फोटो-सोशल मीडिया
Khalistani Hardeep Singh Nijjar Murder Case: खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर हत्याकांड के मामले में कनाडा पुलिस ने तीन भारतीयों को गिरफ्तार करने के बाद उनकी तस्वीरें भी जारी कर दी है. फिलहाल इन तीनों के खिलाफ शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. इन तीनों का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी कनेक्शन निकला है तो वहीं ये भी जानकारी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के पिता पंजाब के उस किसान संगठन से भी जुड़े हुए थे जिनके नेताओं पर 26 जनवरी, 2021 को नई दिल्ली के लाल किले में हिंसा करने के आरोप में केस दर्ज किया गया था.
वहीं इस पूरे मामले को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर का बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मुद्दे पर कनाडा में जो कुछ भी हो रहा है वह ज्यादातर वहां की आंतरिक राजनीति के कारण है और इसका भारत से कोई लेना-देना नहीं है. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भारत की आलोचना क्यों कर रहे हैं के सवाल पर मीडिया से बात करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि ‘‘विकसित भारत’’ बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सुधार के वास्ते देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरह मजबूत और सक्रिय नेता की जरूरत है. वह आगे बोले कि ‘‘वैश्विक स्तर पर भारत की छवि अब पहले की तुलना में बहुत बेहतर है. कनाडा एक अपवाद है. आपने देखा है कि विभिन्न देशों के नेतृत्व, भारत और उसके प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हैं.’’ विदेश मंत्री ने आगे कहा कि खालिस्तान समर्थकों का एक वर्ग कनाडा के लोकतंत्र का इस्तेमाल कर रहा है, लॉबी बना रहा है और एक वोट बैंक बन गया है. कनाडा में सत्तारूढ़ दल के पास संसद में बहुमत नहीं है और कुछ दल खालिस्तान समर्थक नेताओं के भरोसे हैं.
विदेश मंत्री ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, ‘‘हमने उनसे कई बार कहा कि वे ऐसे लोगों को वीजा, मान्यता या राजनीतिक क्षेत्र में जगह नहीं दें जो उनके (कनाडा के) लिए, हमारे लिए और हमारे संबंधों में समस्या पैदा कर रहे हैं, लेकिन कनाडा सरकार ने कुछ नहीं किया.’’ विदेश मंत्री ने कहा कि भारत ने 25 लोगों के प्रत्यर्पण की मांग की जिनमें से अधिकांश खालिस्तान समर्थक हैं लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया.
दि ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार कनाडा में गिरफ्तार तीनों आरोपी पंजाब के हैं. करणप्रीत सिंह पंजाब के बटाला के पास घनी के बागर गांव का रहने वाला है. रिपोर्ट में बताया गया है कि पंजाब पुलिस के सूत्रों ने जानकारी दी है कि उसके पिता सुखदेव सिंह एक गांव के गुरुद्वारे में ग्रंथी होने के साथ ही किसान सरवन सिंह पंढेर के ग्रुप के सदस्य भी हैं. हालांकि इस मामले में सरवन सिंह पढेर का बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि घनी के बागर गांव में हमारी कोई किसान समिति नहीं है. गौरतलब है कि करन बराड़ (22), कमलप्रीत सिंह (22) और करणप्रीत सिंह (28) को कनाडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. तीनों पंजाब के हैं.
करणप्रीत सिंह को लेकर जानकारी सामने आई है कि तीन साल पहले कनाडा जाने से पहले करणप्रीत और उसके पिता सुखदेव दुबई से भारत लौटे थे. ये दोनों दुबई में ट्रक चलाते थे. कनाडा पुलिस ने दावा किया है कि वे कथित तौर पर एक हिट स्क्वाड के सदस्य थे. तो वहीं गिरफ्तार तीनों के बारे में पंजाब पुलिस शनिवार सुबह से ही जानकारी एकत्र कर रही है.
वहीं एक अन्य आरोपी करन बराड़ कोटकपूरा का रहने वाला है. उसके परिवार के बारे में जानकारी सामने आई है कि उसके पिता मनदीप सिंह बराड़ की निधन करीब दो हफ्ते पहले हो गया है. उनके ऊपर धोखाधड़ी और जालसाजी का केस चल रहा था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि करण की मां रमन बराड़ सिंगापुर में रहती हैं लेकिन इन दिनों अपने पति के अंतिम अरदास आदि के लिए वह पंजाब में है. तो वहीं पुलिस फिलहाल आरोपी कमलप्रीत सिंह के बारे में जानकारी इकठ्ठा कर रही है.
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार कनाडा में गिरफ्तार तीनों आरोपियों का लिंक मशहूर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से निकला है. एजेंसी के मुताबिक, इन सभी को साल 2021 में अस्थाई वीजा लेकर कनाडा ले जाया गया था. गौरतलब है कि 18, जून 2023 के दिन शाम को उस समय निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह गुरुद्वारे से बाहर निकल रहा था. इस घटना के बाद कनाडा के पीएम ट्रूडो ने भारत पर निज्जर की हत्या का आरोप लगाया था. हालांकि भारत ने इस आरोप का खंडन कर दिया था.
-भारत एक्सप्रेस
ACS Sanjay Dubey On MP Urban Body Scam: वायरल वीडियो पर नगरीय प्रशासन विभाग के…
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के सनसिटी में ‘जाणता राजा’ के महामंचन को देखने हजारों लोग…
BSF Seized Pakistani Fishermen Boat: गुजरात के कच्छ में सर क्रीक इलाके से BSF ने…
अदाणी एयरपोर्ट्स और एयर इंडिया ग्रुप ने बड़ा फैसला लिया है. दिसंबर 2026 से नवी…
हरिद्वार में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज की सावन के बाद अब नवरात्र के…
अदाणी एयरपोर्ट्स और इंडिगो ने बड़ा ऐलान किया है. फरवरी 2027 से नवी मुंबई एयरपोर्ट…