Bharat Express DD Free Dish

UP: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने गौतमबुद्ध नगर के जिला संयुक्त चिकित्सालय में की DNB कोर्स की शुरुआत, मरीजों के लिए कराईं जरूरी व्यवस्था

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक नोएडा आए. यहां उन्होंने बाल चिकित्सालय एवं स्नातकोत्तर शिक्षण संस्थान का निरीक्षण किया. उन्होंने “मज्जा प्रत्यारोपण एवं कोशिका चिकित्सा केंद्र” का उद्घाटन भी किया.

UP Deputy CM Brijesh Pathak inaugurated Bone Marrow Transplantation and Cell Therapy Center

यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारी सरकार मरीजों के उत्तम उपचार के लिए प्रतिबद्ध है. हमें मरीजों के उपचार में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए. उन्होंने डॉक्टरों के लिए कहा कि यह सुनिश्चित करें कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज का उपचार हो सके. उसे पर्याप्त दवाएं भी उपलब्ध कराएं.

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बुधवार को गौतमबुद्ध नगर के जिला संयुक्त चिकित्सालय में डीएनबी प्रोग्राम का शुभारंभ करने पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में बहुत बदलाव आया है. पिछली सरकारों में न डॉक्टर समय पर आते थे और न ही पैरा मेडिकल स्टाफ. सरकारी अस्पतालों की हालत बहुत खराब थी. गंदगी के अंबार लगे रहते थे. अब हालात पहले जैसे नहीं है.

डिप्टी सीएम ने अस्पताल परिसर में डीएनबी कार्यक्रम की शुरुआत की. उन्होंने जानकारी दी कि पूर्व में सिर्फ यहां मेडिकल कॉलेज में ही इस पाठ्यक्रम की सुविधा थी और जिला चिकित्सालय में भी यह कार्यक्रम शुरु हो गया है. इस पाठ्यक्रम को पूरा करने के उपरांत विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा का लाभ मरीजों को मिल सकेगा.

डिजिटल भारत मिशन (आभा आईडी) में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है और यूपी में जिला चिकित्सालय, गौतमबुद्ध नगर का अव्वल नंबर है. मोतियाबंद के ऑपरेशन में भी यह अस्पताल प्रदेश में पहले नंबर पर है. एआरवी वैक्सीन, रक्त जांच, ब्लक बैंक, एक्स रे, सीटी स्कैन और डायलिसिस की मरीजों के लिए 24 घंटे और सातों दिन की सुविधा है.

बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन, सेल थेरेपी सेंटर 

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने नोएडा में बाल चिकित्सालय एवं स्नातकोत्तर शिक्षण संस्थान का भी निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि संस्थान में बाल मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. उन्होंने चिकित्सकों एवं उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर संस्थान के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. डिप्टी सीएम ने पीजीआईसीएच एवं डॉक्टर्स फॉर यू द्वारा विकसित “मज्जा प्रत्यारोपण एवं कोशिका चिकित्सा केंद्र” (Bone Marrow Transplantation and Cell Therapy Center) का उद्घाटन भी किया.

इस अवसर पर गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा के महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, केजीएमयू, लखनऊ की कुलपति प्रोफेसर डॉ. सोनिया नित्यानंद, निदेशक, पीजीआईसीएच प्रोफेसर डॉ. एके सिंह, पीजीआईसीएच के एमएस डॉ. आकाश राज, ब्रिगेडियर डॉ. राजेश गुप्ता, पीजीआईसीएच के डीन डॉ. डीके सिंह, डॉ. रजत जैन एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read