांकि वह अंतिम एकादश में जगह बना पाएंगे या नहीं – इसके लिए गुरुवार की सुबह तक इंतज़ार करना होगा.क्रिकइंफो के एक कार्यक्रम ‘मैच-डे हिंदी’ में पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ संजय मांजरेकर ने कहा कि भारत अगर इस मैच में चार स्पिनर्स के साथ उतरे तो हैरानी नहीं होनी चाहिए.
मांजरेकर ने कहा, “वॉशिंगटन का चयन कहीं न कहीं इस बात का इशारा कर रहा है कि भारत चार स्पिनर्स के साथ जा सकता है. साथ ही वॉशिंगटन एक बल्लेबाज़ी का भी विकल्प देते हैं और पहले भी भारत सिर्फ़ एक तेज़ गेंदबाज़ के साथ गया है. जब आपके पास जसप्रीत बुमराह जैसा तेज़ गेंदबाज़ हो जो अकेले ही दो पेसर के बराबर हैं तो मुझे हैरानी नहीं होगी अगर भारत चार स्पिनर्स के साथ पुणे में उतरता है.”
न्यूज़ीलैंड के एकादश में टॉप-4 में तीन बाएं हाथ के बल्लेबाज़ हैं जिसमें बेंगलुरु टेस्ट के प्लेयर ऑफ़ द मैच रचिन रविंद्र भी शामिल हैं. उनके अलावा अनुभवी डेवोन कॉन्वे और टॉम लैथम भी हैं, लिहाज़ा ऑफ़ स्पिनर वॉशिंगटन के साथ जाना स्मार्ट रणनीति हो सकती है.
अगर पिच में स्पिन के लिए काफ़ी मदद रही और मौसम साफ़ रहा, जिसकी संभावना इस टेस्ट में जताई जा रही है तो ऐसे में न्यूज़ीलैंड की भी नज़र बाहर बैठे मिचेल सैंटनर पर होगी. हालांकि सैंटनर के ना खेलने के बावजूद उनके पास एजाज़ पटेल, रचिन और ग्लेन फ़िलिप्स के तौर पर तीन स्पिन विकल्प मौजूद हैं. बेंगलुरु में मैट हेनरी और विलियम ओरुर्क ने कमाल की गेंदबाज़ी की थी लिहाज़ा इन दोनों का खेलना तय है, अगर सैंटनर की तरफ़ जाने का मन कप्तान लैथम बनाते हैं तो उसके लिए टिम साउदी को बाहर रखा जा सकता है.
ये भी पढ़ें- ICC Test Rankings: Virat Kohli को पछाड़ आगे बढ़े Rishabh Pant, टॉप-20 में शामिल हुए रचिन रवींद्र
रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सरफ़राज़ ख़ान, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह.
टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, विल यंग, रचिन रविंद्र, डैरिल मिचेल, टॉम ब्लंडल (विकेटकीपर), ग्लेन फ़िलिप्स, मिचेल सैंटनर/टिम साउदी, मैट हेनरी, एजाज़ पटेल, विलियम ओरूर्क.
-भारत एक्सप्रेस
Surat Viral Video: सूरत के एक कपड़ा व्यापारी ने दीवाली पर अपने 20 कर्मचारियों को…
Arjun Rajput Century: अर्जुन राजपूत ने अकेले दम संघर्ष किया और बेहतरीन शतक लगाया. अर्जुन…
CM Samrat Choudhary: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली के अवसर पर 1 दिसंबर…
Priyanka Chopra Diwali Celebration: प्रियंका ने अपने लॉस एंजिल्स वाले घर पर आयोजित दीवाली पार्टी…
Om Prakash Rajbhar: ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से कहा…
PM Modi Diwali Locations: पीएम मोदी की 2014 से 2026 तक की दीवाली यात्रा की…