Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

MP News: यहां कोई राजा नहीं, सब जनता के सेवक हैं, कमाने वाला खायेगा और लूटने वाला जायेगा, बोले- शिवराज

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश में आगामी समय में सवा लाख सरकारी नौकरियों पर भर्ती होगी. हर माह ढाई लाख नौजवानों को स्व-रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है.

MP News

योजना के लाभार्थियों के साथ भोजन करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

Edited by Nitish Pandey

MP News: मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में अब कोई भी व्यक्ति घास-फूस के या फिर कच्चे मकान में नहीं रहेगा. सरकार सभी गरीब आवासहीन व्यक्तियों को आवासीय भूमि के पट्टे दिलवायेगी. प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री जन-आवास योजना में उन पर पक्के मकान बनवाये जायेंगे. प्रदेश में टीकमगढ़ से आज नई सामाजिक क्रांति की शुरूआत हुई है. ये केवल पट्टे नहीं, बल्कि गरीबों का सम्मान, उनकी इज्जत है. अब उनसे कोई यह नहीं कह सकेगा कि इस जगह से हटो. उन्हें अचल सम्पत्ति मिल रही है.

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आज टीकमगढ़ से मुख्यमंत्री आवासीय भू-खण्ड योजना की विधिवत शुरूआत चयनित हितग्राहियों को आवासीय भू-खण्ड वितरित कर की. वे प्रारंभ में चयनित हितग्राहियों को आवंटित भू-खण्डों पर पहुंचे और वहीं उन्हें स्वीकृति-पत्र वितरित किये. उन्होंने हितग्राहियों से बातचीत की और उनके साथ जमीन पर बैठ कर भोजन भी किया.

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने वहां अधिकारियों को निर्देश दिये कि आवंटित भू-खण्डों के आसपास सभी बुनियादी सुविधाएं सड़क, बिजली, पानी, सीवेज लाइन उपलब्ध हों. मुख्यमंत्री ने भगवान दास, भजनलाल,  बालचन्द्र, जसरथ, तीजाबाई, देवेन्द्र, राजकुमार, जगदीश, राकेश, रामप्रसाद, बबलू, राजन आदि के भू-खण्ड पर पहुंच कर उन्हें पट्टे दिये. इस कार्यक्रम में जिले के कुल 10 हजार 918 हितग्राहियों को 129 करोड़ 37 लाख रूपये के भू-खण्ड वितरित किये गये. साथ ही उन्होंने 255 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया.

यहां कोई राजा नहीं है- सीएम शिवराज सिंह

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने वहां आयोजित समारोह में कहा कि यहां कोई राजा नहीं है. मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, कमिश्नर, कलेक्टर सब जनता के सेवक हैं. हमारा काम है कि जनता को अपने कार्यों और शासकीय योजनाओं के लाभ के लिये इधर-उधर भटकना न पड़े. हम सब जनता के पास जाकर सेवाएं दें. प्रदेश में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में हर गांव, हर वार्ड में शिविर लगा कर जनता के कार्य किये गये. उन्होंने टीकमगढ़ जिले में प्राप्त एक लाख 52 हजार आवेदनों में से एक लाख 44 हजार आवेदनों के निराकरण के लिये जिला प्रशासन को बधाई दी. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आगामी 6 अप्रैल से फिर शिविर लगाये जायेंगे और शेष हितग्राहियों को लाभ दिया जायेगा.

सीएम शिवराज चौहान ने कहा कि आज गरीबों के लिये आनंद, उत्सव और प्रसन्नता का दिन है. मैं जब 14 सितम्बर, 2021 को टीकमगढ़ जिले के मोहनगढ़ आया था और वहां के हथेरी गांव से गुजर रहा था. वहां के निवासी अखिलेश, हरिराम, कल्लन, सोनू आदि ने मुझसे कहा कि मामा हमारे पास रहने के लिये मकान नहीं है. उसी दिन से मेरे मन में यह विचार उठ रहा था कि किस प्रकार प्रदेश में हर गरीब के लिये पक्के मकान की व्यवस्था की जाये.

उन्होंने कहा कि मैंने संकल्प लिया कि हर गरीब को मकान बनाने के लिये जमीन देंगे. यदि सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं हुई तो जमीन खरीद कर देंगे. आज वह संकल्प पूरा हो गया है. टीकमगढ़ जिले से ही इस योजना की शुरूआत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आवास के साथ ही हर गरीब को आयुष्मान योजना में लाभ दिया जा रहा है. अच्छी शिक्षा के लिये हर 20-25 गांव में एक सीएम राइज स्कूल खोला जा रहा है. गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है. अब उच्च शिक्षा की फीस भी मामा भरवा रहा है. अब बुजुर्गों को हवाई जहाज द्वारा भी तीर्थ-यात्रा करवाई जायेगी.

सवा लाख सरकारी नौकरियों पर भर्ती होगी- सीएम

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश में आगामी समय में सवा लाख सरकारी नौकरियों पर भर्ती होगी. हर माह ढाई लाख नौजवानों को स्व-रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि कमाने वाला खायेगा-लूटने वाला जायेगा-नया जमाना आयेगा.

ये भी पढ़ें: MP News: CM शिवराज सिंह चौहान ने की PM मोदी से मुलाकात, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के वर्चुअल उद्घाटन का किया अनुरोध

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिले के लिये स्वीकृत 255 करोड़ की सिंचाई योजना का कार्य उच्च गुणवत्ता का किये जाने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि योजना से 214 गांव को पीने का पानी मिलेगा. मुख्यमंत्री ने बड़ागांव धसान में एसडीएम कोर्ट चालू किये जाने, जिले के शिवपुरी का नाम कुंडेश्वर धाम किये जाने, अचर्रा का नाम आचार्य धाम किये जाने और बगाज मंदिर कुंडेश्वर धाम के प्रांगण का विकास किये जाने की घोषणा की.

इस दौरान चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने स्वागत भाषण दिया. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कन्या-पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Latest